म्यांमार में सुबह-सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 4.2 मापी गई। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि लोग दहशत में आए गए और अपने घरों से बाहर आ गए। सड़कों पर लोगों के बीच अफरातफरी देखी गई। नेशनल सेंटर ऑफ सीस्मोलॉजी की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार सुबह 5.53 बजे आए भूकंप का केंद्र 10 किमी की उथली गहराई पर था।
ओली और प्रचंड की सुरक्षा घटी
गृह मंत्रालय ने पूर्व प्रधानमंत्री और नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एमाले) के अध्यक्ष केपी शर्मा ओली और माओवादी अध्यक्ष पुष्पकमल दहल प्रचंड की सुरक्षा टीम में कटौती की है। गृह मंत्रालय के एक उच्च स्रोत के अनुसार, ओली की सुरक्षा में तय संख्या से अधिक तैनात 28 सुरक्षाकर्मियों को बृहस्पतिवार को वापस बुला लिया गया। इसी तरह प्रचंड की सुरक्षा में तैनात 34 सुरक्षाकर्मियों को भी वापस बुलाया गया है। प्रचंड की सुरक्षा में कुल 52 सुरक्षाकर्मी तैनात थे। विशिष्ट व्यक्ति सुरक्षा कार्यविधि के अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्रियों समेत उच्च पदस्थ व्यक्तियों को निश्चित मापदंड के तहत ही सुरक्षा व्यवस्था दी जाती है।
आयोग ने पूर्व पीएम और गृहमंत्री के खिलाफ शिकायत पुलिस को लौटा दी
पूर्व प्रधानमंत्री ओली और पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक के खिलाफ दर्ज शिकायत जांचबुझ आयोग ने पुलिस को वापस भेज दी। जेन-जी आंदोलन की जांच के लिए बने आयोग ने यह कहकर शिकायत लौटाई कि मामला उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। आयोग के प्रवक्ता विज्ञानराज शर्मा ने बृहस्पतिवार को बताया कि फौजदारी अपराधों की जांच और कार्रवाई का अधिकार अन्य निकायों को प्राप्त है, इसलिए इन मामलों में आयोग की रिपोर्ट का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। दरअसल, जेन-जी आंदोलन में मारे गए लोगों के परिजनों ने जिला पुलिस परिसर में याचिका देकर ओली और लेखक की गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस ने शिकायत दर्ज न कर उसे आयोग के पास भेज दिया था।
लॉस एंजिलिस में सबसे भीषण आग लगाने के आरोपी को जेल में ही रहना होगा
अमेरिका के लॉस एंजिलिस की सबसे भीषण पैलिसेड्स वाइल्डफायर लगाने के आरोपी जोनाथन रिंडरक्नेच्ट को अदालत ने जेल में ही रखने का आदेश दिया है। अभियोजकों का कहना है कि उसकी मानसिक स्थिति भी अस्थिर है। बता दें कि लॉस एंजिलिस में न्यू ईयर डे पर लगी आग एक हफ्ते बाद भड़क उठी थी। इसमें 12 लोगों की मौत हो गई थी, इतना ही नहीं 17 हजार से अधिक घर जलकर खाक हो गए थे। आरोपी फिलहाल फ्लोरिडा की जेल में बंद है और अगली सुनवाई 17 अक्टूबर को होगी। अदालत ने उसे भागने का जोखिम मानते हुए जमानत देने से इनकार किया।
बेल्जियम में राजनेताओं पर हमला करने की साजिश के तीन आरोपी गिरफ्तार
बेल्जियम की पुलिस ने एंटवर्प में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों देश के राजनेताओं पर जिहादी हमला करने की योजना बना रहे थे। अभियोजकों ने बताया कि एक संदिग्ध के घर से होममेड बम भी बरामद किया गया, जबकि दूसरे घर से 3डी प्रिंटर और ड्रोन्स पर हमला करने की तैयारी के सबूत मिले।
सीनगल में रिफ्ट वैली वायरस का बड़ा प्रकोप, 17 लोगों की मौत
सीनेगल में रिफ्ट वैली वायरस के दुर्लभ और गंभीर प्रकोप में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है और 119 मामले दर्ज किए गए हैं। यह बीमारी मुख्य रूप से मवेशियों को प्रभावित करती है, लेकिन मच्छरों के काटने या संक्रमित जानवरों के संपर्क में आने पर इंसान भी प्रभावित हो सकते हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार यह पहला मौका है जब सीनगल में इतनी बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। गंभीर मामलों में आंखों में नुकसान, मस्तिष्क में सूजन या हेमोरेजिक बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं, जो जानलेवा भी हो सकती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण अफ्रीका में RVF के प्रकोप अधिक बार हो रहे हैं।
