फ्रांस के नीस शहर में एक चर्च के बाहर दो महिलाओं समेत तीन लोगों की हत्या से पूरे देश में आक्रोश है। फ्रांस ने इसे आतंकी घटना करार दिया है। इसको लेकर दुनिया के तमाम मुल्क फ्रांस के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।
साथ ही दुनिया के सबसे ताकतवर मुल्क के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस को समर्थन दिया और कहा कि अमेरिका इस लड़ाई में अपने सबसे पुराने सहयोगी के साथ खड़ा है।
ट्रंप ने ट्वीट कर कहा कि हमारा दिल फ्रांस के लोगों के साथ है। अमेरिका इस लड़ाई में अपने सबसे पुराने सहयोगी के साथ खड़ा है। इन कट्टरपंथी इस्लामिक आतंकवादी हमलों को तुरंत रोक देना चाहिए।
गौरतलब है, कुछ इस्लामिक देश और संगठनों ने फ्रांस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। क्योंकि फ्रांस सरकार ने सख्त कदम उठाते हुए कुछ मस्जिदों को बंद कर दिया है। इसे लेकर कई मुस्लिस देशों में नाराजगी सामने आई है। लेकिन यूएई जैसे इस्लामिक देश का फ्रांस को समर्थन मिलना बड़ी बात माना जा रहा है।