महिलाओं के बिना विकास संभव नहीं
वैश्विक विकास महिलाओं की भागीदारी के बिना संभव नहीं है। हमें अपने जी-20 एजेंडा में महिलाओं के नेतृत्व में विकास को प्राथमिकता देनी होगी। -नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
संसाधनों पर स्वामित्व के भाव से संघर्ष
पीएम मोदी ने कहा, अगले एक साल हम जी-20 के नए विचारों को अपनाने, सामूहिक कार्रवाई में तेजी लाने के लिए विश्व को प्रोत्साहित करने का प्रयास करेंगे। मोदी ने कहा, प्राकृतिक संसाधनों पर स्वामित्व का भाव तमाम संघर्षों को जन्म दे रहा है। यह पर्यावरण की दुर्दशा का मुख्य कारण भी है। हमें सुरक्षित भविष्य के लिए संसाधनों का संरक्षक बनना होगा, मालिक नहीं। यह भाव ही समस्याओं का समाधान है।
सुनक से मुलाकात का असर : 3,000 भारतीय युवाओं को दी वीजा की मंजूरी
ब्रिटेन ने भारतीय युवाओं के लिए बुधवार को 3,000 वीजा को मंजूरी दे दी। यह मंजूरी मोदी के ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक के साथ बैठक के चंद घंटों बाद मिली। यूथ मोबिलिटी पार्टनरशिप योजना के तहत हर साल 18 से 30 वर्ष के तीन हजार प्रशिक्षित भारतीय युवा दो साल तक ब्रिटेन में रहकर काम कर सकते हैं।
यह युद्ध का युग नहीं...पर मुहर
पीएम मोदी ने पुतिन से कहा था
यूक्रेन युद्ध तत्काल खत्म करने के लिए किए आह्वान में जी-20 देशों के नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के संदेश ‘यह युद्ध का युग नहीं’ का इस्तेमाल किया। पीएम मोदी ने उज्बेकिस्तान में 16 सितंबर को शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात के दौरान यह संदेश दिया था।
- दो दिन की बैठक के बाद जारी जी-20 देशों का घोषणापत्र कहता है, संघर्षों का शांतिपूर्ण समाधान, संकट पर वार्ता का प्रयास और कूटनीति और बातचीत जारी रखना महत्वपूर्ण है। आज का समय युद्ध का युग नहीं बनना चाहिए।
- सभी देशों को साथ लाने में भारत की अहम भूमिका : सूत्रों ने बताया, घोषणापत्र में सभी देशों को साथ लाने में भारत ने अहम व गंभीर भूमिका निभाई।
- घोषणापत्र में कहा है, संयुक्त राष्ट्र के चार्टर में दिए सभी सिद्धांतों, उद्देश्यों और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानूनों की रक्षा भी होनी चाहिए। रूस की ओर से परमाणु हमले के संकेत दिए जाने पर कहा है कि ऐसी धमकी अस्वीकार्य है।
इंडोनेशिया में 'बाली जात्रा' का पीएम मोदी किया जिक्र, पटनायक बोले-बढ़ा उत्साह
भारत के मशहूर रेत कलाकर सुदर्शन पटनायक ने बाली में ओडिशा में चल रही 'बाली जात्रा' के गौरवशाली इतिहास के बारे में बोलने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। सुदर्शन ने ट्विटर पर 'बाली जात्रा' पर अपनी रेत कला का प्रदर्शन करते हुए एक वीडियो पोस्ट किया। कहा- पीएम के सराहना करने से उत्साह बढ़ा है। उन्होंने रेत से एक आकर्षक विशाल नाव बनाई।
ओडिशा के लोग, बाली के साथ अपने प्राचीन व्यापार संबंधों का जश्न मनाने के लिए हर साल कटक में महानदी नदी के तट पर 'बाली जात्रा' महोत्सव मनाते हैं। इस मौके पर लोग तरह-तरह की नाव बनाकर जलाशयों में तैराते हैं। कार्तिक पूर्णिमा से शुरू होने वाला सात दिवसीय उत्सव ओडिशा और दक्षिण पूर्व एशिया के बीच मजबूत ऐतिहासिक संबंधों का प्रतीक है।
इंडोनेशियाई राष्ट्रपति जोको ने किया ट्वीट
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने इंडोनेशिया के बाली में जी20 शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी और इंडोनेशियाई राष्ट्रपति जोको विडोडो के साथ अपनी मुलाकात के बारे में ट्वीट किया, जिसमें वैश्विक आर्थिक सहयोग के लिए प्रमुख मंच के रूप में जी20 के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करने का उल्लेख किया गया है।