इलिनोइस के आफ्टर स्कूल कैंप में कार घुसने से चार की मौत
सेंट्रल इलिनोइस के चैथम शहर में एक आफ्टर-स्कूल कैंप की इमारत में एक कार घुसने से तीन बच्चों और एक किशोर की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि कार ड्राइवर शराब या अन्य नसे में नहीं था। उसे शायद मेडिकल इमरजेंसी थी। इलिनोइस के पुलिस निदेशक ब्रेंडन एफ. केली ने बताया कि 44 साल के ड्राइवर के खिलाफ कोई आरोप तय नहीं किए गए हैं। पुलिस जांच कर रही है कि क्या उसे सच में मेडिकल इमरजेंसी हुई थी, लेकिन अभी तक इस बात के पक्के सबूत नहीं मिले हैं। बता दें कि सोमवार को कार सड़क से उतर गई और एक खेत को पार करते हुए चैथम में इमारत के किनारे जा टकराई, जिसका इस्तेमाल यूथ नीडिंग अदर थिंग्स आउटडोर द्वारा किया जाता है, जिसे YNOT के नाम से भी जाना जाता है।
घर में नजरबंद रहेंगे ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति कोलर, जज ने दी अनुमति
ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश एलेक्जेंडर डी मोरेस ने बृहस्पतिवार को पूर्व राष्ट्रपति फर्नांडो कोलर को खराब स्वास्थ्य कारणों चलते जेल के बजाय घर में नजरबंद रहने की अनुमति दे दी। कोलर को भ्रष्टाचार के एक मामले में पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया गया था। उन्हें आठ साल 10 महीने जेल में रहने की सजा सुनाई गई थी। कोलर के वकीलों ने अदालत को बताया कि वह पार्किंसंस रोग, गंभीर नींद की बीमारी (स्लीप एपनिया) और द्विध्रुवी विकार जैसी बीमारियों से जूझ रहे हैं। इसके बाद, जज ने उन्हें घर में नजरबंद रहकर सजा काटने की अनुमति दे दी।
डोमिनिकन कोर्ट ने पुलिस कार्रवाई-कानूनी मामलों में उपनामों के इस्तेमाल पर रोक लगाई
डोमिनिकन गणराज्य के सांविधानिक न्यायालय ने कैरेबियाई देश में पुलिस कार्रवाई या अदालती मामलों में सार्वजनिक रूप से उपनाम देने पर रोक लगा दी है। पहले ऐसा करना आम बात थी। हाल ही में, डोमिनिकन अधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से ऐसे मामलों का वर्णन करने के लिए लार्वा, मेडुसा, बाज, गिरगिट और एंटी-ऑक्टोपस जैसे उपनामों का इस्तेमाल किया था। लार्वा और बाज उपनाम नशीली दवाओं से जुड़ी तस्करी में इस्तेमाल किया गया। जबकि, गिरगिट धोखाधड़ी, गबन और पहचान की चोरी सहित अन्य आरोपों में इस्तेमाल किया गया था। मेडुसा नामक अभियान सरकारी भ्रष्टाचार के आरोप में इस्तेमाल किया गया, जिसमें देश के पूर्व अटॉर्नी जनरल जीन एलेन रोड्रिगेज भी शामिल थे।
संयुक्त राष्ट्र की शीर्ष अदालत का वेनेजुएला को आदेश, गुयाना के संसाधन समृद्ध इलाके में चुनाव की योजना रोके
संयुक्त राष्ट्र की शीर्ष अदालत ने बृहस्पतिवार को वेनेजुएला को उन अधिकारियों के लिए चुनाव कराने से रोकने का आदेश दिया है, जो कथित तौर पर पड़ोसी गुयाना के संसाधन समृद्ध इलाके की देखरेख करेंगे, जिस पर दोनों देश अपना दावा करते हैं। यह फैसला नीदरलैंड में स्थित अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने गुयाना की अपील पर सुनाया। गुयाना आरोप लगाया था कि वेनेजुएला 25 मई को एस्सेकिबो क्षेत्र को प्रशासित करने के लिए एक गवर्नर और अन्य अधिकारियों के लिए चुनाव कराने की योजना बना रहा है, जो अदालत के पहले के फैसले का उल्लंघन है। वहीं, संयुक्त राष्ट्र की शीर्ष अदालत के फैसले का गुयाना के राष्ट्रपति इरफान अली ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि एक बार फिर गुयाना की बात सही साबित हुई। हालांकि, वेनेजुएला की तरफ से इस पर कोई जवाब नहीं आया।
अमेरिका के एक संघीय जज ने गुरुवार को ट्रंप प्रशासन के एक फैसले को अस्थायी तौर पर रोक दिया है। दरअसल ट्रंप प्रशासन ने अमेरिका में लाइब्रेरी को बढ़ावा देने और फंड देने वाली एजेंसी को बंद करने का फैसला किया। इसके खिलाफ अदालत में अपील की गई, जहां अदालत ने ट्रंप प्रशासन के इस फैसले पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी है। यूएस डिस्ट्रिक्ट जज रिचर्ड लियोन ने माना कि इंस्टीट्यूट ऑफ म्यूजियम एंड लाइब्रेरी सर्विसेज को बचाने की जरूरत है और ट्रंप प्रशासन के पास इस बंद करने का अधिकार नहीं है। ट्रंप का कहना है कि इस एजेंसी की कोई जरुरत नहीं है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए, जिसका उद्देश्य ब्रॉडकास्टर्स पीबीएस और एनपीआर की सार्वजनिक सब्सिडी में कटौती करना है। ट्रंप प्रशासन का आरोप है कि पीबीएस और एनपीआर अपने प्रसारण में पक्षपाती रहे हैं। ट्रंप प्रशासन का यह कदम उन संस्थानों को नियंत्रित करने की दिशा में उठाया गया कदम है, जिनके कामों से ट्रंप प्रशासन असहमत है। इससे पहले ट्रंप पीबीएस और एनपीआर में कर्मचारियों की छंटनी कर चुके हैं और कई कर्मचारियों को प्रशासनिक अवकाश पर भेज दिया गया है।