बुद्ध की पवित्र अवशेषों का रूस में प्रदर्शनी
राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली में सुरक्षित बुद्ध की पवित्र अवशेषों को अक्तूबर में रूस के काल्मिकिया में प्रदर्शनी के लिए भेजा जाएगा। पहले यह प्रदर्शनी 24 से 28 सितंबर के बीच होने वाली थी, लेकिन अप्रत्याशित तकनीकी और लॉजिस्टिक कारणों से इसमें देरी हुई। अवशेषों को सम्मानपूर्वक, वरिष्ठ भिक्षुओं के साथ और भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से ले जाया जाएगा। प्रदर्शनी के दौरान अवशेषों को एलीस्ता में स्थित गेडेन शेड्दुप चोइकोर्लिंग मठ में स्थापित किया जाएगा। यह अवशेष पहले मंगोलिया, थाईलैंड और वियतनाम में भी प्रदर्शित किए जा चुके हैं।
ट्रिनिदाद और टोबैगो को वेनेजुएला के साथ गैस समझौते के लिए अमेरिका से अनुमति
ट्रिनिदाद और टोबैगो को अमेरिका से अनुमति मिली है कि वे वेनेजुएला के साथ गैस समझौते पर बातचीत कर सकते हैं, बिना किसी अमेरिकी प्रतिबंध के खतरे के। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने विशेष लाइसेंस जारी किया है, जिससे दोनों देशों को इस परियोजना पर प्रारंभिक बातचीत करने की सुविधा मिलेगी। इस लाइसेंस के तहत छह महीने में बातचीत पूरी करनी होगी और अमेरिकी वाणिज्यिक लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
चीन के खतरे को देखते हुए वायु रक्षा प्रणाली मजबूत करेगा ताइवान
ताइवान के राष्ट्रपति लाई चिंग-ते ने चीन से खतरे को देखते हुए अपनी वायु रक्षा प्रणाली को मजबूत करने का एलान किया है। ताइवान के राष्ट्रपति ने टी-डोम वायु रक्षा प्रणाली के निर्माण में तेजी लाने का संकल्प लिया है। लाई ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार उच्च-स्तरीय रडार प्रणाली और प्रभावी अवरोधक क्षमता वाली एक मजबूत रक्षा प्रणाली स्थापित करेगी।
पाकिस्तान में तीन कबायली नेताओं का अपहरण कर उनकी हत्या
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में तीन कबायली नेताओं का अपहरण कर उनकी निर्मम हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से जुड़े आतंकवादियों पर लगा है। पाकिस्तानी पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को कबायली नेताओं का अपहरण किया गया था और तीनों बेतानी जनजाति के थे। ये नेता खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के लक्की मरवत जिले में स्थित एक आंदोलन, मारवत बेतानी कौमी तहरीक से भी जुड़े थे, जो स्थानीय मारवत और बेतानी पश्तून जनजातियों के हितों का प्रतिनिधित्व करता है।
आतंकवादियों ने शुरू में मध्यस्थों को आश्वासन दिया था कि अपहृत नेताओं को सुरक्षित रिहा कर दिया जाएगा। हालांकि, वे अपने वादे से मुकर गए पीड़ितों को गंभीर यातनाएं देकर निर्मम तरीके से मार डाला। आतंकवादियों ने उनके शवों को बन्नू जिले के तोची पुल के पास फेंक दिया। आतंकवादी आमतौर पर सरकारी सुरक्षा एजेंसियों के लिए जासूसी करने के आरोप में लोगों को निशाना बनाते हैं और उनका अपहरण करते हैं।
पाकिस्तान: नाबालिग हिंदू लड़की का धर्म बदलकर कराई गई जबरन शादी
पाकिस्तान में एक नाबालिग हिंदू लड़की का कथित तौर पर अपहरण करके दुष्कर्म, धर्मांतरण और फिर जबरन शादी करा दिए जाने का मामला सामने आया है। 15 वर्षीय किशोरी ने सिंध प्रांत की एक अदालत में यह जानकारी दी और अपने परिवार के पास भेजने की गुहार लगाई है। सिंध में हिंदू समुदाय का प्रतिनिधि एक समाज कल्याण कार्यकर्ता शिवा काछी ने कहा कि पिछले एक महीने में इस इलाके से अपहरण और जबरन धर्मांतरण का यह चौथा मामला सामने आया है।
किशोरी गुरुवार को मीरपुरखास जिले की एक सत्र अदालत में पेश हुई और न्यायाधीश को बताया कि उसकी इच्छा के विरुद्ध उसका अपहरण किया गया, उसका धर्मांतरण कराने के बाद एक बुजुर्ग मुस्लिम व्यक्ति से उसकी शादी कर दी गई। अदालत ने संबंधित अधिकारियों को अंतिम फैसला आने तक लड़की को एक सुरक्षित घर में रखने का निर्देश दिया। लड़की की मां ने मीडिया को बताया कि उनकी बेटी का पिछले महीने उनके घर के बाहर से अपहरण कर लिया गया था।