अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
- फोटो : पीटीआई
फ्लोरिडा में एक सऊदी अधिकारी द्वारा गोलीबारी मामले की जांच के बाद अमेरिका कट्टरपंथियों से संबंध रखने और चाइल्ड पोर्नोग्राफी के आरोपी कम से कम एक दर्जन सऊदी सैन्य प्रशिक्षुओं को निष्कासित करेगा। सीएनएन की शनिवार को जारी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
दिसंबर में अमेरिका में चल रहे सऊदी सैन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल मोहम्मद अलशमरानी ने पेंसाकोला नौसैन्य एयर स्टेशन में एक कक्षा में गोलीबारी की जिसमें तीन नाविकों की मौत हो गई और आठ अन्य लोग घायल हो गए थे। घटना के दौरान ही पुलिस ने उसे गोली मार दी।
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार दर्जन भर से अधिक प्रशिक्षु अलशमरानी की मदद करने के दोषी नहीं पाए गए हैं, लेकिन उनमें से कुछ पर कट्टरपंथियों से संबंध रखने और कुछ पर चाइल्ड पोर्नोग्राफी रखने का संदेह है। वाशिंगटन पोस्ट के अनुसार मामले की जांच कर रहे एफबीआई ने पाया कि उनमें से कई लोगों ने हमले से पहले भी हमलावर के संदिग्ध व्यवहार को लेकर शिकायत की थी।
पेंटागन ने दिसंबर-मध्य में कहा था कि तत्काल खतरे की आशंका खत्म करने के लिए अमेरिका में वर्तमान में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी सऊदी सैन्य प्रशिक्षुओं की पृष्ठभूमि की जाँच की गई थी। गोलीबारी करने वाला 21 वर्षीय हमलावर सऊदी शाही वायुसेना में लेफ्टिनेंट था और उसके पास कानूनी तौर पर ग्लॉक 9एमएम हैंडगन थी।