उत्तरी इथियोपिया के लंबे समय से निष्क्रिय रहे हेली गुब्बी ज्वालामुखी में पिछले सप्ताहांत हुए विस्फोट के बाद अब ज्वालामुखीय गतिविधि कम हो गई है। इस विस्फोट ने आसपास के इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया और राख के बादल उड़ान मार्गों में फैल जाने के कारण कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं।
अफार क्षेत्र के अफदेरा जिले के गांव राख की मोटी परत से ढक गए। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार लोग खांसी की समस्या से जूझ रहे हैं और पशुधन के लिए पानी और घास पूरी तरह राख से ढक गई है। ज्वालामुखी विस्फोट के बाद कई एयरलाइंस ने प्रभावित रूटों पर उड़ानें रद्द कर दीं। मौसम विभाग के अनुसार राख के बादल देर शाम तक साफ होने की संभावना है।
भारत की एयर इंडिया ने सोमवार और मंगलवार को 11 उड़ानें रद्द कर दीं। इनमें ज्यादातर अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल थीं। एयरलाइन ने बताया कि भारतीय विमानन नियामक के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्रों से गुजरने वाले विमानों की जांच की जा रही है। भारत की अकासा एयर ने भी जेद्दा, कुवैत और अबू धाबी जैसी मध्य पूर्व की उड़ानों पर रोक लगाई। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से कम से कम सात अंतरराष्ट्रीय उड़ानें मंगलवार को रद्द हुईं, जबकि एक अधिकारी के अनुसार दर्जन भर उड़ानें देरी से रवाना हुईं। मौसम विभाग ने बताया कि 8 से 15 किलोमीटर की ऊंचाई और हवा की गति 100 से 150 किमी प्रति घंटा होने के कारण राख का यह गुबार बड़ा खतरा नहीं बना। यह गुबार अब चीन की ओर बढ़ गया है।
पाकिस्तान-सऊदी अरब का संयुक्त सैन्य अभ्यास समाप्त
पाकिस्तान और सऊदी अरब का संयुक्त सैन्य अभ्यास बुधवार को खत्म हुआ। इस अभ्यास का उद्देश्य सैनिकों की संचालन क्षमता को बढ़ाना था। आतंकवाद-रोधी यह अभ्यास 'अल बत्तार-द्वितीय' 18 से 26 नवंबर तक सऊदी अरब के ताबूक में आयोजित किया गया। इसमें पाकिस्तान सेना की स्पेशल सर्विसेज ग्रुप (एसएसजी) और सऊदी सेना की कॉम्बैट टीमें शामिल थीं, जैसा कि एक आधिकारिक बयान में कहा गया।
यह अभ्यास उस समझौते के दो महीने बाद हुआ है, जब दोनों देशों ने 17 सितंबर को सामरिक पारस्परिक रक्षा समझौता (एसएमडीए) पर हस्ताक्षर किए थे। इस समझौते में यह प्रावधान शामिल है कि किसी एक देश पर हमला दोनों देशों पर हमला माना जाएगा।
लेफ्टिनेंट जनरल सेनगुप्ता ने नेपाल सेना प्रमुख से मुलाकात की
भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता ने बुधवार को नेपाल सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिग्देल से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की। जनरल सिग्देल भारतीय सेना के मानद जनरल भी हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल सेनगुप्ता मंगलवार को चार दिन की यात्रा पर काठमांडू पहुंचे थे और उन्होंने भद्रकाली मुख्यालय में नेपाल सेना प्रमुख से मुलाकात की। भारतीय दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि दोनों ने भारत और नेपाल के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की। उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब दोनों देशों की सेनाएं उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास 'सूर्य किरण' के 19वें संस्करण का आयोजन कर रही हैं। यह अभ्यास जंगल युद्ध, पहाड़ी क्षेत्रों में आतंकवाद-रोधी अभियानों और थल सेना व वायुसेना के संयुक्त अभियानों में बटालियन स्तर के तालमेल को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
सीरिया: हजारों अलावी लोगों ने सरकार के भेदभाव के खिलाफ प्रदर्शन किया
सीरिया में अल्पसंख्यक अलावी समुदाय के हजारों लोगों ने मंगलवार को देश के मध्य और तटीय इलाकों में सरकार द्वारा कथित भेदभाव के खिलाफ बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा बलों की गोलीबारी में एक व्यक्ति के घायल होने की जानकारी विपक्षी निगरानी समूह ने दी, जबकि सरकारी मीडिया का कहना है कि सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों की रक्षा की।
मंगलवार का प्रदर्शन लताकिया, टार्टस और केंद्रीय शहर होम्स सहित 42 स्थानों पर हुआ। यह विरोध उस घटना के बाद शुरू हुआ, जिसमें एक बेदुईन दंपति की हत्या के बाद होम्स में बेदुईन समुदाय के लोगों ने अलावी बहुल इलाके पर हमला कर दिया था।
यह विरोध ऐसे समय में हुआ है, जब पिछले साल दिसंबर में राष्ट्रपति बशर अल-असद को इस्लामी समूह ‘हयात तहरीर अल-शाम’ के नेतृत्व वाले विद्रोहियों द्वारा सत्ता से हटाए जाने के बाद देश में कई बार सांप्रदायिक झड़पें हो चुकी हैं। असद, जो स्वयं अलावी समुदाय से हैं, रूस भाग गए थे, जिसके बाद समुदाय को लगातार निशाना बनाया गया। मार्च में असद समर्थकों द्वारा सुरक्षा बलों पर हमले के बाद भड़की हिंसा में सैकड़ों लोग मारे गए थे, जिनमें से अधिकांश अलावी थे।