बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ हुई हिंसा के खिलाफ अब पूरी दुनिया में आवाजें उठनी शुरू हो गई हैं। भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद श्री थानेदार ने भी बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं को न्याय दिलाने तक वह रुकेंगे नहीं।
वीडियो संदेश जारी कर जाहिर की चिंता
एक वीडियो संदेश में थानेदार ने कहा कि 'हमें अल्पसंख्यक हिंदुओं के लिए न्याय चाहिए। यह देखना दिल दुखाने वाला है। ये सब रुकना चाहिए और मैं इसके लिए तैयार हूं।' उन्होंने कहा कि 'अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हमले पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं। मैं विदेश विभाग और दुनिया भर के अधिकारियों के संपर्क में हूं। मैं इसके लिए तैयार हूं। और हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक कि इन सभी चीजों का समाधान नहीं हो जाता।'
मंदिरों और घरों पर हमले परेशान करने वाले
पिछले साल, थानेदार ने अमेरिका और दुनिया के अन्य हिस्सों में हिंदुओं और अन्य धार्मिक अल्पसंख्यकों की आवाज उठाने के लिए हिंदू, बौद्ध, सिख और जैन अमेरिकी कांग्रेसनल कॉकस की स्थापना की थी। मिशिगन से सांसद थानेदार ने कहा, 'मैं देश के हिंदू अल्पसंख्यकों को निशाना बनाकर किए गए हमलों की रिपोर्टों से विशेष रूप से चिंतित हूं। मंदिरों को नष्ट करने, घरों को तबाह करने और व्यक्तियों को निशाना बनाने की घटनाएं जितनी निंदनीय हैं, उतनी ही परेशान करने वाली भी हैं।'
बांग्लादेश में 500 से ज्यादा लोगों की मौत हुई
बीते सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के बांग्लादेश पीएम पद से इस्तीफा देकर देश छोड़कर जाने के बाद से अल्पसंख्यकों खासकर हिंदू समुदाय के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। सोमवार को ही बांग्लादेश के मशहूर बैंड जोलार गान के सदस्य राहुल आनंद के घर में आगजनी की गई। राहुल आनंद और उनके परिजनों ने भागकर अपनी जान बचाई। बांग्लादेश में शेख हसीना के नेतृत्व वाली सरकार के पतन के बाद देशभर में भड़की हिंसा की घटनाओं में कम से कम 232 लोग मारे गए। मध्य जुलाई में आरक्षण विरोधी प्रदर्शन शुरू होने के बाद से बांग्लादेश में अब तक मरने वालों की संख्या 560 हो गई है।