श्रीलंका में पिछले 11 दिनों में भारी बारिश, बाढ़ और लैंडस्लाइड से 31 लोगों की मौत हो गई है और करीब 4000 लोग प्रभावित हुए हैं। यह आइलैंड देश मौसम से जुड़ी सबसे बुरी मुश्किलों में से एक से जूझ रहा है। श्रीलंका के आपदा प्रबंधन केंद्र ने गुरुवार को कहा कि लैंडस्लाइड की वजह से अकेले सेंट्रल पहाड़ी जिलों में 18 लोगों की मौत की खबर है। एक डरावनी घटना में, कुम्बुक्काना में एक पैसेंजर बस बढ़ते बाढ़ के पानी में फंस गई। एक रिपोर्ट के मुताबिक, इमरजेंसी टीमों ने 23 यात्रियों को सफलतापूर्वक बचाया। वहीं एक समाचार पोर्टल की रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 10 लोग घायल हुए हैं, जबकि 14 लोग लापता बताए जा रहे हैं।
राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने 25 एडमिनिस्ट्रेटिव जिलों में से 17 में बिगड़ती स्थिति का जायजा लेने के लिए एक क्राइसिस मीटिंग बुलाई थी। मौसम ब्यूरो के अनुसार, आइलैंड के दक्षिण-पूर्व इलाके में कम दबाव की स्थिति बन गई है, जो एक डिप्रेशन में बदल गया है और बट्टिकलोआ से 210 km दक्षिण-पूर्व में केंद्रित है। इसमें आगे कहा गया, 'इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और अगले 12 घंटों में एक गहरे डिप्रेशन में बदलने की बहुत संभावना है।' इसमें कहा गया है कि आइलैंड के कई हिस्सों में 200 मिमी से ज्यादा भारी बारिश होने की संभावना है।
हिफ्जुर रहमान लीबिया में भारत के अगले राजदूत नियुक्त
राजनयिक डॉ. हिफ्जुर रहमान को लीबिया गणराज्य में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया गया है। विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। विदेश मंत्रालय ने बताया कि डॉ. हिफ्जुर रहमान वर्तमान में चाड गणराज्य में भारत के राजदूत के रूप में कार्यरत हैं। उम्मीद है कि वह जल्द ही नया कार्यभार संभालेंगे। उन्होंने मिडिल ईस्ट (सऊदी अरब, सीरिया और ट्यूनीशिया) में लंबे समय तक राजनयिक की जिम्मेदारी संभाली है। इस वजह से उन्हें अरब की राजनीति, संस्कृति और अर्थव्यवस्था की समझ है।
लीबिया में भारत की कई प्राथमिकताएं हैं, उनमें सबसे अहम वहां रहने वाले भारतीयों की सुरक्षा है। इसके अलावा ऊर्जा और तेल के क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाना भी भारत की प्राथमिकता है। बता दें, लीबिया अफ्रीका का बड़ा तेल उत्पादक देश है। ऐसे में भारतीय राजदूत का अनुभव तेल आयात में स्थिरता लाने में काम आ सकता है।
पाकिस्तान: जनरल साहिर शामशाद मिर्जा सीजेसीएससी के चेयरमैन के पद से सेवानिवृत्त
पाकिस्तान के ज्वाइंट चीफ ऑफ स्टाफ कमिटी (सीजेसीएससी) के चेयरमैन जनरल साहिर शामशाद मिर्जा गुरुवार को सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सेवानिवृत्ति उस समय हुई, जब हाल ही में पारित 27वें संविधान संशोधन के तहत इस शीर्ष पद को खत्म कर दिया गया। इस बड़े संशोधन के बाद देश के उच्च रक्षा ढांचे को पुनर्गठित किया गया है और चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज (सीडीएफ) नाम से एक नया पद बनाया गया है।
सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर देश के पहले सीडीएफ होंगे। उन्हें 2024 में तीन साल के लिए सेना प्रमुख नियुक्त किया गया था। 27वां संविधान संशोधन मुनीर को 2030 तक सीडीएफ के पद पर बने रहने की अनुमति देता है। सीजेसीएससी का पद 1971 के युद्ध के बाद सशस्त्र बलों के बीच तालमेल बढ़ाने के लिए बनाया गया था, लेकिन यह एक शक्तिशाली संस्था के रूप में विकसित नहीं हो पाई और वास्तविक शक्ति हमेशा सेना प्रमुख के पास ही रही।
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया सीसीयू में भर्ती, दिल और फेफड़ों में संक्रमण
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी की चेयरपर्सन खालिदा जिया को बृहस्पतिवार को एक विशेष अस्पताल के सीसीयू (कोरोनरी केयर यूनिट) में भर्ती किया गया। 80 वर्ष की खालिदा जिया को रविवार रात सीने में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। संक्रमण से उनके दिल और फेफड़े प्रभावित हुए हैं। बीएनपी मीडिया सेल के सदस्य शैफुल कबीर खान ने बताया कि वह एक मेडिकल बोर्ड की करीबी निगरानी में इलाज करा रही हैं, जिसमें बांग्लादेशी और विदेशी डॉक्टर शामिल हैं। खालिदा जिया लीवर, किडनी, मधुमेह और गठिया समेत कई स्वास्थ्य जटिलताओं से जूझ रही हैं। बीएनपी ने शुक्रवार को जुम्मा की नमाज के बाद विशेष प्रार्थना आयोजित करने का भी एलान किया। बीएनपी पिछले साल अगस्त में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद बांग्लादेश के बदले राजनीतिक परिदृश्य में सबसे आगे चल रही है।
