फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Israel: बेटा बीच पर कर रहा मौज, PM पत्नी के साथ दोस्त की हवेली में; युद्ध के बीच निशाने पर नेतन्याहू परिवार

Mon, 30 Oct 2023 02:59 PM IST
शिवेंद्र तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

Netanyahu Family: इस्राइली सेना बीते तीन हफ्ते से हमास के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। ऐसे नाजुक वक्त में इस्राइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू पत्नी सारा के साथ एक अरबपति दोस्त की हवेली में चले गए हैं। इस कदम की इस्राइल में काफी आलोचना हो रही है। 
विज्ञापन
नेतन्याहू परिवार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इस्राइल और हमास के बीच पिछले तीन हफ्ते से भी ज्यादा समय से लड़ाई छिड़ी हुई है। इस संघर्ष में हजारों की संख्या में लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। वहीं हमास ने 200 से ज्यादा इस्राइली नागरिकों को बंधक बना रखा है। इन लोगों के परिजन लगातार सरकार से अपनों को मुक्त कराने की मांग कर रहे हैं। इसके लिए कई प्रयास भी किए गए, जो असफल रहे। लिहाजा प्रभावित परिवारों का सरकार के प्रति गुस्सा भी देखने को मिल रहा है। 

विज्ञापन


इस बीच आम इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू के प्रति आक्रोश जाहिर कर रहे हैं, जिन्होंने युद्ध के बीच दोस्त के आलीशान और सुरक्षित बंगले को अपना ठिकाना बना लिया है। हालांकि, इससे पहले संघर्ष के बीच अमेरिका में बीच पर मस्ती करने की वजह से पीएम के बेटे याइर नेतन्याहू भी आलोचना का शिकार हो चुके हैं। वहीं खुद इस्राइली पीएम को न्यायिक सुधार कानून के वजह से अपनों की बगावत झेलनी पड़ी थी। 

ऐसे में हमें जानना चाहिए कि अभी इस्राइली प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी की आलोचना क्यों हो रही है? पीएम के बेटे को लेकर क्या विवाद हुआ? न्यायिक सुधार कानून की वजह से पीएम नेतन्याहू क्यों घिरे थे? 

विज्ञापन

पहले जानते हैं अभी इस्राइली प्रधानमंत्री और उनकी पत्नी की आलोचना क्यों हो रही है? 
इस्राइली सेना बीते तीन हफ्ते से हमास के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। वहीं, इस्राइल में आम लोगों को चौबीसों घंटे अपनी जान का डर सता रहा है। हर वक्त इसी बात का डर लगा रहता है कि कहां से हमला हो जाएगा। लोगों की आम जिंदगी पूरी तरह से कैद हो चुकी है। दिन भर बजते सायरन इनकी दिनचर्या का अनचाहा हिस्सा बन चुके हैं। ऐसे वक्त में इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा अपने एक अरबपति दोस्त की आलीशान हवेली में चले गए हैं।
 
एक ब्रिटिश समाचार पत्र ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया कि निजी हवेली यरूशलम में स्थित है, जिसमें एक एक गहरा परमाणु बंकर है। सुरक्षाकर्मी दिनभर परिसर की सुरक्षा में मौजूद रहते हैं। नेतन्याहू जिस महल में ठहरे हुए उसके मालिक अमेरिकी अरबपति साइमन फालिक हैं। बताया जाता है कि अमेरिकी अरबपति के पास यरूशलम में दो, जबकि कैसरिया के तटीय शहर में एक आवास है।

जानकारी के अनुसार, साइमन ने नेतन्याहू को यरूशलम में अपनी आलीशान हवेली की पेशकश की थी। कहा गया कि कर्मचारियों को उनके निजी शेफ सहित वहां स्थानांतरित किया जा रहा है। तैयारियों को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि नेतन्याहू आने वाले समय में वैश्विक नेताओं के साथ बैठकें भी यहीं करेंगे।

