डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडन को नेवाडा में 6,32,558 वोट मिले हैं, जो ट्रंप को मिले वोट की तुलना में 22,657 ज्यादा हैं। वहीं, राष्ट्रपति ट्रंप को 6,09,901 वोट हासिल हुए हैं।
समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चुनावी अभियान के शीर्ष अधिकारियों में से एक द्वारा संचालित एक टेक्सटिंग कंपनी ने हजारों समर्थकों को मैसेज भेजकर फिलाडेल्फिया में रैली करने का कहा है, जहां वोटों की गिनती जारी है। मैसेज में कहा गया है कि डेमोक्रेट्स वोटों को चुराने में लगे हुए हैं, इसलिए आप लोग रैली करिए।
सीनेट के लिए जारी दौड़ में डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकन की स्थिति एक जैसी बनी हुई है। दोनों ही पार्टियों को 48-48 सीटें हासिल हुई हैं।
डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडन ने पेंसिलवेनिया में 28,877 वोटों के साथ अपने प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप पर बढ़त बनाई हुई है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों ने एरिजोना की राजधानी में एक चुनाव केंद्र के बाहर तीसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन जारी रखा, जबकि राज्य के मैरीकोपा काउंटी ने कहा कि गिनती के लिए लगभग 90,000 मतपत्र बचे हैं।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि पिछले 120 सालों में इस साल अमेरिका में सबसे ज्यादा मतदान (66.9 फीसदी) हुआ है।
व्हाइट हाउस चीफ ऑफ स्टाफ मार्क मीडोज कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं।
डेमोक्रेटिक पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बाइडन ने कहा, हम स्पष्ट बहुमत के साथ जीत हासिल करेंगे, हमें 7.4 करोड़ से ज्यादा वोट मिले हैं।
देश को संबोधित करते हुए डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडन ने कहा, वह एरिजोना और नेवाडा में जीत हासिल कर रहे हैं।
डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडन देश को संबोधित कर रहे हैं। अभी तक चुनाव परिणाम की घोषणा नहीं हुई है। हालांकि, बाइडन अभी रेस में आगे चल रहे हैं।
जो बाइडन 270 इलेक्टोरल वोटों के करीब पहुंच रहे हैं ताकि राष्ट्रपति पद पर जीत हासिल हो सके। उन्होंने प्रमुख बैटलग्राउंड स्टेट पेंसिलवेनिया में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ 19,500 वोटों से अपनी बढ़त को बढ़ा लिया है।
न्यूयार्क टाइम्स के मुताबिक मतगणना के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस से एक संबोधन शुरू किया जिसे सभी चैनल लाइव प्रसारित कर रहे थे। इस दौरान ट्रंप ने चुनावों में धांधली और फर्जीवाड़े के आरोप लगाने शुरू कर दिए। इस बीच एबीसी, सीबीएस और एनबीसी चैनलों ने ट्रंप के दावों को झूठा बताते हुए राष्ट्रपति के संबोधन का प्रसारण बीच में ही बंद कर दिया। वहीं वाशिंगटन पोस्ट ने अपने संपादकीय में साफ तौर पर लिखा कि चुनाव में फर्जीवाड़े या भ्रष्टाचार के शून्य प्रमाण हैं। ट्रंप के सभी दावे गलत हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए 3 नवंबर को हुए मतदान में इस बार 120 साल का रिकॉर्ड टूटा। यहां इस बार सबसे अधिक 16 करोड़ लोगों ने मताधिकारों का इस्तेमाल किया। चुनाव पर नजर रखने वाली साइट ‘यूएस इलेक्शन प्रोजेक्ट’ के प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस वर्ष 23 करोड़ 90 लाख लोग मतदान करने के योग्य थे। उनमें से करीब 16 करोड़ लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। तीन नवंबर के चुनाव में रिकॉर्ड 66.9 फीसदी मतदान हुआ, जो वर्ष 1900 के बाद का सर्वाधिक मतदान है। वर्ष 1900 के चुनाव में 73.7 फीसदी मतदान हुआ था।
