अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि अमेरिका आज रात ईरान पर एक और हमले की तैयारी कर रहा है। इससे कुछ घंटे पहले ही उन्होंने बयान दिया था कि युद्धविराम खत्म हो गया है।
फिर से संघर्ष शुरू होने की संभावना के सवाल पर ट्रंप ने कहा, हमने कल रात उन पर बहुत जोरदार हमला किया था। हम शायद आज रात फिर से उन पर जोरदार हमला करेंगे। ट्रंप ने यह बयान तुर्किये के अंकारा में नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान दिया। उन्होंने कहा कि ये हमले होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों के जवाब में जारी कार्रवाई का हिस्सा हैं। ईरान के बारे में ट्रंप ने कहा, वे बहुत गलत व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान ने जहाजों पर ड्रोन और एक मिसाइल से हमला किया है।
80 से अधिक ठिकानों को बनाया निशाना
इससे पहले, अमेरिका की सेना ने ईरान में 80 से अधिक ठिकानों पर किया था। अमेरिका ने ईरान में वायु रक्षा प्रणाली, तटीय रडार केंद्र, कमान और नियंत्रण केंद्रों को निशाना बनाया। इसके अलावा, इस्लामी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) से जुड़े करीब 60 जहाजों पर भी हमला किया गया।
ये भी पढ़ें:
स्पेन पर क्यों भड़के ट्रंप? व्यापार बंद करने की दी धमकी, बताया खराब साझेदार
ईरान को धमकी देते हुए क्या कहा?
नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात से पहले पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने आगे भी सैन्य कार्रवाई के संकेत दिए। ट्रंप ने कहा, मैं पहले ही एक छोटी-सी चेतावनी दे देता हूं। आज रात हम उन पर जोरदार हमला करने जा रहे हैं। ट्रंप ने फिर चेतावनी दी कि अमेरिका ईरान के नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमला कर सकता है और खर्ग द्वीप पर कब्जा करने की कोशिश कर सकता है।
ट्रंप ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी, तो अमेरिका ईरान के बिजली संयंत्रों और खारे पानी को मीठा बनाने वाले संयंत्रों को नष्ट कर देगा। उन्होंने कहा कि मंगलवार के हमलों में खर्ग द्वीप पर हमले शामिल थे, लेकिन वहां मौजूद तेल सुविधाओं पर नहीं। ट्रंप ने कहा, 'हो सकता है कि हम खर्ग द्वीप पर कब्जा कर लें। हम खर्ग द्वीप पर कब्जा कर सकते हैं। वे इसके बारे में कुछ नहीं कर पाएंगे'।
ईरानी नेताओं ने खामेनेई के जनाजे के लिए मांगी मोहलत: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि ईरान के नेताओं ने खामेनेई के अंतिम संस्कार के लिए मोहलत मांगी है। ट्रंप ने दोनों पक्षों के बीच हाल ही में बढ़े हमलों के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि ईरान ने पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के जनाजे के दौरान 'थोड़ी देर रुकने' का आग्रह किया था। युद्ध के पहले दिन अमेरिका-इस्राइल के हमलों में खामेनेई मारे गए थे और उनके जनाजे की रश्में एक हफ्ते तक चलीं। ट्रंप ने कहा, 'उन्होंने थोड़ी देर रुकने की मांग की थी, वे खामेनेई के जनाजे में जाना चाहते थे। मैंने कहा कि उन्हें इसकी इजाजत दे दी जाए, लेकिन उन्होंने मिसाइलें दागनी शुरू कर दीं'।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, दुनिया अच्छी स्थिति में है। जैसा कि आप जानते हैं, तेल की कीमतें नीचे हैं। हमें इसे नीचे ही रखना चाहिए। हम ईरान के साथ वह काम कर रहे हैं, जो 47 साल पहले ही किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा, मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि अपने पहले कार्यकाल और पिछले 18 महीनों के दौरान अमेरिका ने रक्षा खर्च बढ़ाने और ऐसे हथियार व उपकरण तैयार करने के लिए ऐतिहासिक प्रयास किए हैं, जो दुनिया के किसी भी देश के पास नहीं हैं।
उन्होंने कहा, जब आप वेनेजुएला और ईरान को देखते हैं तो पता चलता है कि हमने कुछ ही हफ्तों में उनकी सेना को लगभग खत्म कर दिया। उनके पास अच्छी सेना थी। उनके पास अच्छी नौसेना थी। उनके पास 159 जहाज थे। अब वे सभी समुद्र में डूबे हुए हैं। उनके पास सैकड़ों विमान थे। वे सभी खत्म हो गए। वे रनवे पर जले हुए पड़े थे।
उन्होंने कहा, उनकी (ईरान) रडार प्रणाली खत्म हो गई है। उनके नेता खत्म हो गए हैं और उनकी लड़ने की क्षमता काफी कम हो गई है। उनके पास अब बहुत कम संख्या में मिसाइलें बची हैं। हमारे पास दुनिया की सबसे मजबूत सेना है और वह भी बहुत बड़े अंतर से। ट्रंप ने कहा, अमेरिका अब भी नाटो में सबसे बड़ा योगदान देने वाला देश है, चाहे वह पैसे के मामले में हो या किसी और तरीके से। हमारे पास दुनिया की सबसे मजबूत सेना है। उन्होंने कहा, अब वे एक देश के रूप में हमारा सम्मान करते हैं। दो साल पहले वे हमारा सम्मान नहीं करते थे। वे हमारा मजाक उड़ाते थे। नाटो हमारा मजाक उड़ाता था। हर कोई हमारा मजाक उड़ाता था। लेकिन अब कोई मजाक नहीं उड़ाता।"
उन्होंने आगे कहा, इस साल हमने अपनी सेना पर रिकॉर्ड 1 ट्रिलियन डॉलर खर्च किए हैं और आने वाले समय में हम 1.5 ट्रिलियन डॉलर खर्च करने की मांग करेंगे। हम दुनिया के सबसे बेहतरीन सैन्य उपकरणों पर पैसा खर्च कर रहे हैं।