व्हाइट हाउस डिनर हमले के आरोपी ने न्याय विभाग के प्रमुखों पर ही पक्षपात का आरोप लगाकर कानूनी लड़ाई को दिलचस्प बना दिया है। पीड़ित अधिकारियों की ओर से ही केस चलाने की इस चुनौती ने अब अमेरिकी अदालती प्रक्रिया और निष्पक्षता को कसौटी पर खड़ा कर दिया है। क्या है मामला? खबर में जानिए...
अमेरिका से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन डिनर हमले के आरोपी कोल टॉमस एलन ने नया दांव चला है। एलन ने न्याय विभाग के शीर्ष अधिकारियों को इस मामले से दूर करने की मांग की है। बचाव पक्ष का तर्क है कि ये अधिकारी खुद इस घटना के पीड़ित या गवाह हो सकते हैं। ऐसे में वे इस मामले में निष्पक्ष निर्णय नहीं ले पाएंगे।
विज्ञापन
न्याय विभाग के शीर्ष अधिकारियों पर सवाल
कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच और अमेरिकी अटॉर्नी जीनिन पीररो 25 अप्रैल को वाशिंगटन हिल्टन में मौजूद थे। उसी शाम आरोपी कोल टॉमस एलन ने सुरक्षा घेरा तोड़कर हमला किया था। एलन पर आरोप है कि उसने एक सीक्रेट सर्विस अधिकारी पर शॉटगन से फायरिंग की। गुरुवार को कोर्ट में दाखिल याचिका में एलन के वकीलों ने तर्क दिया कि ब्लैंच और पीररो का इस केस में शामिल होना हितों के टकराव जैसा है।
पीड़ित कैसे बन सकता है अभियोजक?
सार्वजनिक रक्षक यूजीन ओम और टेजीरा अबे ने कड़े शब्दों में अदालत से अपील की है। उन्होंने लिखा, 'दुनिया देखेगी कि अमेरिकी न्याय प्रणाली कैसे एक पीड़ित को उसी मामले में अभियोजक बनने की अनुमति दे सकती है?' वकीलों ने सुझाव दिया कि मामले की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए एक विशेष अभियोजक नियुक्त किया जाना चाहिए। उनका दावा है कि फायरिंग के दौरान ब्लैंच और पीररो को भी अपनी जान बचाने के लिए टेबल के नीचे छिपना पड़ा था।
पीररो का सख्त रुख
यूएस अटॉर्नी जीनिन पीररो ने इस पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि उनका कार्यालय अदालत में इसका जवाब देगा। पीररो ने कहा कि राजनीतिक हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि पीररो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की करीबी मित्र मानी जाती हैं। वहीं टॉड ब्लैंच भी न्याय विभाग में आने से पहले ट्रंप के निजी वकील रह चुके हैं। एलन पर राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या की साजिश रचने का भी गंभीर आरोप है।
क्या है पूरा मामला?
कैलिफोर्निया निवासी 31 वर्षीय कोल टॉमस एलन पर हत्या के प्रयास सहित कई संगीन आरोप हैं। 25 अप्रैल की रात उसने शॉटगन से सुरक्षा अधिकारी पर हमला किया था। अधिकारी की जान उसकी बुलेट-प्रूफ जैकेट की वजह से बच गई। एलन को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। यदि वह दोषी पाया जाता है, तो उसे उम्रकैद तक की सजा हो सकती है। फिलहाल जज ट्रेवर मैकफैडेन इस याचिका पर विचार कर रहे हैं।