ट्रंप के चुनाव अभियान के अधिकारी मैट मॉर्गन ने कहा, ' यह चुनाव अभी समाप्त नहीं हुआ है। जो बाइडेन चार राज्यों के नतीजों के आधार पर खुद को विजेता के तौर पर पेश कर रहे हैं लेकिन अंतिम नतीजे अभी दूर हैं। जॉजिया दोबारा मतगणना की ओर बढ़ रहा है जिसके बारे में हमें पूरा भरोसा है कि राष्ट्रपति ट्रंप बढ़त बनाएंगे।'
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया है कि अगर केवल ‘वैध मतों’ की ही गिनती होती तो वह कांटे की टक्कर वाले राष्ट्रपति चुनाव में आसानी से जीत गए होते। व्हाइट हाउस में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ट्रंप ने संकेत दिया कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों का फैसला अंतत: उच्चतम न्यायालय में होगा क्योंकि उन्होंने चुनाव में कथित धांधली के खिलाफ बड़े पैमाने पर वाद दाखिल करने की योजना बनाई है।
ट्रंप ने कहा , जो बाइडन को गलत तरीके से राष्ट्रपति नहीं बनना चाहिए। मैं भी ऐसा दावा कर सकता हूं। कानूनी प्रक्रिया अभी बस शुरू ही हुई है।
ट्रंप का प्रचार दल पहले ही पेन्सिलवेनिया, मिशिगन, जॉर्जिया और नवादा में मुकदमे दर्ज करा चुका है। उन्होंने विस्कॉन्सिन में भी मतों की दोबारा गिनती किए जाने की मांग की है। बाइडन के प्रचार दल ने आरोपों से इनकार किया है। बाइडेन ने डेलावेयर में पत्रकारों से कहा, जिस तरह की चीजें हैं, उनसे हम बहुत अच्छा महसूस कर रहे हैं। हमें कोई संदेह नहीं है कि गिनती पूरी होने पर मैं और सीनेटर कमला हैरिस (उप राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार) जीत हासिल करेंगे।
व्हाइट हाउस पहुंचने के लिए किसी को भी 538 ‘इलेक्टोरल कॉलेज वोट’ में से 270 वोट हासिल करना जरूरी है। नवीनतम अनुमानों के अनुसार, बाइडन को 253 ‘इलेक्टोरल कॉलेज वोट’ मिले हैं जबकि ट्रंप को 213 मिले हैं। लेकिन कुछ अमेरिकी मीडिया आउटलेट्स ने बाइडन को 264 और ट्रंप को 214 वोट दिए हैं।
अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडन शुक्रवार को महत्वपूर्ण राज्यों जॉर्जिया और पेंसिलवेनिया में अपने प्रतिद्वंद्वी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से आगे हो गए हैं और वह चुनाव में करीबी मुकाबले में ऐतिहासिक जीत हासिल करने के बेहद करीब दिखाई दे रहे हैं। जॉर्जिया में मतगणना के एक और दौर के बाद बाइडन ने ट्रंप पर बढ़त बना ली। यह लंबे समय से रिपब्लिकन पार्टी का गढ़ रहा है।
रिपब्लिकन नेशनल कमेटी अमेरिकी चुनाव 2020 को लेकर डोनाल्ड ट्रंप की कानूनी लड़ाई के लिए करीब 60 मिलियन डॉलर इकट्ठा करेगी।
अमेरिका की फिलाडेल्फिया पुलिस ने बताया कि उन्होंने राज्य सम्मेलन केंद्र के निकट दो लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से बंदूक बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि इन लोगों के पास हथियार रखने की अनुमति नहीं थी। इस केंद्र पर राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटों की गिनती चल रही है। पुलिस ने बताया कि उन्हें दिन में सूचना मिली थी कि एक वाहन से कुछ लोग हथियारों के साथ फिलाडेल्फिया के इस केंद्र की ओर बढ़ रहे हैं। पुलिस ने बताया कि वाहन से एक अतिरिक्त बंदूक मिली है।