...तो दोस्त की हवेली में क्यों शिफ्ट हुए पीएम नेतन्याहू?
अखबार की रिपोर्ट की मानें तो ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि हमास के हमले के बाद से अचानक बेंजामिन नेतन्याहू की लोकप्रियता में गिरावट आई है। इस बीच उनकी पत्नी सारा की भी तीखी आलोचना की गई है। सारा को 7 अक्तूबर को हमास के हमले पर सरकार की प्रतिक्रिया में देरी के लिए दोषी ठहराया गया है। एक सुरक्षा सूत्र के हवाले से अखबार ने कहा कि सारा नेतन्याहू इस्राइल की राजनीति में एक अहम स्थान रखती हैं। वह वर्तमान में प्रधानमंत्री के सबसे करीबी सलाहकार के रूप में जिम्मेदारी निभा रही हैं। 

इस कदम से इस्राइल में आक्रोश देखा जा रहा है। पत्रकार उरी मिसगाव ने आलीशान बंगले की तस्वीरें साझा कीं और नेतन्याहू परिवार पर अपना गुस्सा निकाला। मिसगाव ने कहा कि वह नेतन्याहू परिवार के लिए तीन घरों के नवीनीकरण और सुरक्षा के लिए फंडिंग करेंगी। 

इस्राइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू और उनके बेटे याइर नेतन्याहू - फोटो : अमर उजाला
इस्राइल-हमास लड़ाई में पीएम के बेटे याइर क्यों विवाद में आए?
इससे पहले पीएम बेंजामिन नेतन्याहू के बेटे याइर नेतन्याहू भी आम लोगों के निशाने पर आए थे। दरअसल, याइर नेतन्याहू इस साल की शुरुआत में अमेरिका के फ्लोरिडा गए थे और अभी भी वहीं पर हैं। इसी बीच याइर की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिसमें वह एक बीच पर मस्ती करते दिख रहे हैं। तस्वीर वायरल होने के बाद आम इस्राइली और सैनिकों में काफी गुस्सा देखने को मिला। 

मोर्चे पर तैनात एक इस्राइली नागरिक ने कहा कि याइर, मियामी बीच पर अपनी जिंदगी के आनंद ले रहे हैं और हम अपनी नौकरी, अपना परिवार और बच्चे छोड़कर लड़ने के लिए मोर्चे पर आए हैं, लेकिन वो लोग नहीं आए हैं, जो इस स्थिति के लिए जिम्मेदार हैं।

एक अन्य इस्राइली सैनिक ने कहा कि मैं अमेरिका से अपनी नौकरी, अपना परिवार और अपनी जिंदगी छोड़कर यहां आया हूं। ऐसा नहीं हो सकता कि मैं अपने देश को ऐसे मुश्किल वक्त में अकेला छोड़ दूं, लेकिन प्रधानमंत्री के बेटे कहां हैं? वह इस्राइल में क्यों मौजूद नहीं हैं?' 

बता दें कि इस्राइल के अनिवार्य सैन्य सेवा नियम के लिहाज से आपातकाल के वक्त याइर को इस्राइली रिजर्व सैनिकों के साथ सेवा में होना चाहिए। जब ऐसा नहीं हुआ तो इस्राइली नागरिकों और सैनिकों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
विज्ञापन

इस्राइल में न्यायिक सुधार कानून का विरोध - फोटो : सोशल मीडिया
न्यायिक सुधार कानून की वजह से पीएम नेतन्याहू क्यों घिरे थे? 
यह साल इस्राइल के प्रधानमंत्री के लिए कुछ खास नहीं गुजरा है। दरअसल, इसी साल जनवरी में सरकार न्यायिक सुधार कानून लाई थी, जिसका व्यापक विरोध हुआ। सुधारों की घोषणा के बाद से लेकर जुलाई में कानून पास होने तक इस्राइल में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए। विपक्ष समेत तमाम नागरिक संगठनों ने कानून को न्यायपालिका की शक्ति कमजोर करने वाला बताया। वहीं, जनता में भारी विरोध के बीच रक्षा मंत्री भी अपनी सरकार के खिलाफ हो गए। हालांकि, मार्च में नेतन्याहू ने अपने रक्षा मंत्री योआव गैलेंट को बर्खास्त कर दिया। बता दें कि नए कानून के तहत 120 सीटों वाली इस्राइली संसद में 61 सांसदों के साधारण बहुमत से सुप्रीम कोर्ट के फैसले को रद्द किया जा सकेगा। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें