Storm Chantal In US: अमेरिका में तूफान चेंटल का कहर, नॉर्थ कैरोलिना में आपातकाल घोषित; अब तक छह लोगों की मौत
Fri, 18 Jul 2025 01:57 AM IST
शुभम कुमार
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नॉर्थ कैरोलिना
सार
अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना में अटलांटिक उष्णकटिबंधीय तूफान चेंटल की वजह से भारी बारिश और बाढ़ ने तबाही मचा दी। अब तक कम से कम छह लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोग बेघर हो गए हैं। डरहम, रैले और चैपल हिल जैसे शहरों में साफ पानी की किल्लत है। हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने आपातकाल घोषित कर दिया है और राहत कार्य जारी हैं।
अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना राज्य में उत्तरी अटलांटिक उष्णकटिबंधीय तूफान चेंटल के चलते भारी तबाही हुई है। इस तूफान में अब तक कम से कम छह लोगों की मौत हो चुकी है और कई इलाकों में भारी बारिश और बाढ़ के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए राज्य के गवर्नर जोश स्टाइन ने गुरुवार को आपातकाल की घोषणा की है।
विज्ञापन
बता दें कि इस भीषण चक्रवात के चलते कैरोलिना कुछ इलाकों में 9 से 12 इंच तक बारिश हुई। एनो नदी समेत कई नदियों का जलस्तर रिकॉर्ड तोड़ ऊंचाई तक पहुंच गया। इतना ही नहीं डरहम, रैले और चैपल हिल जैसे शहरों में लोगों को पीने का साफ पानी तक नहीं मिल पा रहा है। कई घर और दुकानें तबाह हो गईं और सैकड़ों लोग बेघर हो गए।
वाहन बाढ़ में फंसने से हुई मौत
तूफान इतना तेज था कि एक 58 वर्षीय महिला का वाहन बाढ़ में फंस गया, मदद के लिए 911 पर कॉल किया लेकिन कॉल कट गई। बाद में वह मृत पाई गईं। दो कैनोर्स (नाविक) की तलाश के बाद उनकी लाशें चाथम काउंटी में मिलीं। वहीं एक अन्य महिला की कार पानी में बह गई और उनकी मौत हो गई। इसके साथ ही 71 वर्षीय व्यक्ति और 23 वर्षीय युवती की भी बाढ़ में मौत हो गई। हालांकि डरहम में 80 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया गया। चैपल हिल में 50 से अधिक लोगों को बचाया गया, खासकर अपार्टमेंट्स से।
13 प्रभावित काउंटीज में आपातकाल लागू
गौरतलब है कि तूफान के बढ़ते स्वरूप को देखते हुए राज्य सरकार ने 13 प्रभावित काउंटीज़ में आपातकाल लागू कर दिया है। इससे नॉर्थ कैरोलिना अब फेडरल सहायता (केंद्र सरकार से मदद) मांग सकता है, ताकि राहत और पुनर्वास कार्यों में तेजी लाई जा सके।