ट्रंप ने उठाया सवाल- जॉर्जिया के मिलिटरी मतपेटियां कहां हैं। बता दें कि ट्वीट के जरिए ट्रंप लगातार मतगणना को लेकर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल वह बाइडन से काफी पीछे चल रहे हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति का ताज किसके सिर सजेगा यह मतदान के तीन दिन बाद तक तय नहीं हो सका। हालांकि डेमोक्रेट जो बाइडन जीत के और करीब पहुंच गए हैं। ट्रंप की व्हाइट हाउस से दूरी बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को वह 16 निर्वाचक मंडल मतों वाले जॉर्जिया में भी बाइडन से 1,096 मत पीछे हो गए।
ट्रंप के पार्टी के ही गवर्नर ने उन्हें जनमत को मानने की सलाह दी है। लैरी होगान ने ट्वीट कर कहा- दुनिया देख रही है। आने वाले दिनों को हफ्तों में क्या होता है इससे अमेरिका परिभाषित होगा। मुझे पता है कि भावनाएं उच्च स्तर पर हैं। लेकिन हमें लोकतंत्र और मतदाताओं पर भरोसा रखना होगा। प्रक्रिया को चलने दें, जैसा कि ये पिछले 200 साल से हर चार साल में चलती आ रही है।
ट्रंप ने संवाददाता सम्मेलन में किसी पत्रकार के सवाल का जवाब नहीं दिया, लेकिन आरोप लगाया कि डेमोक्रेटिक पार्टी धांधली से वर्ष 2020 का राष्ट्रपति चुनाव जीतना चाहती है। हालांकि, उन्होंने अपने दावे के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अगर केवल ‘वैध मतों’ की ही गिनती होती तो वह कांटे की टक्कर वाले राष्ट्रपति चुनाव में आसानी से जीत गए होते। व्हाइट हाउस में गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ट्रंप ने संकेत दिया कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों का फैसला अंतत: उच्चतम न्यायालय में होगा क्योंकि उन्होंने चुनाव में कथित धांधली के खिलाफ बड़े पैमाने पर वाद दाखिल करने की योजना बनाई है।
अमेरिका में ऐसा पहली बार हुआ जब इतनी बड़ी संख्या में मेल इन वोट्स डाले गए। इस बार लगभग दस करोड़ से अधिक वोट लोगों ने इलेक्शन डे के पहले ही डाल दिए और लगभग 6 करोड़ वोट चुनाव वाले दिन यानी तीन नवंबर को डाले गए।
नवीनतम अपडेट के अनुसार, नेवादा राज्य में बाइडन 604,251 वोट (49.43 प्रतिशत) के साथ आगे हैं, जबकि ट्रंप को अबतक कुल 592,813 वोट (48.50 प्रतिशत) मिले हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के बीच एक सर्वे सामने आया है जिसमें कोरोना संकट से सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में पड़े वोट के रुख के बारे में बताया गया है। इसके अनुसार, जिन काउंटी में कोरोना वायरस ने कहर बरपाया था उन्हीं इलाकों में डोनाल्ड ट्रंप को सबसे ज्यादा वोट मिले हैं।
अमेरिका में इस वर्ष हुए राष्ट्रपति चुनाव में करीब 16 करोड़ लोगों ने अपने मताधिकारों का इस्तेमाल किया जो एक रिकॉर्ड है। चुनाव पर नजर रखने वाली साइट ‘यूएस इलेक्शन प्रोजेक्ट’ के प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस वर्ष 23 करोड़ 90 लाख लोग मतदान करने के योग्य थे। उनमें से करीब 16 करोड़ लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
