अमेरिका के एक पूर्व सांसद मैट गेट्ज पर शारीरिक संबंध बनाने, अवैध रूप से ड्रग्स रखने और नाबालिगों से यौन संबंध बनाने के लिए हजारों डॉलर का भुगतान करने का आरोप लगा है। अमेरिका के निचले सदन के नैतिक समिति ने आरोप लगाए हैं कि साल 2017 में सांसद रहने के दौरान गेट्ज ने नाबालिग लड़की का यौन शोषण किया था। समिति की रिपोर्ट के अनुसार, गेट्ज ने फ्लोरिडा राज्य के कानून का उल्लंघन किया है।
गेट्ज को अटॉर्नी जनरल बनाने वाले थे ट्रंप
गौरतलब है कि मैट गेट्ज को नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का करीबी माना जाता है और बीते नवंबर में हुए राष्ट्रपति चुनाव में जीत के बाद ट्रंप, मैट गेट्ज को अपनी सरकार में अटॉर्नी जनरल बनाना चाहते थे। ट्रंप ने इसका सार्वजनिक रूप से एलान भी कर दिया था। हालांकि कई सांसदों द्वारा उनके नाम पर आपत्ति जताने के बाद ट्रंप ने अपना फैसला बदल दिया था। अमेरिकी संसद की समिति ने रिपोर्ट में बताया कि इस बात के पर्याप्त सबूत हैं कि प्रतिनिधि गेट्ज ने वेश्यावृत्ति, दुष्कर्म, अवैध नशीली दवाओं के उपयोग, बतौर सांसद अनुचित उपहार लेने, कांग्रेस के काम में बाधा डालने और आचरण के खिलाफ व्यवहार करने का आरोपी पाया गया है।
क्या हैं गेट्ज पर आरोप
रिपोर्ट में कहा गया है कि मैट गेट्ज पर आरोप है कि उन्होंने 12 महिलाओं और अपनी एक पूर्व सहयोगी को बड़ी रकम हस्तांतरित की थी। रिपोर्ट के अनुसार, 2017 और 2020 के बीच, गेट्ज ने एक अनाम महिला को 63 हजार डॉलर से अधिक भेजे, जिसकी पहचान उसकी पूर्व प्रेमिका के रूप में हुई। इस महीने की शुरुआत में एक गुप्त मतदान के बाद जारी की गई नैतिक समिति की रिपोर्ट में बताया गया है कि गेट्ज द्वारा कांग्रेस में अपने कार्यकाल के दौरान एक दर्जन से अधिक महिलाओं को विभिन्न माध्यमों से भुगतान किया गया।
समिति ने कहा कि गेट्ज ने बहामास यात्रा के दौरान सदन के उपहार नियमों का उल्लंघन किया। साथ ही कई महिलाओं के साथ शारीरिक संबंध बनाए और उन्हें इसके बदले पैसों का भुगतान किया। गेट्ज पर यात्रा के दौरान अवैध ड्रग्स लेने का भी आरोप है। गेट्ज ने सोमवार को संघीय अदालत में एक शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने तर्क दिया कि कांग्रेस से उनके इस्तीफे के बाद सदन की नैतिकता समिति का अब उन पर अधिकार क्षेत्र नहीं है।