संसाधन-समृद्ध द्वीपों वाला बोगनविले, पापुआ न्यू गिनी से अलग होकर नया देश बनने की राह पर अग्रसर है। इस ओर कदम बढ़ाते हुए पूर्ण स्वतंत्रता को लेकर बहुप्रतीक्षित जनमत संग्रह के लिए शनिवार को मतदान शुरू हो गया। यहां मतदान केंद्र पर सुबह ही 1000 से अधिक लोगों को अपना मत देते हुए देखा गया। अपना मत डालने आए मतदाता स्वतंत्रता के समर्थन में झंडे फहराते और गाना गाते दिखाई दिए।
क्षेत्र में स्थापित किए गए सभी 21 मतदान केंद्रों पर यही नजारा देखने को मिला। बुका के छोटे द्वीपों से लोगों को मतदान के लिए शहर लाने के लिए दर्जनों नौकाओं का प्रबंध किया गया। आगामी दो सप्ताह तक चलने वाले मतदान के लिए बोगेनविले के लगभग दो लाख 70 हजार लोग पंजीकृत हैं।
ये मतदान इस बात का फैसला करेगा कि क्या दुनिया के नक्शे पर एक नया देश नजर आएगा या नहीं। मतदान के परिणाम की घोषणा 15 दिसंबर को होने की संभावना है। बोगनविले के क्षेत्रीय अध्यक्ष जॉन मोमिस ने मतदाताओं से कहा कि यह जनमत संग्रह लंबी प्रक्रिया की दिशा में केवल एक कदम है। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से संयम बरतने की अपील की।