फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World: रूस के हमले में यूक्रेन में पांच की मौत; पाकिस्तान ने पश्चिम एशिया मुद्दे पर बुलाई NSC की बैठक

Mon, 23 Jun 2025 12:08 PM IST
नितिन गौतम वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला।
विज्ञापन
world updates - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
अमेरिका के मिशगन में एक चर्च पर गोलीबारी का मामला सामने आया है। इस मामले में स्थानीय सुरक्षाबलों ने हमलावर को मार गिराया। स्थानीय समय के मुताबिक मिशिगन के वेन में क्रॉसपॉइंट चर्च में रविवार को हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल भी हुआ। वेन पुलिस विभाग के अनुसार, अधिकारियों ने चर्च में गोलीबारी की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने पाया कि एक सुरक्षा गार्ड ने संदिग्ध को गोली मारकर मार दिया था। चर्च का सुरक्षा गार्ड घायल हुआ है। उसके पैर में गोली लगी है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक गोलीबारी के समय लगभग 20 लोग चर्च में उपस्थित थे। कई बच्चे भी शामिल थे। लोगों ने छिपने की जगहों पर भागकर अपनी जान बचाई।
विज्ञापन


आयरलैंड दौरे पर भारतीय शिष्टमंडल
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के नेतृत्व में भारत का एक उच्चस्तरीय शिष्टमंडल आयरलैंड के दौरे पर गया है। इस प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और पांच राज्यों के प्रतिनिधि भी शामिल हैं। यह दल एअर इंडिया कनिष्क बम विस्फोट की 40वीं वर्षगांठ के मौके पर आयरलैंड पहुंचा है। प्रतिनिधिमंडल में अरविंदर सिंह लवली (दिल्ली विधायक), बलदेव सिंह औलाख (उत्तर प्रदेश के मंत्री), गुरवीर सिंह बराड़ (राजस्थान के विधायक), त्रिलोक सिंह चीमा (उत्तराखंड के विधायक) और नरिंदर सिंह रैना (जम्मू और कश्मीर के विधायक) भी शामिल हैं।
40 साल पहले हुई थी विमान पर बमबारी
नीदरलैंड के कॉर्क में अहाकिस्ता स्मारक पर समारोह से पहले पुरी ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, 'हीथ्रो से कॉर्क के रास्ते में... 1985 में एअर इंडिया कनिष्क फ्लाइट 182 पर नृशंस बमबारी हुई। इस हमले में आयरिश तट पर 329 निर्दोष लोगों की जान गई। इसे विमानन इतिहास के आतंक के सबसे अमानवीय कृत्यों में से एक माना जाता है। पुरी ने बताया कि करीब छह साल पहले उन्होंने सितंबर 2019 में टोरंटो के हंबर बे पार्क में कनिष्क स्मारक पर पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी थी। कई पीड़ितों के परिवार के सदस्यों से मुलाकात के दौरान उनके दर्द और पीड़ा साझा करने का मौका मिला।
विज्ञापन

कूटनीति नाकाम हुई तो तबाही की कोई हद नहीं रहेगी: IAEA प्रमुख
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के प्रमुख राफेल ग्रॉसी ने रविवार को संयुक्त राष्ट्र की आपात बैठक में कहा कि ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर अमेरिका के हमले से इस्राइल और ईरान के बीच लड़ाई और बढ़ सकती है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अभी भी कूटनीति का रास्ता खुला है। ग्रॉसी ने चेतावनी दी कि अगर कूटनीति का ये मौका भी खत्म हो गया, तो हिंसा और तबाही ऐसी सीमा तक पहुंच सकती है जिसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते। साथ ही इससे दुनिया में परमाणु हथियारों पर नियंत्रण रखने की व्यवस्था भी पूरी तरह खत्म हो सकती है। उन्होंने अपील की कि ईरान IAEA के निरीक्षकों को फिर से अपने परमाणु ठिकानों पर जाने दे, ताकि वे वहां मौजूद 4,400 किलो यूरेनियम की जांच कर सकें, जो 60% तक संवर्धित है और सबसे अहम मुद्दा बना हुआ है।

ग्रीस के चियोस द्वीप के जंगल में आग लगी
ग्रीस के चियोस नामक द्वीप पर रविवार को जंगल में आग लग गई। यह आग द्वीप के मुख्य शहर के पास लगी है। आग बुझाने के लिए 100 से ज्यादा फायर ब्रिगेड के कर्मचारी काम कर रहे हैं। वे पानी गिराने वाले हेलीकॉप्टरों और विमानों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन ने सावधानी के तौर पर आसपास के करीब 12 इलाकों को खाली करने का आदेश दिया है। फायर विभाग ने बताया कि रविवार सुबह और दोपहर को तीन अलग-अलग जगहों पर आग लगी। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई और उसे बुझाना मुश्किल हो गया। अब यह भी जांच की जा रही है कि आग कहीं जानबूझकर तो नहीं लगाई गई। इसके लिए एक विशेष टीम को द्वीप पर भेजा गया है।

