अमेरिकी दूतावास ने शनिवार (18 अक्तूबर) को त्रिनिदाद और टोबैगो में मौजूद अमेरिकी नागरिकों को चेतावनी दी है कि वे अमेरिका से जुड़े सरकारी प्रतिष्ठानों से दूर रहें। यह चेतावनी उस समय आई है, जब अमेरिका और वेनेजुएला के बीच कैरेबियन सागर में ड्रग तस्करों को निशाना बनाकर की गई घातक अमेरिकी सैन्य कार्रवाइयों को लेकर तनाव बढ़ रहा है।
हमले के बाद अमेरिकियों की किया अलर्ट
दूतावास की यह चेतावनी गंभीर और असामान्य मानी जा रही है, क्योंकि त्रिनिदाद और टोबैगो वेनेजुएला के बेहद करीब स्थित है और हाल ही में एक समुदाय दो स्थानीय मछुआरों की रहस्यमयी गुमशुदगी का शोक मना रहा है। आशंका है कि ये मछुआरे मंगलवार को अमेरिकी हमले में मारे गए।
सुरक्षा एजेंसियों को किया सतर्क
त्रिनिदाद और टोबैगो के गृह सुरक्षा मंत्री रोजर अलेक्जेंडर ने एपी को बताया कि यह अलर्ट अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाए जाने की संभावित धमकियों के मद्देनजर हो सकता है। उन्होंने कहा कि इन धमकियों का संबंध क्षेत्र में जारी तनाव से हो सकता है। हालांकि स्थानीय अधिकारियों ने इन धमकियों के बारे में कोई ठोस विवरण साझा नहीं किया, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है और कड़े सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं।
अब तक 28 लोगों की मौत
रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर की शुरुआत से अब तक छह अमेरिकी हमलों में कम से कम 28 लोगों की मौत हो चुकी है। इस मुद्दे को लेकर अमेरिकी अधिकारियों ने त्रिनिदाद और टोबैगो सरकार के साथ हाल ही में एक ब्रीफिंग भी की थी। सबसे हालिया हमले में, अमेरिकी सैन्य बलों ने एक संदिग्ध ड्रग तस्करी में लगे जलपोत को कैरेबियन सागर में निशाना बनाया। इसके बाद बचे हुए दो लोगों को बचा लिया गया, जिन्हें अमेरिका ने हिरासत में ले लिया है।
बचाए गए लोगों को उनके देश भेजेगा अमेरिका
इस बीच कैरिबियन में एक संदिग्ध ड्रग पोत पर अमेरिकी सैन्य हमले में बचे दो लोगों को उनके गृह देश इक्वाडोर और कोलंबिया भेजा जाएगा, जिसकी जानकारी एक अमेरिकी अधिकारी ने शनिवार को दी। यह हमला गुरुवार को हुआ था, जब अमेरिकी सैन्य बलों ने एक जलपोत को निशाना बनाया, जो कथित रूप से मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त था। इस अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर यह जानकारी दी क्योंकि उन्हें इस योजना पर सार्वजनिक रूप से बोलने की अनुमति नहीं थी।