अमेरिकी वीजा पर और सख्ती की आशंका
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक
अमेरिका ने वर्ष 2026 का आखिरी वीजा बुलेटिन जारी किया है। भारतीय उच्च योग्यता वाले पेशेवरों व निवेशकों को सितंबर में भी राहत नहीं मिली है। ईबी-2 व ईबी-5 अनारक्षित श्रेणियां उपलब्ध नहीं हैं। अगस्त में लागू स्थिति सितंबर में भी रहेगी। यानी इन दोनों श्रेणियों में नई प्रगति नहीं होगी। सितंबर वर्ष 2026 का आखिरी महीना है। विदेश मंत्रालय ने संकेत दिया कि 30 सितंबर तक वार्षिक वीजा सीमा पूरी होने पर कुछ रोजगार श्रेणियों में उपलब्धता और घट सकती है। इनमें ईबी-1, ईबी-2 व ईबी-5 अनारक्षित प्रमुख हैं।
ईबी-4 में बढ़त: रोजगार आधारित श्रेणियों में ईबी-4 में सभी देशों के लिए दो माह की बढ़त हुई है। इसकी तारीख 15 दिसंबर 2022 पहुंच गई है। ईबी-1 से ईबी-3 व ईबी-5 की बाकी श्रेणियों में अगस्त के मुकाबले बदलाव नहीं हुआ।
एच-1बी छोड़ परिवार के लिए भारत लौटीं दिशा
अमेरिका में एच-1बी वीजा पर छह अंकों के वेतन वाली नौकरी करने वाली 28 वर्षीय भारतीय दिशा लांबा मई 2026 में नौकरी छोड़कर गुरुग्राम लौट आईं। उन्होंने परिवार के करीब रहने के साथ एच-1बी से जुड़ी पाबंदियों व लगातार होने वाली औपचारिकताओं को भी वापसी की वजह बताया है।
ये भी पढ़ें:
'आतंकवाद पर दोहरा मापदंड स्वीकार नहीं': एससीओ देशों के घोषणापत्र में क्या-क्या कहा गया; ईरान के साथ खड़े हुए?
लांबा 2021 में न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री करने अमेरिका गई थीं। 2024 में उन्हें सीवीएस हेल्थ में डाटा साइंटिस्ट की नौकरी मिली। बिजनेस इनसाइडर को बताया कि अमेरिका में उन्हें स्वतंत्र और आत्मनिर्भर बनने का मौका मिला, लेकिन परिवार से दूरी लगातार महसूस होती रही। उन्होंने कहा कि एच-1बी पर नौकरी बदलना, अतिरिक्त आय के रास्ते तलाशना आसान नहीं होता। नौकरी छोड़ने के बाद लांबा गुरुग्राम में माता-पिता और भाई के साथ रह रही हैं।