व्हाइट हाउस आर्थिक सलाहकार पीटर नवारो
- फोटो : twitter
कुछ दिन पहले ही अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव का खत्म हुआ। अमेरिका की जनता ने जो बाइडन को अपना नया राष्ट्रपति चुना है, लेकिन डोनाल्ड ट्रंप अपनी गद्दी छोड़ने को तैयार नहीं हैं, उन्होंने वोटों की गिनती को लेकर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
वहीं, अब व्हाइट हाउस के आर्थिक सलाहकार पीटर नवारो का बयान सामने आया है, उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप स्पष्ट रूप से चुनाव जीते हैं और दावा करते हैं कि हम ट्रंप के व्हाइट हाउस में दूसरे कार्यकाल की योजनाओं के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
पीटर ने धोखाधड़ी के दावों का हवाला दिया, उन्होंने कहा कि ट्रंप टीम को अभी तक बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का सबूत मिले हैं, जिसे लेकर वह आगे की कार्रवाई करेंगे। उन्होंने चीन के बारे में संवाददाताओं के सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया, चीन ने जो बाइ़डन को उनकी जीत पर बधाई दी थी।
आर्थिक सलाहकार पीटर नवारो ने साफ कहा कि वोटिंग की गिनती में बड़ी धोखाधड़ी हुई है। उन्होंने फॉक्स बिजनेस नेटवर्क पर मारिया बार्टिरोमो को बताया, वह इस धारणा के तहत व्हाइट हाउस में आगे बढ़ रहे हैं कि ट्रंप का दूसरा कार्यकाल होगा।
निजी सलाहकार ने कहा- नहीं बदलेंगे चुनावी परिणाम
दूसरी तरफ ट्रंप के निजी वकील रूडोल्फ गियुलियानी जहां कानूनी कार्रवाई पर आगे बढ़ने का समर्थन कर रहे हैं, वहीं उनके सलाहकार व सचिव इसके खिलाफ हैं। वे मानते हैं कि कानूनी कार्रवाई के बावजूद चुनाव परिणाम अब नहीं बदलने वाला। इसके बावजूद ट्रंप ने रविवार शाम घोषणा की है कि जॉर्जिया के प्रतिनिधि डो कॉलिन्स फिर से होने वाली गणना की निगरानी करेंगे।
बता दें कि 77 साल के बाइडन अब अमेरिकी इतिहास के सबसे अधिक आयु वाले राष्ट्रपति बन गए हैं। 20 नवंबर को उनका जन्मदिन है यानी वह 78 साल के हो जाएंगे। 20 जनवरी 2021 को बाइडन अमेरिका के 46वें राष्ट्पति के रूप में शपथ लेंगे।