तुर्किये पहुंचे पोप लियो चौदहवें
पोप लियो चौदहवें गुरुवार को तुर्किये पहुंचे। यह उनका पहला विदेशी दौरा है। वह पोप फ्रांसिस की उस योजना को पूरा कर रहे हैं जिसमें एक खास ईसाई वर्षगांठ मनानी थी।साथ ही यूक्रेन युद्ध खत्म करने और पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के प्रयासों के बीच क्षेत्र को शांति का संदेश देना था। लियो का चार्टर विमान अंकारा के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा।
इसके बाद उनकी तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोआन के साथ बैठक तय है और देश के राजनयिक समुदाय को संबोधित करना भी कार्यक्रम में शामिल है। फिर गुरुवार देर रात वे इस्तांबुल जाएंगे, जहां तीन दिन तक ईसाई एकता और अंतरधार्मिक बैठकों में हिस्सा लेंगे। उसके बाद उनकी यात्रा का अगला चरण लेबनान होगा।
पाकिस्तान: बलूचिस्तान रिपब्लिकन आर्मी के दो सदस्यों को 31-31 साल की कैद
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में करीब तीन किलोग्राम विस्फोटक और हथियार बरामद होने के बाद एक अदालत ने प्रतिबंधित बलूचिस्तान रिपब्लिकन आर्मी (बीआरए) के दो सदस्यों को 31-31 साल की कैद की सजा सुनाई है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
बलूचिस्तान के रोझान के रहने वाले सदार और नबी दादा के खिलाफ मामला साहिवाल की आतंकवाद-निरोधक अदालत (एटीसी) में चला, जिसने बुधवार को दोनों बीआरए कार्यकर्ताओं को 31-31 साल की सजा सुनाई। दोनों को सजा के बाद साहिवाल केंद्रीय जेल भेज दिया गया। पंजाब पुलिस के आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) ने बताया कि पिछले साल जून में पाकपट्टन जिले में छापेमारी के दौरान दोनों को गिरफ्तार किया गया था। यह जिला लाहौर से लगभग 200 किलोमीटर दूर है।
सीटीडी ने बताया, दोनों एक कानून-प्रवर्तन एजेंसी की एक इमारत में बम धमाका करने की योजना बना रहे थे। उनके कब्जे से करीब 3,000 ग्राम विस्फोटक सामग्री, तारें, एक लोहे का डिब्बा, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, डेटोनेटर, हथियार और नकदी बरामद हुई।
पेरू के पूर्व राष्ट्रपति विजकार्रा को 14 साल की जेल
पेरू की एक अदालत ने पूर्व राष्ट्रपति मार्टिन विजकार्रा को एक दक्षिणी राज्य के गवर्नर के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार योजना में उनकी भूमिका के लिए 14 साल जेल की सजा सुनाई है। विजकार्रा को तत्काल कारावास की सजा सुनाई गई और सार्वजनिक पद से नौ वर्ष का प्रतिबंध लगा दिया गया।
अदालत ने निष्कर्ष निकाला कि विजकार्रा ने मोकेगुआ के गवर्नर के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान दो प्रमुख परियोजनाओं - एक सिंचाई प्रणाली और एक अस्पताल के निर्माण - के लिए ठेके देने के बदले में कंपनियों से अवैध भुगतान प्राप्त किया था। अधिकारियों ने विजकार्रा पर निर्माण कंपनियों से लगभग 611,000 डॉलर की रिश्वत लेने का आरोप लगाया। अभियोजकों ने 15 वर्ष की जेल की सजा का अनुरोध किया था।
पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा में चेक पोस्ट पर आतंकवादी हमले में 3 पुलिसकर्मी मारे गए
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में बुधवार को एक जांच चौकी पर आतंकवादियों के हमले में तीन पुलिस कर्मियों की मौत हो गई। जिला पुलिस अधिकारी खान जैब ने बताया कि यह हमला हांगू जिले के काजी तालाब पुलिस चेकपोस्ट पर हुआ, जब आतंकवादियों ने पास के पहाड़ से सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी की।
पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद भीषण गोलीबारी शुरू हो गई। हालांकि, गोलीबारी में तीन पुलिसकर्मी मारे गए। जैब ने बताया कि हमलावरों की तलाश के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने हमले की कड़ी निंदा की और बिना किसी देरी के अतिरिक्त सुरक्षा बलों को घटनास्थल पर भेजने का आदेश दिया।