अफगानिस्तान में एक शहर में तालिबान अधिकारियों ने मंगलवार को एक भीड़ भरे खेल स्टेडियम में सार्वजनिक रूप से एक व्यक्ति को गोली मारकर फांसी दी। सुप्रीम कोर्ट के अनुसार, दोषी ने इस साल एक ही परिवार के 13 लोगों की हत्या की थी। हजारों लोग इस फांसी को देखने पहुंचे। यह 2021 में तालिबान की वापसी के बाद 11वीं सार्वजनिक फांसी है। संयुक्त राष्ट्र ने इसे अमानवीय बताते हुए रोकने की अपील की थी।
नेपाल में हर साल मनाया जाएगा ‘जेन-जी शहीद दिवस’
नेपाल सरकार ने देशभर में सरकार-विरोधी प्रदर्शनों में मारे गए लोगों की याद में हर साल ‘जेन-जी शहीद दिवस’ मनाने का फैसला किया है। यह दिवस बिक्रम संवत अनुसार भाद्र 23 को मनाया जाएगा, जो इस वर्ष 8 सितंबर को पड़ा था। सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस निर्णय को औपचारिक मंजूरी दी गई। सरकार ने घोषणा की है कि 8 और 9 सितंबर को काठमांडो के नयाबानेश्वर में हुए प्रदर्शनों में जिन लोगों की मौत हुई थी, उन्हें शहीद का दर्जा दिया जाएगा। उस समय केपी शर्मा ओली की सरकार के निर्देश पर हुई गोलीबारी में कम से कम 22 लोगों की मौत हुई थी, जबकि कुल 76 लोगों की जान गई थी। संचार मंत्री जगदीश खरेल ने बताया कि शहीदों के परिवारों को फोटोयुक्त पहचान पत्र भी दिए जाएंगे। इन प्रदर्शनों के कारण ओली सरकार को इस्तीफा देना पड़ा था। नेपाल का अगला आम चुनाव 5 मार्च को होना है।
यीशु पर बनी रूबेन्स की दुर्लभ पेंटिंग 27 लाख डॉलर में बिकी
बारोक काल के महान चित्रकार पीटर पॉल रूबेन्स की एक लंबे समय से खोई पेंटिंग वर्सलीज में नीलामी के दौरान 27 लाख डॉलर में बिकी। ईसा मसीह (यीशु) को सूली पर चढ़ाए जाने का दृश्य बताने वाली यह पेंटिंग चार सदी से अधिक समय बाद हाल में पेरिस के एक निजी टाउनहाउस में मिली थी। यह एक फ्रांसीसी संग्रह का हिस्सा थी। विशेषज्ञ निल्स ब्यूट्नर ने कहा, यह एकमात्र ऐसी पेंटिंग है जिसमें ईसा मसीह के पार्श्व-घाव से रक्त और पानी बहते दिखाया है। रूबेन्स ने इसे एक बार में बनाया था।
कराची : तेज रफ्तार स्पीडबोट की टक्कर में यात्री नाव डूबी, 2 मरे
पाकिस्तान के कराची के मनोरा के पास समुद्र में रविवार शाम एक निजी स्पीडबोट की टक्कर एक यात्री नाव से हो गई। इस हादसे में एक महिला और एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हुए हैं। डीआईजी सैयद असद रजा ने बताया कि शाम 6:30 बजे जब यह टक्कर हुई तब नाव मनोरा बीच से जेटी नंबर 1 की ओर जा रही थी। टक्कर से नाव पूरी तरह से नष्ट हो गई। इसमें चार परिवारों के कुल 22 लोग घायल हुए हैं। पाकिस्तान नौसेना और कराची पोर्ट ट्रस्ट ने उन्हें बचाया। रजा ने कहा कि दो घायल लड़कियों की हालत नाजुक बनी हुई है।
तस्करी के शक में ईरान में दो द. कोरियाई नागरिक गिरफ्तार
सियोल। दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि ईरान में तस्करी के शक में दो दक्षिण कोरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। मंत्रालय ने कहा कि ईरान में उनका राजनयिक मिशन ईरानी अधिकारियों के साथ संपर्क में है। मंत्रालय ने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों को जरूरी कांसुलर सहायता दी जाएगी। हालांकि, मंत्रालय ने गिरफ्तार किए गए लोगों के पेशा या आरोपों की सटीक प्रकृति के बारे में विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया।
चीनी जल विद्युत प्रोजेक्ट में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप
चीन के फुजियान प्रांत में बन रहा एक प्रमुख हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट योंगआन पावर स्टेशन गंभीर सुरक्षा उल्लंघन के आरोपों के कारण जांच के घेरे में है। चीन की आधिकारिक मीडिया ने बताया कि 7.5 अरब युआन (1.06 अरब अमेरिकी डॉलर) की इस परियोजना में घटिया सामग्री और लापरवाही से निर्माण करने का आरोप है। जांच में पाया गया कि इसके निचले जलाशय (लोअर रिजर्वायर) में गंभीर गुणवत्ता दोष हैं। यह लोअर रिजर्वायर बिजली उत्पादन का मुख्य केंद्र है।
