अमेरिकी प्रशासन ने बृहस्पतिवार को उन सभी खबरों को गलत बताया, जिसमें उनके द्वारा कोविड-19 टीकों के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने की बात कही गई थी। दरअसल, कुछ खबरों में दावा किया गया था कि अमेरिका ने यूरोपीय संघ से कहा कि उसे कोविड-19 रोधी टीका एस्ट्राजेनेका की खेप हाल-फिलहाल में तो नहीं मिलने वाली।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘हम एस्ट्राजेनेका के उत्पाद को खरीदते नहीं है। इसलिए उस पर निर्यात संबंधी कोई रोक नहीं है और अमेरिका के सभी टीका निर्माता अमेरिकी सरकार के साथ अपने अनुबंध की शर्तें पूरी करते हुए अपने उत्पाद कहीं भी निर्यात कर सकते हैं।’
साकी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि उन्होंने निजी तौर पर और सार्वजनिक तौर पर भी कहा है कि उनकी प्राथमिकता है कि अमेरिकी लोगों को टीका मिले। उन्होंने आगे कहा, ‘यह हमारी पहली प्राथमिकता है, लेकिन साथ ही हम वैश्विक समुदाय के साथ मिलकर इस दिशा में भी काम कर रहे हैं कि दुनियाभर में महामारी को कैसे नियंत्रित किया जाए।’