फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सावधान! ठगी का नया फंडा, ऑस्ट्रेलिया में हो रही चीनी छात्रों की वर्चुअल किडनैपिंग

Wed, 29 Jul 2020 02:27 AM IST
योगेश साहू वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, सिडनी।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर - फोटो : iStock
विज्ञापन

ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऑस्ट्रेलिया में रह रहे चीनी छात्रों के दोस्तों और रिश्तेदारों से पैसे ऐंठने के लिए वर्चुअल अपहरण किए जा रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में इस तरह के कई अंतरराष्ट्रीय मामले सामने आए हैं।

विज्ञापन


पुलिस ने बताया कि ठगों ने खुद को चीनी अधिकारी बताकर इन छात्रों को डराया, उन्हें जबरन अपने ही अपहरण का नाटक करने पर मजबूर किया और फिर फिरौती में लाखों ऑस्ट्रेलियाई डॉलर ले उड़े। 

अपराधी अक्सर फोन कर मैंडरिन में बात करते और चीनी दूतावास या पुलिस से होने का दावा करते या अपने शिकार को शुरू में बताते कि उस पर चीन में किसी जुर्म का आरोप है या उन्हें यह बताते कि उनकी पहचान चोरी कर ली गई है।
विज्ञापन


उसके बाद धमकी देते कि अगर उन्होंने कुछ पैसे नहीं दिए तो उन्हें वापस चीन भेज दिया जाएगा। बदमाश इसके बाद भी अपने शिकार को तब तक धमकाते रहते जब तक वह ऑफशोर बैंक खातों में एक मोटी रकम नहीं डाल देते।

कुछ मामलों में शिकार हुए छात्रों को कहा जाता कि वह अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से कोई संपर्क ना रखें फिर उन्हें कहा जाता कि वह खुद को बंधक दिखाते हुए अपनी आंखों पर पट्टी बांधकर अपना वीडियो बनाएं। इसके बाद इस तरह के वीडियो का इस्तेमाल फिरौती की रकम मांगने में करते।

Trending Videos

30 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर की उगाही

पुलिस ने बताया कि इस साल कम से कम आठ ऐसे मामलों में फिरौती में 30 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर की उगाही की गई है। दुनिया में और भी कई जगह पर इस तरह के मामले सामने आए हैं और ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने कहा है कि इन घोटालों को पिछले एक दशक में अंतरराष्ट्रीय संगठित जुर्म सिंडिकेटों और जालसाजों ने विकसित किया है।
विज्ञापन

पिछले साल एक हजार मामले दर्ज हुए

ऑस्ट्रेलिया में उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा करने वाली संस्था ने पिछले साल इस तरह के 1,000 से भी ज्यादा मामले दर्ज किए थे। चीनी सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वाले निर्वासित लोग और सताए गए नस्लीय समूहों ने चीनी अधिकारियों द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत की है।

शिकायत में धमकी भरे फोन कॉल का आना भी शामिल है। चीनी अधिकारियों का कहना है कि कोई भी अधिकारी छात्रों को उनके मोबाइल पर फोन नहीं करेगा। ऑस्ट्रेलियाई पुलिस की यह चेतावनी अंतरराष्ट्रीय छात्रों को ऑनलाइन लाने की विश्वविद्यालय की कोशिशों के बीच आई है।

कच्चा लोहा, कोयला और प्राकृतिक गैस के बाद शिक्षा ऑस्ट्रेलिया का चौथा सबसे बड़ा कमाई का जरिया है। पिछले साल देश में पांच लाख अंतरराष्ट्रीय छात्रों का नामांकन हुआ था, जिससे 37 अरब ऑस्ट्रेलियाई डॉलरों की कमाई हुई थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें