अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप को अंगुली दिखाने वाली महिला ने वर्जीनिया स्थानीय कार्यालय चुनाव में जीत दर्ज की हैं। जूली ब्रिस्कमैन, वर्ष 2017 में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के गुजरते काफिले को अंगुली दिखाने को लेकर अचानक से सुर्खियों में आ गई थीं। यह तस्वीर एएफपी ने ली थी और देखते-देखते वह पूरी दुनिया में वायरल हो गई थी।
उन्होंने राज्य चुनाव में लाउडाउन काउंटी बोर्ड ऑफ सुपरवाइजर की सीट पर ट्रंप की पार्टी के उम्मीदवार को हरा दिया। दो बच्चों की एकल अभिभावक जूली को वायरल हुई इस तस्वीर की वजह से 2017 में यूनाइटेड स्टेट्स गवर्नमेंट में मार्केटिंग ऐनालिस्ट के पद वाली नौकरी से निकाल दिया गया था।
52 वर्षीय जूली ने बताया कि लेकिन, इस वजह से उनके लिए ‘बहुत सारे दरवाजे’ खुल भी गए, जिसमें डेमोक्रेटिक पार्टी की टिकट पर स्थानीय कार्यालय चुनाव लड़ने का निमंत्रण भी शामिल था। जूली ने डेमोक्रेट पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा और जिस ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार सुजैन वोल्प को हराया। जूली ने कहा कि कैम्पेन के दौरान उन्होंने केवल शिक्षा, महिलाओं के अधिकार, परिवहन और पर्यावरण के मुद्दे पर नागरिकों से बात की और कभी भी उन्होंने 2017 की घटना का जिक्र नहीं किया। नतीजा अब सभी के सामने है।