अमेरिका जाकर काम करने का सपना कई लोगों का होता है और इन लोगों का यह सपना पूरा करता है अमेरिका का एच1बी वीजा। एच1बी वीजा का एक लॉटरी सिस्टम भी होता है, जिसमें कंप्यूटर ड्रॉ के जरिए लोगों का चयन होता है। हालांकि अब यूएस सिटिजनशिप एंड इमीग्रेशन सर्विसेज (USCIS)ने माना है कि एच1बी वीजा के लॉटरी सिस्टम में धोखाधड़ी होती है। साथ ही इस धोखाधड़ी पर लगाम के लिए यूएससीआईएस जल्द ही कानून लागू करने की तैयारी कर रहा है।
क्या कहा USCIS ने
यूएस सिटिजनशिप एंड इमीग्रेशन सर्विसेज ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर कहा कि हर साल एच1बी वीजा के लिए आवेदन में धोखाधड़ी के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सबूतों से पता चला है कि वित्तीय वर्ष 2023 और वित्तीय वर्ष 2024 में अभी तक एच1बी वीजा के लॉटरी सिस्टम में धोखाधड़ी की जांच के लिए कई याचिकाएं दायर हुई हैं। यूएससीआईएस ने कहा कि 'एच1बी प्रोग्राम हमारे देश की इमीग्रेशन व्यवस्था, अर्थव्यवस्था का अनिवार्य हिस्सा है। ऐसे में यूएससीआईएस अमेरिका के श्रम बाजार की बदलती जरूरतों के हिसाब से इसमें कानून लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।'
कैसे हो रही धोखाधड़ी
USCIS ने कहा कि एच1बी वीजा लॉटरी सिस्टम के तहत हर साल आवेदनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस साल अभी तक लॉटरी सिस्टम में 7,80,884 आवेदन आ चुके हैं। वहीं बीते साल यह आंकड़ा 4,83,927 और उससे पिछले साल 3,01,447 था। आमतौर पर यह बढ़ोतरी एक ही आवेदक द्वारा कई रजिस्ट्रेशन कर देने के चलते हो रही है। इस साल एक आवेदक द्वारा एक से ज्यादा आवेदन के चलते रजिस्ट्रेशन में 4 लाख आवेदनों की बढ़ोतरी हुई है। वहीं पिछले साल यह बढ़ोतरी 1,65,180 थी।
कानून लागू करने की तैयारी
फेडेरल एजेंसी ने आवेदकों को चेतावनी दी है कि अगर उनके द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी या कंपनी गलत हुई और रजिस्ट्रेशन के दौरान कोई गलती हुई तो आवेदन को निरस्त कर दिया जाएगा। यूएससीआईएस ने ये भी कहा कि ऐसे मामलों से निपटने के लिए वह कानून लागू करने की भी तैयारी कर रहे हैं ताकि कानून के मुताबिक कार्रवाई हो सके। अमेरिका में भी तकनीकी वर्कर भी एच1बी वीजा के खिलाफ कैंपेन चला रहे हैं और उनका कहना है कि इसमें बीते कई सालों से धोखाधड़ी हो रही है।