अपनी टैरिफ नीतियों को लेकर बीते कुछ महीने से लगातार सुर्खियां बटोर रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नरमी बरतने के मूड में नहीं हैं। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, 'मुझे लगता है कि चीन हमारा बहुत सम्मान करता है। वे टैरिफ के रूप में अमेरिका को भारी मात्रा में पैसे का भुगतान कर रहे हैं। फिलहाल चीन 55% शुल्क दे रहा है, जो अब भी बहुत अधिक है।
क्या एक नवंबर से चीन पर 155 फीसदी शुल्क? ट्रंप ने दिया ये जवाब
ट्रंप ने कहा कि उनके कार्यकाल से पहले कई देशों ने अमेरिकी नीतियों का फायदा उठाया है। हालांकि, अब वे ऐसा करने में अक्षम हैं, वे फायदा नहीं उठा पा रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि फिलहाल, चीन 55 फीसदी दे रहा है और अगर हम उनके साथ कोई समझौता नहीं करते तो 1 नवंबर से चीन को 155% टैरिफ का भुगतान करना पड़ सकता है। उन्होंने राष्ट्रपति शी जिनपिंग से होने वाली मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा, 'हमारे संबंध बहुत अच्छे हैं, हम कुछ हफ्ते में दक्षिण कोरिया में मिलने वाले हैं... मुझे लगता है कि हम कुछ ऐसा करने जा रहे हैं जो दोनों देशों के लिए अच्छा साबित होगा।'
ट्रंप का दावा- गत आठ महीने के कार्यकाल में आठ युद्ध रुकवाए
पत्रकारों के एक अन्य सवाल पर राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, 'मैंने गत आठ महीनों के कार्यकाल में आठ युद्ध सुलझाए हैं। ये बुरा नहीं है। मुझे रूस-यूक्रेन के बीच जारी तनाव के कारण एक और युद्ध लड़ना है। मुझे लगता है कि हम शांति कायम करने में सफल होंगे, लेकिन चिंता की बात ये है कि दो नेता (पुतिन और जेलेंस्की) वास्तव में एक-दूसरे से नफरत करते हैं।
रूस और यूक्रेन के बीच 44 महीने से जारी है टकराव... अमेरिका की भूमिका कितनी अहम
दोनों देशों के बीच बीते 44 महीने से जारी हिंसक संघर्ष को खत्म कराने में अमेरिका की भूमिका बताते हुए ट्रंप ने कहा, 'हम एक ऐसे राष्ट्र बन गए हैं जिसने टैरिफ और व्यापार की शक्ति का इस्तेमाल करके पांच युद्धों को सुलझाया है। मैंने कुल आठ गतिरोध सुलझाए हैं और मुझे इस पर बहुत गर्व भी है। अपनी भूमिका और नीतियों को अभूतपूर्व बताते हुए ट्रंप ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि कोई ऐसा अमेरिकी राष्ट्रपति हुआ है जिसने एक भी युद्ध सुलझाया हो।'
क्या यूक्रेन युद्ध में रूस को हरा सकता है?
व्हाइट हाउस में प्रेस वार्ता के दौरान जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि क्या यूक्रेन रूस से युद्ध जीत सकता है, तो उन्होंने कहा, 'हां, वे जीत सकते हैं। वे अभी भी जीत सकते हैं। हालांकि, मुझे नहीं लगता कि वे जीतेंगे, लेकिन इसकी संभावना को खारिज नहीं किया जा सकता।' बकौल अमेरिकी राष्ट्रपति, 'मैंने कभी नहीं कहा कि यूक्रेन जीतेगा। मैंने कहा कि उनके जीतने की संभावना को नकारा नहीं जा सकता। कुछ भी हो सकता है। आप जानते हैं, युद्ध एक बहुत ही अजीब चीज है।'
हिंसा करने पर मिटा दिया जाएगा हमास
पश्चिम एशिया में इस्राइल और हमास के बीच भी बीते दो साल से अधिक समय से बरकरार तनाव से जुड़े एक अन्य सवाल पर ट्रंप ने कहा, 'वे (हमास) हिंसक लोग हैं। हमास बहुत हिंसक रहा है। लेकिन अब उनके पास ईरान का समर्थन नहीं है। अब उन्हें किसी का भी समर्थन नहीं है।' सख्त तेवर दिखाते हुए ट्रंप ने कहा, हमास को शांति बहाल कर इसे बरकरार रखने के लिए आगे आना ही होगा। अगर उन्होंने शर्तों या शांति समझौते का उल्लंघन किया तो हमास को मिटा दिया जाएगा।