बलूचिस्तान : अर्धसैनिक बल मुख्यालय पर हमले में 3 मौतें
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में अर्धसैनिक बल के मुख्यालय पर हमले की कोशिश को सुरक्षाकर्मियों ने नाकाम बताते हुए प्रतिबंधित संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के तीन चरमपंथियों को ढेर कर दिया। अर्धसैनिक बल का दावा है कि चगाई जिले के नोकुंडी कस्बे में फ्रंटियर कोर (एफसी) मुख्यालय पर आत्मघाती हमले के बाद चरमपंथियों ने वहां घुसने का प्रयास किया। इस पर त्वरित जवाबी कार्रवाई की गई।
प्रवक्ता ने बताया कि कम से कम छह हमलावरों ने जबरन अंदर घुसने की कोशिश की। इस बीच मुख्यालय में घुसने में कामयाब रहे तीन आतंकियों को मार गिराया गया। सूत्रों के अनुसार, बीएलए चरमपंथियों ने पंजगुर के गुरमाकन क्षेत्र में एक अन्य एफसी चौकी को भी निशाना बनाया, जिसके बाद मुठभेड़ हुई। माना जा रहा है इस घटना में कई हमलावर मारे गए लेकिन फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। प्रारंभिक रिपोर्टों के मुताबिक, एक हमलावर ने मुख्य द्वार पर खुद को उड़ा लिया, जिसके कारण कई सशस्त्र हमलावर शिविर में घुस गए। कई घंटे तक झड़पें जारी रहीं।
कोलंबिया ने अति रूढ़िवादी यहूदी समूह के सदस्यों को निर्वासित किया
कोलंबिया ने सोमवार को कहा कि उसने अति-रूढ़ीवादी यहूदी समूह लेव ताहोर के 26 सदस्यों को अमेरिका भेज दिया है। आरोप है कि समूह के कुछ बच्चों के अधिकार खतरे में हैं। जिसके चलते ये कदम उठाया गया। अधिकारियों ने 22 नवंबर को उत्तर-पश्चिमी कोलंबिया के शहर यारुमल में एक होटल पर छापेमारी के बाद 17 बच्चों और नौ व्यस्कों के एक समूह को हिरासत में लिया है।
इमिग्रेशन अधिकारियों ने कहा कि ग्रुप के सभी बच्चों के साथ कम से कम एक पेरेंट था, लेकिन पांच बच्चे ऐसे थे जिनके पास अमेरिकन और ग्वाटेमाला के पासपोर्ट थे और जिनके लिए इंटरपोल येलो नोटिस जारी किए गए थे। लेव ताहोर कई देशों में कानूनी दिक्कतों में फंसा हुआ है, इसके सदस्यों पर बच्चों के अपहरण करने और उन्हें बड़ों से शादी के लिए मजबूर करने का आरोप है।
भारतीय राजदूत क्वात्रा ने शीर्ष अमेरिकी सांसदों के साथ की मुलाकात
अमेरिका में भारत के राजदूत, विनय क्वात्रा ने ऊर्जा, रक्षा और व्यापार में आपसी सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से अमेरिकी सांसदों से मुलाकात की। सोमवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में, क्वात्रा ने लिखा उन्हें वॉशिंगटन में राजदूत के औपचारिक आवास इंडिया हाउस में अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम, रिचर्ड ब्लूमेंथल, शेल्डन व्हाइटहाउस, पीटर वेल्च, डैन सुलिवन और मार्कवेन मुलिन की मेजबानी करके गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने नई दिल्ली और वॉशिंगटन के बीच मजबूत रिश्तों के लिए उनके समर्थन के लिए शुक्रिया अदा किया। इससे पहले सोमवार को, राजदूत ने जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन से मुलाकात की।
खैबर पख्तूनख्वा में आतंकी हमले में अफसर समेत चार की मौत
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में मंगलवार को हुए एक हमले में उत्तर वजीरिस्तान के सहायक आयुक्त सहित कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, यह हमला अज्ञात उग्रवादियों द्वारा घात लगाकर किया गया। हमला बन्नू जिले में हुआ, जहां सहायक आयुक्त शाह वलीउल्लाह के वाहन को निशाना बनाया गया। क्षेत्रीय पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता काशिफ नवाज ने बताया कि घटना कैंट थाना क्षेत्रा में हुई। मंगलवार को हुए इस हमले में वलीउल्लाह की मौत हो गई। दो कांस्टेबल और एक स्थानीय नागरिक भी मारे गए, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मोहम्मद सोहेल अफरीदी ने इस आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने सहायक आयुक्त, दो पुलिसकर्मियों और एक स्थानीय नागरिक की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया और विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
