फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

World Updates: दो दिवसीय दौरे पर ढाका पहुंचे भूटान के पीएम, मोहम्मद यूनुस ने रेड कार्पेट बिछाकर किया स्वागत

Sat, 22 Nov 2025 01:02 PM IST
लव गौर वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन
ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो ने स्वास्थ्य समस्याओं का हवाला देते हुए जेल की सजा घर में नजरबंदी (हाउस अरेस्ट) के रूप में काटने की मांग की है। उनकी कानूनी टीम ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में इस संबंध में याचिका दायर की। बोल्सोनारो को सितंबर 2024 में 2022 के चुनाव में हार के बाद तख्तापलट की साजिश रचने का दोषी ठहराया गया था और 27 साल 3 महीने की सजा सुनाई गई थी।
विज्ञापन


इस महीने की शुरुआत में सुप्रीम कोर्ट ने उनकी अपील खारिज कर दी थी, लेकिन वकील एक और अपील दाखिल करने की तैयारी में हैं। फिलहाल बोल्सोनारो अगस्त से नजरबंद हैं, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने पाया था कि उन्होंने अदालत द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों का उल्लंघन किया था। अभी तक उन्हें तख्तापलट मामले की सज़ा भुगतनी शुरू नहीं करने दी गई है।

बांग्लादेश में भूकंप से 10 लोगों की मौत
शुक्रवार को ढाका और देश के कुछ हिस्सों में जबरदस्त भूकंप में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक घायल हो गए। इस भूकंप से इमारतों को नुकसान पहुंचा, कई जगहों पर आग लग गई और लोगों में दहशत फैल गई। अधिकारियों ने बताया कि पीड़ितों में से चार की मौत राजधानी ढाका में, पांच की मौत नरसिंगडी में हुई, जो भूकंप का सेंटर था, और एक की मौत सबअर्बन नदी बंदरगाह शहर नारायणगंज में हुई।
विज्ञापन


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक,अकेले राजधानी गाज़ीपुर के बाहरी इलाके में बसे इंडस्ट्रियल शहर में अलग-अलग यूनिट्स में कम से कम 100 मजदूर घायल हो गए, क्योंकि वे भूकंप के दौरान इमारतों से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे।

रेडक्रॉस कमेटी में 2900 नौकरियां समाप्त होंगी
अंतरराष्ट्रीय रेडक्रॉस कमेटी ने कहा, वह अपना 2026 का बजट 17% घटाकर 1.8 अरब स्विस फ्रैंक (करीब 2.23 अरब डॉलर) करने जा रही है। इससे करीब 2,900 नौकरियां खत्म होंगी। कमेटी ने कहा, उसे अपना बजट इसलिए घटाना पड़ रहा है क्योंकि उसे मिलने वाली वित्तीय मदद में अप्रत्याशित कमी आ रही है। कमेटी ने कहा, दानकर्ता देश अपना सारा ध्यान रक्षा खर्च बढ़ाने में लगा रहे हैं। ऐसे में मानवतावादी संस्थाओं को तमाम संघर्षों और विस्थापन से प्रभावित लोगों की मदद से पीछे हटने का फैसला लेना पड़ रहा है। 

कलाकार फ्रिदा कहलो की पेंटिंग 485 करोड़ में बिकी

485 करोड़ रुपये में बिकी पेटिंग - फोटो : अमर उजाला प्रिंट
मेक्सिको की कलाकार फ्रिदा कहलो की बनाई हुई पेंटिंग न्यूयॉर्क में करीब 485 करोड़ रुपये में बिकी है। इसके साथ यह किसी महिला कलाकार की बनाई गई अब तक की सबसे महंगी पेंटिंग बन गई है। पेंटिंग की नीलामी कराने वाली सोथबी ने बताया कि इसका नाम एल सुएनो (ला कामा) है, जिसका अर्थ होता है सपना (बिस्तर)। इस पेंटिंग ने अमेरिकी कलाकार जॉर्जिया ओ’कीफे के बनाए पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। 

