बांग्लादेश की गंभीर रूप से बीमार पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया को इलाज के लिए लंदन ले जाने के लिए तैयार किया गया एयर एम्बुलेंस मंगलवार को ढाका में उतरेगा। विमानन अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। समाचार पोर्टल बीडीन्यूज24.कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएएबी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि विमान को मंगलवार को सुबह 8 बजे लैंडिंग का समय दिया गया है। उसी दिन रात 9 बजे प्रस्थान होगा।
रिपोर्ट के अनुसार कतर सरकार ने लंबी दूरी की चिकित्सा निकासी के लिए एक एयर एम्बुलेंस का विकल्प चुनने के बाद जर्मनी स्थित एफएआई एविएशन ग्रुप से विमान किराए पर लेकर इसकी व्यवस्था की है। एफएआई एविएशन ग्रुप के प्रारंभिक आवेदन में मंगलवार को उतरने और बुधवार को लंदन के लिए प्रस्थान करने की मंजूरी मांगी गई थी।
22 दिसंबर से भारत में वीजा आवेदन प्रणाली शुरू कर रहा चीन
चीनी दूतावास 22 दिसंबर से भारत में ऑनलाइन वीजा आवेदन प्रणाली शुरू करने जा रहा है। यह जानकारी सोमवार को चीन के भारत में राजदूत शू फीहोंग ने दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि आवेदक
https://visaforchina.cn/DEL3_EN/qianzhengyewu पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे और अपने आवेदन से जुड़े दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे। उन्होंने कहा, ऑनलाइन वीजा प्रक्रिया 22 दिसंबर 2025 से आधिकारिक रूप से शुरू हो जाएगी। आवेदक फॉर्म भरने और दस्तावेज अपलोड करने की सुविधा ऑनलाइन ले सकेंगे।
नई दिल्ली में चीनी वीजा आवेदन सेवा केंद्र का समय सोमवार से शुक्रवार सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक रहेगा। संपर्क नंबर +91-9999036735 है। पता: कंकर्स फ्लोर, शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन, बाबा खरक सिंह मार्ग, कनॉट प्लेस, नई दिल्ली-110001।
प्रवासी ईरानियों को लेकर रवाना हुआ दूसरा अमेरिकी विमान
अमेरिका से निकाले गए ईरानियों का दूसरा विमान अमेरिका से रवाना हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, वॉशिंगटन सैकड़ों कैदियों को भी ईरान वापस भेजने की तैयारी कर रहा है। ईरानी अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
ईरानी लोगों का निर्वासन ऐसे समय में हो रहा है, जब दोनों देशों के संबंधों में तनाव बना हुआ है। जून में तेहरान और इस्राइल के बीच 12 दिन की जंग के दौरान अमेरिका ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर बमबारी की थी, जिसके बाद हालात और बिगड़ गए थे।
हैदराबाद: डकैती के आरोप में पांच नेपाली पकड़े
हैदराबाद पुलिस ने बताया कि पिछले महीने यहां एक रिटायर्ड आर्मी कैप्टन के घर में कथित तौर पर घुसकर सोने के गहने और कैश लूटने वाले पांच नेपाली नागरिकों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया।एक रिलीज में कहा गया कि भरोसेमंद खुफिया जानकारी के आधार पर कमिश्नर की टास्क फोर्स ने कारखाना पुलिस स्टेशन की सीमा में 13 सदस्यों वाले नेपाली गैंग के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
डीसीपी (टास्क फोर्स) गायकवाड़ वैभव रघुनाथ ने बताया कि गैंग ने 15-16 नवंबर की रात को रिटायर्ड कैप्टन को जबरन बंधक बना लिया और लूट का सामान लेकर फरार होने से पहले उन पर हमला किया – लगभग 23 तोला सोने के गहने और 95,000 रुपये कैश। पुलिस ने आरोपियों के पास से 73.35 ग्राम सोने के गहने, 22.90 ग्राम चांदी के गहने, 43,050 रुपये कैश और पांच सेल फोन जब्त किए। गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में से चार सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे। गैंग के आठ और सदस्य, जो सभी नेपाल के हैं, फरार हैं और उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है।