रूस के तेल टैंकर पर फिर हमला
तुर्किये के समुद्री प्राधिकरण ने मंगलवार को बताया कि रूस से जॉर्जिया जा रहा सूरजमुखी तेल ले जाने वाला एक टैंकर काला सागर में हमले का शिकार हुआ है। यह घटना उस समय हुई है जब कुछ दिन पहले ही यूक्रेनी नौसैनिक ड्रोन ने रूस के दो शैडो फ्लीट तेल टैंकरों पर हमला किया था।
डायरेक्टरेट जनरल ऑफ मैरीटाइम अफेयर्स ने बताया कि ‘मिडवोल्गा-2’ नाम का टैंकर तुर्किये के तट से लगभग 130 किलोमीटर दूर हमले की चपेट में आया। जहाज पर मौजूद 13 चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और जहाज ने किसी तरह की सहायता नहीं मांगी है। यह टैंकर तुर्किये के सिनोप बंदरगाह की ओर जा रहा था। जानकारी ‘एक्स’ पर जारी एक बयान में दी गई।
इस्राइली सेना ने दो संदिग्ध फलस्तीनी हमलावरों को ढेर किया
इस्राइली सेना ने मंगलवार को दो संदिग्ध फलस्तीनी हमलावरों को गोली मारकर मार डाला। यह उस इलाके में हिंसा का सबसे नया मामला था, जहां हाल के हफ्तों में लड़ाई बढ़ गई है। इस्राइली सेना ने कहा कि सैनिकों ने एक संदिग्ध को गोली मारकर मार डाला, जिसने सेंट्रल वेस्ट बैंक में एक इस्राइली बस्ती के पास दो सैनिकों पर चाकू से हमला किया था। घटना की जांच की जा रही है। दक्षिणी वेस्ट बैंक में, इस्राइली सेना ने कहा कि उसने एक फलस्तीनी को गोली मारकर मार डाला, जिसने पहले कार से हमला किया था जिसमें एक महिला सैनिक घायल हो गई थी।
गाजा और वेस्ट बैंक में इस्राइली फायरिंग से चार फलस्तीनी मारे गए, एक पत्रकार भी शामिल
गाजा पट्टी और वेस्ट बैंक में मंगलवार को नई हिंसा में चार फलस्तीनियों की मौत हुई। दक्षिणी गाजा के खान यूनिस में एक इस्राइली ड्रोन स्ट्राइक में पत्रकार मोहम्मद वादी मारे गए। इसके अलावा बुरेज़ कैंप के पास एक व्यक्ति को भी गोली मार दी गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 11 अक्तूबर की संघर्ष विराम के बाद से गाजा में 350 से अधिक फलस्तीनी मारे जा चुके हैं। इस्राइल ने घटनाओं पर तत्काल टिप्पणी नहीं की है। वेस्ट बैंक में भी इस्राइली कार्रवाई तेज रही। रामल्ला के पास एक संदिग्ध ने दो सैनिकों पर चाकू से हमला किया, जिसके बाद उसे गोली मार दी गई। हेब्रोन के पास कार-रेमिंग हमले के आरोपी 17 वर्षीय युवक को भी इस्राइली सेना ने ढेर कर दिया। इस्राइल का कहना है कि कार्रवाई हमलावरों को रोकने के लिए है, जबकि फलस्तीनी नागरिकों के बढ़ते हताहतों को लेकर चिंता बढ़ रही है।
श्रीलंका में चक्रवात दित्वाह से 1.4 करोड़ लोग प्रभावित, तीन लाख बच्चे संकट में
श्रीलंका में चक्रवात दित्वाह ने भारी तबाही मचाई है। यूनिसेफ के अनुसार 1.4 मिलियन प्रभावितों में लगभग तीन लाख बच्चे शामिल हैं। 16 नवंबर से लगातार हो रही भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन ने देश के कई इलाकों को पूरी तरह अलग-थलग कर दिया है। अब तक 390 लोगों की मौत हो चुकी है और 352 लापता हैं। यूनिसेफ ने कहा कि 28 नवंबर को पूर्वी तट पर लैंडफाल के बाद चक्रवात ने बड़े पैमाने पर विनाश किया है। कई क्षेत्रों में संपर्क और रास्ते बंद होने से वास्तविक प्रभावितों की संख्या और भी अधिक हो सकती है। रिपोर्टों के अनुसार 2022 के आर्थिक संकट से जूझ रहे कमजोर समुदायों के लिए यह आपदा हालात और कठिन करेगी। विश्व बैंक के मुताबिक गरीबी 2019 के मुकाबले दोगुनी हो चुकी है, जिससे लाखों परिवारों के सामने बुनियादी जरूरतें पूरा करना चुनौती बन गया है।