सीरिया में ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च पर आत्मघाती हमला, 22 लोगों की मौत
सीरिया के एक ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च में रविवार को एक आत्मघाती हमलावर ने पहले गोलियां चलाईं और फिर खुद को बम से उड़ा लिया। इस हमले में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई और 63 लोग घायल हो गए। यह हमला उस समय हुआ जब लोग चर्च में प्रार्थना कर रहे थे। सरकारी न्यूज एजेंसी SANA ने बताया कि हमला दमिश्क शहर के बाहर दविइला इलाके में स्थित मार एलियास चर्च में हुआ। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, मरने वालों और घायलों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। यह हमला सीरिया में कई वर्षों बाद चर्च पर हुआ पहला बड़ा हमला है। हमला ऐसे समय में हुआ है जब देश की सरकार अल्पसंख्यकों का समर्थन पाने की कोशिश कर रही है और देश के अलग-अलग हिस्सों में नियंत्रण के लिए संघर्ष चल रहा है।


रूस के हमले में यूक्रेन में पांच की मौत

रूस के एक ड्रोन और मिसाइल हमले में यूक्रेन की राजधानी कीव में पांच लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। हमले में एक इमारत धराशायी हो गई। यूक्रेन की आपात सेवाओं के मुताबिक घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य चल रहा है और मलबे में दबे लोगों की तलाश की जा रही है। इससे पहले बीते हफ्ते रूस के हमले में यूक्रेन में 28 लोगों की मौत हो गई थी। इनमें से 23 लोग एक इमारत के धराशायी होने के मारे गए थे। सोमवार तड़के रूस ने ड्रोन और मिसाइलों से कीव के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। 

ईरान पर अमेरिका के हमले के बाद पाकिस्तान ने बुलाई राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक

पाकिस्तान सरकार ने सोमवार को ईरान के हालात पर चर्चा के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा समिति की बैठक बुलाई है। इस बैठक में अमेरिका द्वारा ईरान के तीन परमाणु केंद्रों पर हमले और उससे उपजे क्षेत्रीय सुरक्षा हालात पर चर्चा होगी। पाकिस्तान में सुरक्षा मामलों में राष्ट्रीय सुरक्षा समिति सबसे बड़ी और अहम निकाय है। इस बैठक की अध्यक्षता पाकिस्तान के पीएम करेंगे। बैठक में पाकिस्तानी सेना के प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के अलावा नागरिक और सैन्य नेतृत्व के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। हाल ही में अमेरिका से लौटे आसिम मुनीर बैठक में अपने दौरे के बारे में जानकारी देंगे। गौरतलब है कि पाकिस्तान ने ईरान पर अमेरिकी हमले की निंदा की है। पाकिस्तान के पीएम ने ईरान के राष्ट्रपति से फोन पर बात कर पाकिस्तान का समर्थन दिया है। 

यूक्रेनी रेडियो फ्री यूरोप/रेडियो लिबर्टी के पत्रकार व्लादिस्लाव येसिपेंको को रविवार को रिहा कर दिया गया। वह पिछले चार साल से भी ज्यादा समय से रूसी हिरासत में थे। उनकी गिरफ्तारी क्रीमिया में हुई थी, जिसे रूस ने 2014 में अवैध रूप से अपने कब्जे में ले लिया था। येसिपेंको को 10 मार्च 2021 को गिरफ्तार किया गया था। उन पर आरोप लगाया गया था कि वह यूक्रेन के लिए जासूसी कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने इस आरोप को खारिज कर दिया था।

फरवरी 2022 में, रूस की एक अदालत ने उन्हें जासूसी के आरोप में छह साल की सजा सुनाई थी। येसिपेंको, उनके नियोक्ता और मानवाधिकार संगठनों ने इस आरोप को झूठा बताया था। कुछ महीने बाद उन पर विस्फोटक रखने का भी आरोप लगाया गया, जिसे भी उन्होंने खारिज कर दिया था। बाद में अभियोजकों ने माना कि येसिपेंको की कार में जो ग्रेनेड मिला था, उस पर उनके फिंगरप्रिंट नहीं थे। 
 
विज्ञापन

भारत में अकेले यात्रा पर न जाएं महिलाएं, अमेरिकी सरकार की एडवाइजरी
अमेरिकी विदेश विभाग ने भारत की यात्रा पर आने वाले अपने नागरिकों के लिए चेतावनी जारी की है। 16 जून को जारी इस एडवाइजरी में कहा गया है कि भारत में अपराध और आतंकवाद के कारण अमेरिकी नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। इसमें कहा गया है कि भारत में दुष्कर्म सबसे तेजी से बढ़ते अपराधों में से एक है। पर्यटक स्थलों पर यौन शोषण सहित हिंसक अपराध होते हैं। आतंकवादी बिना किसी चेतावनी के हमला कर सकते हैं। वे टूरिस्ट लोकेशन, ट्रांसपोर्टेशन हब, मार्केट, शॉपिंग मॉल, सरकारी संस्थानों को निशाना बनाते हैं। इस जोखिम के कारण भारत में काम करने वाले अमेरिकी सरकारी कर्मचारियों व यात्रियों को विशेष अनुमति प्राप्त करनी होगी। महिलाओं को अकेले यात्रा ने करने की भी सलाह दी गई है। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें