अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन
- फोटो : Agency
पाकिस्तान में 2002 को अपहरण के बाद क्रूर हत्या के शिकार अमेरिकी पत्रकार डेनियल पर्ल को लेकर अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने एक बार फिर पाक सरकार के लचर रवैये पर नाराजगी जताई है।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने की पत्रकार डेनियल पर्ल के परिजनों से बातचीत
एंटनी ब्लिंकेन ने पर्ल के परिवार और उनके प्रतिनिधियों से बातचीत की और न्याय दिलाने के लिए अमेरिकी सरकार की प्रतिबद्धता जताई। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने बताया कि ब्लिंकेन ने डेनियल पर्ल के परिवार और उनके प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि सरकार पर्ल हत्याकांड में शामिल लोगों को जिम्मेदार ठहराने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा, पर्ल के हत्यारों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा।
बता दें कि इस हत्याकांड का मुख्य दोषी अहमद उमर सईद शेख पाक सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सरकारी गेस्ट हाउस में रह रहा है। अदालत ने पिछले हफ्ते ब्रिटिश मूल के अलकायदा आतंकी उमर शेख का दोष साबित न करने पर अभियोजन पक्ष की आलोचना भी की थी। शेख 2002 में पर्ल के सनसनीखेज अपहरण और हत्या मामले में मुख्य आरोपी है और वह 1999 में भारतीय विमान अपहरण कांड से भी जुड़ा रहा था।