अमेरिका ने भारत यात्रा को लेकर अपने नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एडवाइजरी में भारत में अपराध और दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं का हवाला देते हुए कहा गया है कि भारत की यात्रा के दौरान अमेरिकी नागरिक सतर्कता बरते। साथ ही भारत के केंद्रीय और पूर्वी हिस्सों में आतंकवाद के खतरे को देखते हुए कुछ क्षेत्रों में यात्रा नहीं करने की भी सलाह दी गई है।
एडवाइजरी में क्या कहा गया?
भारत यात्रा के लिए सतर्कता बर्तने के लिए अमेरिकी नागरिकों के लिए जारी एडवाइजरी में अमेरिका ने कहा कि भारत में दुष्कर्म सबसे तेजी से बढ़ने वाले अपराधों में से एक है और हिंसक अपराध, खासकर पर्यटक स्थलों पर, बढ़ रहे हैं। आतंकी हमले अचानक किसी भी समय हो सकते हैं। जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि टूरिस्ट स्पॉट्स, बाजार, मॉल्स और ट्रांसपोर्ट हब को खास तौर पर टारगेट किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें:- UNSC: यूएन पहुंचा ईरान-इस्राइल संघर्ष; रूस, चीन और पाकिस्तान ने तत्काल और बिना शर्त युद्धविराम का रखा प्रस्ताव
भारत के इन राज्यों में यात्रा नहीं करने की सलाह
अमेरिका द्वारा जारी एडवाइजरी में छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के ग्रामीण हिस्सों में नक्सली गतिविधियों के चलते यात्रा न करने की सलाह दी गई है। मणिपुर की यात्रा से भी मना किया गया है, जहां जातीय संघर्ष के चलते हिंसा और विस्थापन की घटनाएं जारी हैं। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर (लेह और पूर्वी लद्दाख को छोड़कर) में भी यात्रा को लेकर सावधानी बरतने को कहा गया है।
ये भी पढ़ें:- Netherlands: अमेरिकी हमलों के खिलाफ नीदरलैंड में विरोध, ईरान में बढ़ते तनाव के खिलाफ सड़क पर उतरे सैकड़ों लोग
सरकारी कर्मचारियों को भी अनुमति लेनी होगी
एडवाइजरी में अमेरिकी सरकार द्वारा बताया गया कि भारत में काम कर रहे उनके सरकारी कर्मचारियों को बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मेघालय और महाराष्ट्र के पूर्वी हिस्से में यात्रा से पहले अनुमति लेनी होगी। इसके साथ ही मणिपुर में भी यात्रा से पहले अनुमति अनिवार्य है। यह एडवाइजरी 16 जून को जारी की गई है और इसमें कहा गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में अमेरिका की मदद सीमित है, इसलिए नागरिकों को पहले से तैयार रहना चाहिए।