ब्रिटेन ने वीजा धोखाधड़ी रोकने का अभियान तमिलनाडु तक बढ़ाया
ब्रिटेन ने वीजा फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के लिए अपने जागरूकता अभियान को भारत के तमिलनाडु तक बढ़ाया है। पंजाब में सफल पायलट प्रोजेक्ट के बाद अब तमिलनाडु में भी विशेष जागरूकता अभियान चलेगा और तमिल भाषा में वाट्सएप, चैटबॉट के जरिये लोग नकली वीजा और धोखेेबाज एजेंटों की पहचान कर सकेंगे। यह कदम अवैध प्रवासन पर लगाम लगाने और यात्रियों को सुरक्षित रखने की दिशा में भारत-ब्रिटेन सहयोग मजबूत करता है। 

एफबीआई की सूचना पर वांछित रूसी हैकर बैंकॉक से गिरफ्तार
अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई की सूचना पर वांछित रूसी हैकर को बैंकॉक से गिरफ्तार किया है। अमेरिका और यूरोपीय एजेंसियों पर साइबर हमले के आरोपी को फुकेट द्वीप से पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, 35 वर्षीय संदिग्ध 30 अक्तूबर को फुकेट एयरपोर्ट से थाईलैंड आया था और एक होटल में ठहरा था। थाई पुलिस के अनुसार, संदिग्ध को औपचारिक तौर पर हिरासत में लेकर प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 

दो दिवसीय दौरे पर ढाका पहुंचे भूटान के पीएम, मोहम्मद यूनुस ने रेड कार्पेट बिछाकर किया स्वागत

भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर बांग्लादेश की राजधानी ढाका पहुंचे। ढाका एयरपोर्ट पर बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने भूटान के प्रधानमंत्री का रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच एयरपोर्ट के वीआईपी लाउंज में बैठक भी हुई। भूटानी प्रधानमंत्री को 19 तोपों की सलामी भी दी गई। भूटानी पीएम के सम्मान में बांग्लादेश की सरकार ने एक आधिकारिक भोज का भी आयोजन किया है। भूटानी पीएम का बांग्लादेश दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब हाल ही में पीएम मोदी ने भूटान का दौरा किया था और भारत और बांग्लादेश के संबंधों में थोड़ा तनाव चल रहा है। बांग्लादेश के साथ जारी तनाव के बीच सिलीगुड़ी कॉरिडोर पर भारत ने अपने सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ा दी है। यही वजह है कि भूटान के प्रधानमंत्री के दौरे पर सभी की निगाहें हैं। 
विज्ञापन

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने तेजस क्रैश में पायलट की मौत पर जताई संवेदना

दुबई एयर शो के दौरान तेजस विमान क्रैश में मारे गए भारतीय पायलट की मृत्यु पर पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने संवेदना जताई है। ख्वाजा आसिफ ने कहा कि पड़ोसी देश (भारत) के साथ प्रतिद्वंद्विता केवल आसमान तक ही सीमित है।भारतीय वायु सेना का तेजस लड़ाकू विमान शुक्रवार को दुबई एयर शो में हवाई प्रदर्शन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में पायलट विंग कमांडर नमन स्याल की मौत हो गई।

आसिफ ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "पाकिस्तान स्ट्रैटेजिक फोरम पूरे देश की ओर से भारतीय वायुसेना और दुबई एयर शो 2025 में दुर्घटनाग्रस्त हुए एचएएल एलसीए तेजस के पायलट के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है।" पाकिस्तान स्ट्रैटेजिक फोरम, पाकिस्तान और सहयोगी देशों की समितियों के रक्षा विश्लेषकों की एक एजेंसी है जो अपने एक्स अकाउंट पर फोरम के विवरण के अनुसार सामरिक और सैन्य जानकारी प्रदान करती है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें