अब क्यों लगाए गए व्यापक प्रतिबंध?
यह कदम उस गोलीबारी के बाद उठाया गया है जिसमें एक अफगान मूल के संदिग्ध ने दो नेशनल गार्ड सैनिकों को निशाना बनाया था। घटना में एक सैनिक की मौत हो गई थी और दूसरा घायल हुआ था। मेमो में कहा गया है, “जोखिम वाले देशों से 20 जनवरी 2021 या उसके बाद अमेरिका में प्रवेश करने वाले सभी विदेशियों की पुनर्समीक्षा, संभावित साक्षात्कार और दोबारा साक्षात्कार जरूरी है।”
US: ट्रंप लंबे समय के लिए खत्म कर सकते हैं शरण देने की प्रणाली, अमेरिका में सख्त आव्रजन नीति लाने का भी इशारा
अगले 90 दिनों में ऐसी प्राथमिकता सूची तैयार की जाएगी, जिनके मामलों की समीक्षा कर उन्हें आव्रजन प्रवर्तन एजेंसियों या दूसरी कानून प्रवर्तन एजेंसियों को भेजा जा सके। गोलीबारी के बाद प्रशासन ने अमेरिका में पहले से मौजूद और अमेरिका में आने की कोशिश कर रहे प्रवासियों की जांच कड़ी करने के कई कदम उठाए हैं। पिछले हफ्ते यूएससीआईएस प्रमुख ने कहा था कि वे चिंता वाले देशों के ग्रीन कार्ड आवेदनों की दोबारा समीक्षा करेंगे।
यूएससीआईएस ने पिछले हफ्ते शरण से जुड़े निर्णय भी रोक दिए थे और विदेश विभाग ने अमेरिका के युद्ध प्रयास में सहयोग करने वाले अफगानों के वीजा रोकने की घोषणा की थी। इसके कुछ दिन पहले ही यूएससीआईएस ने कहा था कि बाइडन प्रशासन के दौरान आए सभी शरणार्थियों के मामलों की समीक्षा की जाएगी। आलोचकों का कहना है कि ट्रंप प्रशासन के कदम प्रवासियों के लिए सामूहिक सजा जैसे हैं।