अमेरिकी डाक सेवा ने दिवाली पर आधारित डाक टिकट जारी किया
- फोटो : ANI
यूएस पोस्टल सर्विस (यूएसपीएस) ने दिवाली के त्योहार के सम्मान में एक डाक टिकट जारी किया है। इस टिकट पर ह्यूस्टन की रहने वाली कलाकार संगीता भूताडा द्वारा बनाई गई एक बेहद सुंदर रंगोली का डिजाइन है। अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा, यूएसपीएस की सीनियर वाइस प्रेसिडेंट शिबानी गंभीर और संगीता भूताडा ने बुधवार शाम को भारतीय दूतावास में आयोजित एक कार्यक्रम में इस डाक टिकट का अनावरण किया। यूएसपीएस ने रंगोली को जमीन पर बनाई जाने वाली एक जीवंत कलाकृति बताया है। इसे पारंपरिक रूप से रंगीन चावल के पाउडर, चॉक और फूलों की पंखुड़ियों जैसी चीजों से बनाया जाता है और माना जाता है कि इससे सौभाग्य आता है।
ये भी पढ़ें: संयुक्त राष्ट्र में भारत की दो-टूक: सांसद मनीष तिवारी बोले- युद्ध अपराधों और नरसंहार के खिलाफ जवाबदेही जरूरी
कौन हैं संगीता भूताडा?
मूल रूप से भारत की रहने वालीं भूताडा लंबे समय से ह्यूस्टन इलाके में रह रही हैं। वह लगभग 30 वर्षों से रंगोली की इस प्राचीन लोक कला का अभ्यास कर रही हैं। इस डाक टिकट को जेनिफर अर्नोल्ड ने डिजाइन किया था और विलियम जे गिकर इसके आर्ट डायरेक्टर थे। भूताडा ने मीडिया को बताया कि यूएसपीएस ने एक साल से भी ज्यादा समय पहले उनसे संपर्क करके इस डाक टिकट को बनाने के लिए कहा था। उन्होंने कहा, 'मैंने यूएसपीएस के साथ एक दर्जन स्केच साझा किए थे, जिनमें से उन्होंने चार को चुना। रंगोली बनाने के काम में लगभग 10 दिन लगे। मुझे बस एक सुझाव मिला था कि इसमें चमकीले रंगों का इस्तेमाल किया जाए, जो डाक टिकट पर ज्यादा अच्छे दिखेंगे।' असली रंगोली का व्यास आठ फीट था। इसमें सफेद रंग के अलावा नीला, नारंगी, हरा और लाल जैसे चमकीले रंगों का इस्तेमाल किया गया था।
ये भी पढ़ें: पश्चिम एशिया जंग का असर: रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा जापान का व्यापार घाटा, पीएम सनाए तकाइची ने क्या की तैयारी?
इसके पहले कब जारी हुआ था टिकट?
यह दूसरी बार है जब यूएसपीएस ने दिवाली के मौके पर कोई डाक टिकट जारी किया है। इससे पहले 2016 में भी ऐसा ही एक टिकट जारी किया गया था। शिबानी गंभीर ने कहा, 'यूएसपीएस 1893 से ही दुनिया भर की संस्कृतियों के सम्मान में डाक टिकट जारी कर रहा है। हमारे डाक टिकट हमें एक ऐसी तस्वीर पेश करने का मौका देते हैं, जो अमेरिका की समृद्ध और विविध विरासत को दर्शाती है।' कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए, क्वात्रा ने भूताडा को धन्यवाद दिया कि उन्होंने अपने शानदार डिजाइनों के जरिए रंगोली की इस पुरानी परंपरा को जीवित रखा है।