फिजी के नेता वोरेके बाइनीमारामा ने कम बहुमत से चुनाव जीतने के बाद मंगलवार को चार साल के लिए प्रधानमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। वोरेके बाइनीमारामा की ‘फिजीफर्स्ट पार्टी’ के पिछले सप्ताह चुनाव में जीत हासिल करने के बाद राजधानी सुवा में एक समारोह के दौरान उनके प्रधानमंत्री बनने की पुष्टि की गई। 51 सदस्यीय संसद में उनकी पार्टी के पास 27 सीटें हैं।
बाइनीमारामा सबसे पहले वर्ष 2006 में सेना के तख्तापलट के बाद सत्ता में आए थे और फिर वर्ष 2014 में चुनाव जीत कर वैध तौर पर उन्होंने देश का नेतृत्व किया।
करीब 9,20,000 की आबादी वाले देश में कई लोग हालिया वर्षों में उनके प्रशासन की आर्थिक उपलब्धियों की सराहना करते हैं।
बाइनीमारामा ने इस सप्ताह कहा था कि लोग उनकी पार्टी के खिलाफ लामबंद हो गए हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष की संयुक्त ताकतों के बावजूद भी हमने जीत हासिल की, जिन्होंने चार साल पहले हमारे खिलाफ झूठ, घृणा और भय के आधार पर अपना अभियान शुरू किया था।