अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
- फोटो : PTI
अमेरिका में आगामी राष्ट्रपति चुनाव अपने तय समय पर ही होंगे। व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ मार्क मीडोज ने सोमवार को इस बात की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि चुनाव तीन नवंबर को ही होंगे और इसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की जीत होगी। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि अगर मेल-इन बैलेट से 100 फीसदी वोटिंग होती है, तो नतीजे समय पर नहीं आ सकेंगे।
ज्ञात हो कि कुछ दिनों पहले ही ट्रंप ने ट्वीट कर चुनाव टलने के संकेत दिए थे। ट्रंप ने मेल-इन बैलेट को लेकर चिंता जाहिर की थी और कहा था कि ये चुनाव इतिहास के सबसे फर्जी चुनाव होंगे और अमेरिका के लिए शर्मिंदगी का कारण बनेंगे। हालांकि, बाद में उन्होंने इससे इनकार भी कर दिया था।
ट्रंप द्वारा उठाए गए इसी मुद्दे पर मीडोज ने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि ट्रंप ने सिर्फ मेल-इन बैलेट पर अपनी चिंता सबके सामने रखी थी। उनका भी यही मानना है कि देश में चुनाव समय पर होने चाहिए। मीडोज ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप का मेल इन बैलेट को लेकर चिंता करना जायज है। अगर हम 100 फीसदी वोटिंग इसके जरिए कराएंगे तो वोटिंग के नतीजे आने में वक्त लगेगा। मैं तो कहता हूं कि हम एक जनवरी तक नतीजे का ऐलान नहीं कर पाएंगे।
दरअसल ट्रंप ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति चुनाव टालने का सुझाव दिया था। उन्होंने चुनावों में मेल-इन बैलेट से वोटिंग में गड़बड़ी की आशंका जताई थी। इसके बाद ट्रंप की आलोचना भी शुरू हो गई थी, इसपर ट्रंप ने अपना बचाव करते हुए कहा था कि वे चुनाव टालना नहीं चाहते हैं, लेकिन फर्जी वोटों से बचना चाहते हैं।