सार
एक तरफ पश्चिम एशिया में एक महीने से ज्यादा समय से जारी संघर्ष ने वैश्विक चिंताओं को बढ़ा दिया है। दूसरी ओर लगातार रूप से ट्रंप की बयानबाजी और बड़े-बड़े दावों ने इन चिंताओं को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। ऐसे समझिए कि पहले ईरान को मंगलवार तक अल्टीमेटम दिया और अब ईरानी प्रदर्शनकारियों को हथियार भेजने को लेकर भी बड़ा दावा कर दिया। आइए जानते हैं।
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति
- फोटो : ANI
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष दिन-ब-दिन और भयावह होता जा रहा है। अमेरिका और इस्राइल के भीषण हमलों से दहक रहे मोर्चे पर ईरान भी इस्राइल और खाड़ी देशों में मैजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जोरदार पलटवार कर रहा है। मिसाइलों और ड्रोन की गरज के बीच यह संघर्ष अब अपने 38वें दिन में प्रवेश कर रहा है और पूरे क्षेत्र में तनाव अब भी चरम पर है। इसी उग्र हालात के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा सामने आया है। उन्होंने खुलकर कहा कि अमेरिका ने ईरानी प्रदर्शनकारियों को हथियार भेजे, जो संभवत: कुर्दों के पास रह गए।
ट्रंप ने यह बात फॉक्स न्यूज के संवाददाता ट्रे यिंगस्ट को फोन पर बताई। एक महीने से जारी संघर्ष और कूटनीतिक असफलताओं के बीच ट्रंप का बयान ईरान पर अमेरिका की नई चेतावनी को उजागर करता है। इतना ही नहीं विशेषज्ञों का तो यह भी मानना है कि ट्रंप के इस नए दावे और ईरानी जलती आग के बीच विश्व को अब सैन्य और राजनीतिक भूकंप की तैयारी करनी होगी।
ये भी पढ़ें:- Iran War: 'नेतन्याहू के नक्शेकदम पर चले तो जल उठेगा पूरा क्षेत्र', ट्रंप की धमकियों पर ईरानी स्पीकर का पलटवार
ईरानी प्रदर्शनकारी को हथियार भेजे- ट्रंप
फॉक्स न्यूज के संवाददाता ट्रे यिंगस्ट ने बताया कि ट्रंप ने कहा कि हमने ईरानी प्रदर्शनकारियों को बहुत सारे हथियार भेजे। हमने उन्हें कुर्दों के जरिए भेजा, लेकिन मुझे लगता है कि कुर्दों ने उन्हें रख लिया। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरानी सरकार ने प्रदर्शनकारियों पर हमला करके 45000 लोगों को मार डाला। दूसरी ओर अब ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि मंगलवार को अमेरिका ईरान के बिजली घर और पुल आदि पर कार्रवाई करेगा। कुछ भी नहीं बचेगा! अगर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज नहीं खोला तो नर्क में रहोगे बस देखो।
ये भी पढ़ें:- ट्रंप का बिगड़ा स्वास्थ्य?: व्हाइट हाउस ने अस्पताल में भर्ती होने की खबरों का दिया जवाब, जानें क्या कहा
क्या कुछ बड़ा करने वाले हैं ट्रंप?
इसके अलावा, ट्रंप ने एक और इंटरव्यू में कहा कि अगर ईरान अमेरिका से समझौता नहीं करता और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज नहीं खोलता, तो अमेरिका बड़े पैमाने पर सैन्य कार्रवाई कर सकता है। उन्होंने कहा कि अभी गहरी बातचीत चल रही है। समझौते की संभावना है, लेकिन अगर नहीं हुआ, तो मैं सब कुछ उड़ा दूंगा। यह बयान अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और कूटनीतिक कोशिशों के बीच आया है। दोनों देशों की तरफ से तेज़ भाषा और चेतावनी के बीच बातचीत अभी भी जारी है।