डोनाल्ड ट्रंप के लिए खतरा बन रहे शी जिनपिंग
- फोटो : अमर उजाला
अमेरिकी शेयर बाजार में शुक्रवार को जबरदस्त गिरावट देखी गई जब चीन ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से लगाए गए टैरिफ (आयात शुल्क) का जवाबी हमला किया। बता दें कि, डाउ जोन्स 1,600 अंकों से ज्यादा गिर गया, यानी कुल चार फीसदी की गिरावट। वहीं एसएंडपी 500 में 4.7 फीसदी की गिरावट आई। जबकि नैस्डैक, जो टेक्नोलॉजी कंपनियों का इंडेक्स है) 5.3 फीसदी टूटा।
लेकिन इस चिंता भरे माहौल के बीच ट्रंप फ्लोरिडा में अपने आलीशान क्लब 'मार-ए-लागो' में आराम फरमा रहे हैं। शुक्रवार की सुबह उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, यह अमीर बनने का शानदार समय है। फिर पास ही के अपने गोल्फ कोर्स में खेलने चले गए। उन्होंने अपनी खास लाल टोपी और सफेद टीशर्ट पहन रखी थी। रास्ते में उनके कुछ समर्थक हाथ हिलाकर उनका स्वागत कर रहे थे, जिनके अभिवादन का ट्रंप ने जवाब भी दिया।
ट्रंप का शुक्रवार को कोई सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं है। लेकिन वह शाम को एक कैंडल-डिनर में शामिल होंगे, जो उनकी राजनीतिक संस्था मेक अमेरिका ग्रेट अगेन इंक की ओर से आयोजित किया गया है। इससे पहले वह गुरुवार को मियामी में एक गोल्फ टूर्नामेंट में भी शामिल हुए थे, जो सऊदी अरब की ओर से प्रायोजित था।
ये भी पढ़ें: फेडरल रिजर्व प्रमुख बोले- ट्रंप के टैरिफ से बढ़ सकती है मुद्रास्फीति, आर्थिक विकास धीमा होने की संभावना
शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट से लोगों की सेवानिवृत्त बचत (रिटायरमेंट सेविंग्स) भी खतरे में पड़ गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप के टैरिफ के कारण हर साल आम आदमी की जेब से हजारों डॉलर ज्यादा खर्च होंगे। इसके साथ मंदी की आशंका भी बढ़ गई है। फेडरेल रिजर्व के प्रमुख जेरोम पॉवेल ने कहा कि ये टैरिफ अपेक्षा से कहीं अधिक बड़े हैं और इससे लंबे समय तक महंगाई बढ़ने की पूरी संभावना है।
ट्रंप का कहना है कि ये नीतियां थोड़ी तकलीफदेह जरूर हैं, लेकिन जरूरी हैं, ताकि कंपनियां अमेरिका में वापस आएं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया मंच 'ट्रुथ सोशल' पर कहा कि वह अपने फैसलों पर कायम रहेंगे। उन्होंने एक टिक-टॉक वीडियो भी साझा किया जिसमें दिखाया गया है कि ट्रंप जानबूझकर शेयर बाजार गिरा रहे हैं, ताकि फेडरल रिजर्व ब्याज दरें घटाने पर मजबूर हो जाए और लोग अमीर बन सकें। ट्रंप ने कहा, यह ब्याज दर घटाने का सही समय है जेरोम। अब राजनीतिक बंद करो।