सार
US: उषा वेंस के बारे में तब चर्चाएं शुरू होने लगीं, जब उनके पति जेडी वेंस पर पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भरोसा जताया। जेडी वेंस को रिपब्लिकन पार्टी ने उप-राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया है।
जेडी वेंस अपनी पत्नी उषा वेंस के साथ
- फोटो : एएनआई / एक्स @brandonpromo
अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में भारतीयों का भी बोलबाला है। रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन में भारतीयों ने अपनी अलग ही छाप छोड़ी है। इनमें से एक भारतीय चेहरा उषा वेंस भी हैं। उषा चिलुकुरी वेंस के पति जेडी वेंस को डोनाल्ड ट्रंप ने रिपब्लिकन पार्टी का उप-राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया है। आज उषा वेंस के पति जेडी वेंस सम्मेलन में रिपब्लिकन पार्टी के उप-राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में नामित होने पर स्वीकृति भाषण देंगे। इससे ठीक पहले भारतीय-अमेरिकी वकील उषा वेंस इस सम्मेलन को संबोधित करेंगीं।
उषा वेंस ने येल विश्विद्यालय से कानून में स्नातक किया है
38 वर्ष की उषा वेंस ने येल विश्विद्यालय से कानून में स्नातक किया है और वे पेशे से वकील हैं। साधारण सा जीवन जीने वाली उषा की चर्चाएं तब होने लगीं, जब उनके पति जेडी वेंस पर डोनाल्ड ट्रंप ने भरोसा जताया। जेडी वेंस को रिपब्लिकन पार्टी ने उप-राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया है।
रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करेंगीं
रिपब्लिकन पार्टी के अधिकारियों का कहना है कि उषा वेंस अपने पति जेडी वेंस के स्वीकृति भाषण देने से ठीक पहले रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करेंगीं। राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से हजारों प्रतिनिधि आए हैं। बताया गया है कि पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर के भाषण के तुरंत बाद उषा वेंस मंच संभालेंगीं। इस दौरान डोनाल्ड ट्रंप भी सम्मेलन केंद्र में होंगे। बताया गया है कि उषा वेंस के भाषण के बाद डोनाल्ड ट्रंप मंच पर आएंगे।
2014 में जेडी वेंस से हुई थी शादी
अगर डोनाल्ड ट्रंप नवंबर में होने वाले आम चुनाव जीते, तो उषा वेंस संभावित रूप से पहली भारतीय अमेरिकी दूसरी महिला होंगी। भारतीय अमेरिकी अप्रवासियों की बेटी उषा की शादी 2014 में जेडी वेंस से हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं। दो बेटों का नाम इवान और विवेक है, जबकि बेटी का नाम मिराबेल है।