आने वाले सप्ताह में यह संख्या और भी बढ़ने की उम्मीद है। इसके अनुसार तीन नवंबर के चुनाव में रिकॉर्ड 66.9 फीसदी मतदान हुआ, जो वर्ष 1900 के बाद का सर्वाधिक मतदान है। वर्ष 1900 के चुनाव में 73.7 फीसदी मतदान हुआ था।
डोनाल्ड ट्रंप बोले, 'मैं आसानी से कानूनी वोटों के साथ संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति पद को जीत सकता हूं। पर्यवेक्षकों को किसी भी तरह से, अपना काम करने की अनुमति नहीं दी गई थी और इसलिए, इस अवधि के दौरान स्वीकार किए गए वोटों को अवैध वोट करार देना चाहिए। अमेरिकी उच्चतम न्यायालय को इसका फैसला करना चाहिए।'
अमेरिका में कुछ राज्यों में मतगणना शुरू होने के बाद डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता जो बाइडन राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बेहद करीब दिखाई दे रहे हैं। वहीं रिपब्लिकन पार्टी के उनके प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप के पुन: निर्वाचित होने की संभावनाएं कम दिखाई दे रही हैं।
जो बाइडन की सुरक्षा बढ़ाई गई है।
पेंसिल्वेनिया (20 चुनावी वोट), जॉर्जिया (16 चुनावी वोट), उत्तरी कैरोलिना (15 चुनावी वोट), एरिजोना (11 चुनावी वोट) और नेवादा (6 चुनावी वोट) से चुनाव की तस्वीक साफ होड जाएगी। डोनाल्ड ट्रंप उत्तरी कैरोलिना में आगे चल रहे हैं लेकिन जॉर्जिया में वे पिछड़ गए हैं। वहीं नेवादा और एरिजोना में बाइडन बढ़त बनाए हुए हैं।
अमेरिका चुनाव के नतीजों में आने में लग रहे समय पर राष्ट्रपति पद के डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडेन ने कहा कि लोकतंत्र कई बार उलझावपूर्ण हो जाता है और धैर्य रखने की जरूरत होती है। बाइडेन ने अमेरिकियों से मतों की गिनती पूरी होने तक शांत रहने और धैर्यपूर्वक इंतजार करने की अपील की।
न्यूयार्क की अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स ने अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठाने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रति नाराजगी जताई है और कहा है कि अमेरिका में जनता अपना राष्ट्रपति खुद चुनती है और जनता की जो इच्छा है वह सुनी जाएगी।
अमेरिका के जॉर्जिया में अब लड़ाई उलटफेर की तरफ बढ़ती हुई दिख रही है। यहां पहले डोनाल्ड ट्रंप बढ़त बनाए हुए थे लेकिन अब जो बाइडेन आगे बढ़ रहे हैं। दोनों उम्मीदवारो के बीच अब केवल दो हजार वोटों का अंतर रह गया है। अबतक लगभग 98 प्रतिशत वोटों की गिनती हो गई है। राज्य में केवल 16 इलेक्टोरल वोट हैं।
फेसबुक ने डोनाल्ड ट्रंप समर्थकों के एक बड़े समूह को प्रतिबंधित कर दिया है। इन्होंने ‘स्टॉप द स्टील’ अभियान शुरू किया था। इस समूह में हिंसा फैलाने की बात की जा रही थी और वोटों की गिनती में धांधली रोके जाने की अपील की गई थी। अमेरिकी चुनाव को लेकर फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम सख्ती बरतते आए हैं। उन्होंने कई पोस्ट पर रोक लगाई है।
डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर चुनाव में फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अगर केवल कानूनी वोटों को गिना जाए तो मैं आसानी से जीत जाऊंगा, लेकिन फर्जी वोटों को गिना जा रहा है। मुझे लगता है कि हम ये चुनाव आसानी से जीत जाएंगे। हमारे पास बहुत सबूत हैं, हम इस लड़ाई को अदालत लेकर जाएंगे।
