श्रीलंकाई नौसेना ने रविवार को श्रीलंका के जलक्षेत्र में नेदुनथीवु के पास मछली पकड़ने के आरोप में तमिलनाडु के 22 मछुआरों को हिरासत में लिया। नौसेना का कहना है कि तमिनाडु से कई नावों में सवार होकर मछुआरे द्वीप राष्ट्र के समुद्री क्षेत्र में आए थे। जिस दौरान मछुआरे नेदुनदीवु के पास मछली पकड़ रहे थे तो श्रीलंकाई नौसेना मौके पर पहुंची और मछुआरों की तीन नौकाओं को जब्त कर लिया।
ताइवान के ऊपर से गुजरा सैटेलाइट लेकर जा रहा चीनी रॉकेट
ताइवान के रक्षा मंत्रालय (एमएनडी) ने बताया कि सैटेलाइट लेकर जा रहा एक चीनी रॉकेट शनिवार को दक्षिण ताइवान के ऊपर से गुजरा। हालांकि, एमएनडी ने जानकारी दी कि रॉकेट से देश को कोई खतरा नहीं है। चीनी रॉकेट को चीन के सिचुआन में शिचांग सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से दोपहर तीन बजे (स्थानीय समयानुसार) लॉन्च किया गया। ताइवान के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, रॉकेट पहले ही पृथ्वी के वातावरण से बाहर निकल चुका था, जब यह ताइवान के ऊपर से गुजरा। ताइवान के एमएनडी ने कहा कि वह प्रक्षेपण पर बारीकी से नजर रख रहा है। खुफिया और निगरानी प्रणालियों के माध्यम से वास्तविक समय की जानकारी का भी पता लगा रहा है। मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि ताइवान ने शुक्रवार को प्रक्षेपण के बारे में लोगों को सचेत किया था। इससे पहले नौ जनवरी को ताइवान के सुरक्षा बलों ने मंगलवार को अपने दक्षिणी हवाई क्षेत्र में एक चीनी सैटेलाइट के उड़ने के बाद देशव्यापी हवाई हमले की चेतावनी जारी की थी ताइवान के एमएनडी ने कहा कि सशस्त्र बलों की संयुक्त खुफिया, निगरानी समूह बारीकी से निगरानी कर रहा है।
केंटुकी में नाइट क्लब के बाहर हुई गोलीबारी, एक व्यक्ति की मौत
केंटकी के लुइसविले में शनिवार को एक नाइट क्लब के बाहर हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। लुइसविले पुलिस मेट्रो विभाग के बयान के अनुसार, स्थानीय समयानुसार देर रात 12 बजकर 47 मिनट पर एच20 लाउंज के बाहर दमकल कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। वहां गोली लगने से दो घायल लोग मिले, जिनमें से एक शख्स की मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि दूसरे व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में, चिकित्सा कर्मचारियों ने बताया कि कुल सात लोग इलाज के लिए अस्पताल लाए गए हैं। पुलिस विभाग के एक सार्वजनिक सूचना अधिकारी एरोन एलिस ने बताया कि सभी घायलों को गोली लगी है। हालांकि अधिकारी ने संदिग्ध के बारे में किसी भी जानकारी का उल्लेख नहीं किया है और यह स्पष्ट नहीं है कि कितने लोगों ने गोलियां चलाईं या गोलीबारी का कारण क्या था।
इटली तट पर जहाज हादसे के 14 और पीड़ितों के शव मिले
इटली के तट रक्षक बल ने दक्षिणी इतालवी तटरेखा से दूर इओनियन सागर में पिछले हफ्ते जहाज के मलबे से 14 और शव बरामद किए हैं। हादसे में डूबकर मरने वालों की संख्या 34 हो गई है। दर्जनों लोग अभी भी लापता हैं। शवों को कैलाब्रिया के एक बंदरगाह पर रखा जा रहा है। डूबने वालों की खोज में तट से लगभग 190 किलोमीटर दूर, तीन तट रक्षक जहाज हवा और समुद्र में सक्रिय रहे।
इस्राइल के गाजा पर हमलों में 84 की मौत
इस्राइली सुरक्षा बलों ने गाजा पर हमले तेज कर दिए हैं। हमास समर्थक मीडिया ने दावा किया कि गाजा सिटी के फलस्तीनी शिविरों पर हुए इस्राइली हमले में शनिवार को 42 लोगों की मौत हो गई। गाजा पट्टी के अल-शती शरणार्थी शिविर पर हमले में 24 लोग मारे गए, जबकि अल-तूफाह में हुए हमले में 18 फलस्तीनी मारे गए। इस्राइली हमलों में 50 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना है। राफा में नागरिक रक्षा के प्रवक्ता अहमद राडवान के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बचावकर्मियों को तटीय क्षेत्र में टेंटों वाले दो स्थानों पर गोलाबारी के बारे में बताया. स्वास्थ्य मंत्रालय ने हमलों में मारे गए और घायल हुए लोगों की संख्या की जानकारी दी।