न्यूयॉर्क शहर के ब्रोंक्स में एक उच्च-मंजिला अपार्टमेंट में शनिवार सुबह गैस विस्फोट हुआ, जिससे आग फैल गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 14 लोग घायल हुए। आग बुझाने के लिए फायर विभाग ने आधी रात के बाद कार्रवाई शुरू की। विस्फोट के कारण 16वीं और 17वीं मंजिल पर कई अपार्टमेंट क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों के अनुसार, कुछ घायलों की स्थिति गंभीर है।
महानगर के मेयर जोहरान मामदानी ने कहा कि सभी निवासी सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिए गए हैं और मदद के लिए रेड क्रॉस की टीम मौजूद है। विस्फोट के कारण लोगों में डर और भय व्याप्त हो गया, लेकिन अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य जारी रखा।
ईरान के हालात के चलते इंडिगो ने त्बिलिसी और अल्माटी की उड़ानें कीं रद्द
इंडिगो ने रविवार को त्बिलिसी और अल्माटी के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दीं। ईरान से जुड़े घटनाक्रमों के चलते सोमवार को कुछ उड़ानें ईंधन भरवाने के लिए दोहा में रुक सकती हैं।
एयरलाइन ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि 25 जनवरी को दिल्ली से त्बिलिसी (जॉर्जिया) और मुंबई से अल्माटी (कजाकिस्तान) के लिए निर्धारित उड़ानें और वापसी की उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
एयरलाइन के अनुसार, ईरान के आसपास हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए, वह सुरक्षा पर अपने लगातार फोकस के हिस्से के तौर पर उड़ान कार्यक्रम में कुछ बदलाव कर रही है। कंपनी ने बताया कि 26 जनवरी को त्बिलिसी (जॉर्जिया), अल्माटी (कजाकिस्तान), बाकू (अजरबैजान) और ताशकंद (उज्बेकिस्तान) से आने-जाने वाली उड़ानें ईंधन भरवाने के लिए दोहा (कतर) में थोड़ी देर के लिए रुक सकती हैं। ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के सैन्य टकराव में बदलने की आशंका जताई जा रही है।
इंडोनेशिया: बारिश के बाद भीषण भूस्खलन, 8 की मौत, 82 लापता
इंडोनेशिया के पश्चिमी जावा प्रांत में भारी बारिश के बाद हुए भीषण भूस्खलन में आठ लोगों की मौत हो गई है, जबकि 82 अन्य लापता हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने शनिवार को बताया कि यह हादसा पश्चिम बांडुंग क्षेत्र के एक गांव में हुआ। लापता लोगों की बड़ी संख्या को देखते हुए तलाशी और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। मौसम विभाग ने इस क्षेत्र में एक सप्ताह तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी।
ईरान : 2023 के बस ब्लास्ट में दो आतंकियों को दी गई फांसी
ईरान ने शनिवार को साल 2023 में तीर्थयात्रियों की बस में बम विस्फोट करने के दोषी दो व्यक्तियों को फांसी दे दी। ईरानी समाचार एजेंसी मिजान के अनुसार, इन दोनों का संबंध आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट से था। साल 2023 में यह हमला तेहरान से पश्चिमी प्रांत इलम जा रही एक बस में हुआ था, जिसमें एक मासूम बच्चे की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। जांच में पाया गया कि ये दोनों व्यक्ति बस में बम लगाने की साजिश में सीधे तौर पर शामिल थे।
कंबोडिया के नौसैनिक अड्डे पर पहुंचा पहला अमेरिकी युद्धपोत
अमेरिकी युद्धपोत यूएसएस सिनसिनाटी शनिवार को कंबोडिया के रीम नेवल बेस पहुंचा। चीन की आर्थिक मदद से इस बेस के नवीनीकरण के बाद यह किसी अमेरिकी युद्धपोत की पहली यात्रा है। इस बेस के विस्तार को लेकर वाशिंगटन चिंतित था कि कहीं कंबोडिया ने चीन को यहां विशेष सैन्य अधिकार तो नहीं दे दिए हैं। हालांकि, कंबोडियाई सरकार ने इन दावों को नकारा है। कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट ने स्पष्ट किया है कि यह बेस सभी मित्र देशों के लिए खुला है।
अनुशासनहीनता के आरोप में शीर्ष चीनी अधिकारी की जांच
चीन में पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के शीर्ष अधिकारी जनरल झांग यूक्सिया समेत दो वरिष्ठ चीनी सैन्य अधिकारियों की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के अनुशासन और कानूनों के गंभीर उल्लंघन को लेकर जांच की जा रही है। रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी। जनरल झांग केंद्रीय सैन्य आयोग (सीएमसी) के उपाध्यक्ष हैं। सीएमसी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के नेतृत्व में सेना की सर्वोच्च कमान है। सीएमसी में झांग की स्थिति उन्हें चीनी सेना में सर्वोच्च रैंक का सैन्य अधिकारी बनाती है। जांच के दायरे में आने वाले अन्य वरिष्ठ अधिकारी जनरल लियू जेनली हैं, जो सीएमसी के सदस्य हैं। वह ज्वाइंट स्टाफ डिपार्टमेंट में चीफ ऑफ स्टाफ हैं। रक्षा मंत्रालय ने कहा, सीपीसी केंद्रीय समिति द्वारा विचार-विमर्श के बाद, झांग यूक्सिया और लियू जेनली के खिलाफ जांच शुरू करने का निर्णय लिया गया।
सिंगापुर के एयर बेस कोे बम से उड़ाने की धमकी
देश के पाया लेबर एयर बेस में बम की धमकी मिली। इसे जांच के बाद फर्जी पाया गया। रिपब्लिक ऑफ सिंगापुर एयर फोर्स को देश के सबसे बड़े एयर बेस में बम धमाका करने की धमकी एक ऑनलाइन पोस्ट के जरिये दी गई। इसके बाद एहतियातन कदम उठाए गए और जांच की गई। सिंगापुर तीन से आठ फरवरी के बीच रक्षा-केंद्रित एयर शो की मेजबानी करने वाला है।
मेक्सिको से फरार हत्यारा रोसालेस कैस्टिलो गिरफ्तार
अमेरिकी जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने देश के शीर्ष-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल भगोड़े एलेजांद्रो रोसालेस कैस्टिलो को गिरफ्तार कर लिया है। कैस्टिलो पर आरोप है कि वह 2016 में 23 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में आरोपों से बचने की कोशिश कर रहा था। इस बीच एफबीआई निदेशक काश पटेल ने कैस्टिलो की शार्लोट वापसी की घोषणा की है।