मिशिगन और जॉर्जिया में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से दायर केस खारिज कर दिए गए हैं। ट्रंप ने इन दोनों राज्यों में पोस्टल बैलेट की गिनती रोकने की मांग की थी। जिसे दोनों राज्यों की अदालत ने मानने से इनकार कर दिया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि 'हमें लगता है कि हम बहुत आसानी से चुनाव जीत जाएंगे। हमें लगता है कि बहुत अधिक मुकदमेबाजी होने वाली है क्योंकि हमारे पास बहुत सारे सबूत हैं और यह खत्म होने जा रहा है, शायद, उच्चतम न्यायालय के स्तर .... हम इस तरह से चुनाव की चोरी होने नहीं दे सकते हैं।'
अमेरिकी चुनाव में मतगणना जारी है और जीत के करीब पहुंच चुके जो बाइडेन लगातार प्रेस ब्रीफिंग कर रहे हैं। उन्होंने कोविड-19 और अर्थव्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की।
जो बाइडेन ने लोगों से शांत रहने की अपील की। कहा प्रक्रिया जारी है और मतगणना पूरी हो रही है।
राष्ट्रपति चुनाव के अलावा सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के भी चुनाव हुए हैं। सीनेट में रिपब्लिकन और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में डेमोक्रेट बहुमत में हैं। रिपब्लिकन अपनी सीटें कायम रखकर सीनेट में बढ़त जारी रखेगा। वहीं, कुछ सीटों पर हार के बावजूद हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में डेमोक्रेट आगे रहेंगे। हालांकि अभी इनकी मतगणना नहीं हुई है।
जो बाइडेन ने ट्वीट कर कहा कि 'लोकतंत्र में कभी-कभी गड़बड़ी होती है, इसलिए कभी-कभी इसके लिए थोड़ा धैर्य की आवश्यकता होती है। लेकिन उस धैर्य को 240 वर्षों से अधिक समय से पुरस्कृत किया गया है, हमारी शासन की एक प्रणाली है, जिससे दुनिया ईर्ष्या करती है।'
जो बाइडेन ने ट्वीट कर कहा कि 'मैं स्पष्ट कर रहा हूं कि मैंने एक गर्वित डेमोक्रेट के रूप में प्रचार किया, लेकिन मैं एक अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में शासन करूंगा।'
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार ट्वीट कर रहें हैं, लेकिन उनके कई ट्वीट को ट्विटर ने पेज से हटा दिया है।
डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बाइडेन जीत के करीब पहुंच चुके हैं। वहीं ट्रंप ने जॉर्जिया, मिशिगन और पेनसिल्वेनिया को लेकर मुकदमा दर्ज कराया है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्वीट कर कहा कि 'पेनसिल्वेनिया में बड़ी कानूनी जीत!'
जो बाइडेन ने ट्वीट कर कहा कि 'धैर्य रखें, लोग। वोटों की गिनती की जा रही है, और हम जिस स्थिति में हैं उसके बारे में अच्छा महसूस करते हैं।'
बाइडेन बहुमत के आंकड़े से सिर्फ 6 वोट दूर हैं
538 इलेक्टोरल वोट्स में से बहुमत के लिए 270 वोट की जरूरत है। फिलहाल, बाइडेन के हिस्से 264 इलेक्टोरल वोट्स, जबकि ट्रंप के पास सिर्फ 214 वोट्स हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के मद्देनजर जॉर्जिया, पेंसिलवेनिया, उत्तरी कैरोलिना और नेवाडा के नतीजों का अभी भी इंतजार है। चुनाव अधिकारियों को अभी भी लाखों वोटों की गिनती करनी है।
राष्ट्रपति चुनाव में मतगणना में फर्जीवाड़े का दावा करते हुए सर्वोच्च न्यायालय जाने की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकी के मद्देनजर एक मानवाधिकार संगठन ने बुधवार को कहा कि अमेरिका की निर्वाचन प्रक्रिया को वोटों को तालिकाबद्ध करने में समय लगेगा। संगठन ने इस पर जोर दिया कि नेता तय नहीं करते कि कौन जीतेगा।