टाइम्स स्क्वॉयर व नियाग्रा फॉल्स से लेकर प्रिंसटन यूनिवर्सिटी और हवाई अड्डे तक, भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्य पीएम नरेंद्र मोदी की आगामी राजकीय यात्रा को लेकर उनके नेतृत्व पर गर्व जताते हुए प्रतिष्ठित अमेरिकी स्थानों से स्वागत संदेश भेज रहे हैं। प्रवासी समुदाय मोदी का स्वागत करते हुए वीडियो संदेश पोस्ट करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा ले रहे हैं।
बता दें पीएम मोदी 21 जून को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह के नेतृत्व के बाद कई आधिकारिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। पीएम को भेजे जा रहे संदेशों में ‘भारत-अमेरिका मित्रता अमर रहे’, ‘हम पीएम का स्वागत करना चाहते हैं’, ‘नमस्कार और स्वागत है’... कुछ संदेशों में कहा गया है, ‘वैश्विक भलाई के लिए एक ताकत’ व ‘भारतीय-अमेरिकी समुदाय को पीएम मोदी के प्रेरक नेतृत्व पर गहरा गर्व है’। सीनेट की विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष रॉबर्ट मेंनेंडेज ने एक वीडियो संदेश में कहा, मैं अपने गृह राज्य में भारतवंशियों के साथ पीएम मोदी का स्वागत करूंगा।
यूएन में मोदी के नेतृत्व में शामिल होंगे 180 देशों के लोग...
विश्व निकाय के अफसर, एजेंसियां व सदस्य देशों ने कहा है कि योग दिवस पर पीएम मोदी के नेतृत्व में 180 देशों के लोग हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास होगा। उपमहासचिव अमीना मोहम्मद ने एक तस्वीर द्वीट की, जिसमें वह पीएम मोदी के साथ हाथ मिलाते दिख रही हैं।
फैन ने कार नंबर प्लेट पर लिखा NMODI
अमेरिका के मैरीलैंड में मोदी के राघवेंद्र नामक प्रशंसक (फैन) ने अपने कार की नंबर प्लेट पर NMODI दर्ज करा लिया है। राघवेंद्र ने कहा, नरेंद्र मोदी मेरे लिए प्रेरणा हैं।
मोदी-बाइडन में 5 अहम मुद्दों पर चर्चा
अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत संधू ने कहा है कि मोदी-बाइडन अगले हफ्ते पांच क्षेत्रों पर चर्चा करेंगे। इनमें स्वास्थ्य देखभाल, प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, शिक्षा और रक्षा शामिल हो सकते हैं।
स्वागत में 25 से ज्यादा सांस्कृतिक कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए भारतीय समुदाय ने 25 से ज्यादा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। संयोजक श्रीनाथ ने कहा, 25 सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 160 कलाकारों की 15 सांस्कृतिक टीमें परफॉर्म करेंगी। इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिये विभिन्न राज्यों की संस्कृति को दर्शाया जाएगा। प्रधानमंत्री के आगमन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक व्हाइट हाउस के पास विलार्ड होटल के सामने ऐतिहासिक फ्रीडम प्लाजा में आयोजित किए जाएंगे।
ऐतिहासिक पल : मेनेंडेज
सीनेट विदेश संबंध संमिति के अध्यक्ष रॉबर्ट मेनेंडेज ने दौरे को दोनों देशों के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा, व्यापार से लेकर सुरक्षा सहयोग तक भारत-अमेरिका संबंध बेहद अहम हैं।
21वीं सदी का भविष्य : ग्रेगरी मीक्स
कांग्रेसमैन ग्रेगरी मीक्स ने मोदी के दौरे को 21वीं सदी को परिभाषित करने वाली अहम घटना कहा। कहा-उन्हें सुनने को उत्सुक।
लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए अहम : डॉन
कांग्रेसमैन डॉन बैकॉन ने भारत-अमेरिका की साझेदारी को दुनिया में लोकतंत्र की मजबूती के लिए अहम बताया है।
दाऊदी बोहरा समूह का स्वागत संदेश
अमेरिकी दाऊदी बोहरा समूह ने पीएम के दौरे पर स्वागत संदेश जारी करते हुए कहा, भारत हमारे लिए आध्यात्मिक और पारिवारिक रिश्तों की जगह है।