अमेरिका-इस्राइल की तरफ से ईरान पर हमले जारी है। इसी बीच ईरानी मीडिया की तरफ से दावा किया गया है कि देश के इस्फहान शहर अमेरिका-इस्राइल के हमले में 15 लोगों की मौत हो गई है। इस्फहान मध्य ईरान का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक शहर माना जाता है और यहां कई रक्षा तथा तकनीकी से जुड़े प्रतिष्ठान हैं।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका और इस्राइल ने ईरान के मध्य हिस्से में स्थित औद्योगिक शहर इस्फहान पर बड़ा हवाई हमला किया है। ईरानी मीडिया के मुताबिक इस हमले में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए हैं। यह जानकारी ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी फार्स ने दी है। शुरुआती जानकारी में कहा गया है कि हमले का निशाना इस्फहान का औद्योगिक क्षेत्र था, हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि किस खास ठिकाने को टारगेट किया गया था। स्थानीय प्रशासन और राहत दल घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने और नुकसान का आकलन करने में जुटे हुए हैं।
विज्ञापन
महत्वपूर्ण औद्योगिक शहर है इस्फहान शहर
इस्फहान ईरान का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक शहर माना जाता है और यहां कई रक्षा तथा तकनीकी से जुड़े प्रतिष्ठान मौजूद हैं। इसी वजह से यह शहर लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय तनाव के केंद्र में रहा है। वहीं इस हमले को लेकर अमेरिका और इस्राइल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पश्चिम एशिया में पहले से जारी सैन्य तनाव के बीच इस हमले के बाद क्षेत्र में हालात और ज्यादा गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।
ईरानी राष्ट्रपति का अमेरिका-इस्राइल पर आरोप
वहीं, ईरान की राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने कहा कि युद्ध के बावजूद ईरान में कामकाज सामान्य रूप से जारी है, क्योंकि सरकार में हमारे सहयोगियों ने सेवाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए अथक प्रयास किए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा, 'इस थोपे गए और अन्यायपूर्ण युद्ध को पंद्रह दिन बीत चुके हैं, और परिवहन, संचार और अन्य चुनौतियों के बावजूद, सरकार में हमारे सहयोगियों के प्रयासों के कारण, जनता को सेवाएं प्रदान करने में कोई गंभीर बाधा नहीं आई है।' उन्होंने आगे कहा, 'ईरान के नेक लोगों, आपके सहयोग से हम इन परिस्थितियों से पार पाएंगे और इस्राइल और अमेरिका द्वारा नष्ट की गई हर चीज का पुनर्निर्माण पहले से भी बेहतर तरीके से करेंगे।'