जापान की राजधानी टोक्यों में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- वैश्विक शांति के लिए भारत-अमेरिका की दोस्ती अहम है। हमारे समान हितों में विश्वास मजबूत हुआ है। हमारी दोस्ती मानव कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, हिंद-प्रशांत मसले पर हम समान विचारधारा वाले देशों के साथ समान विचार साझा करते हैं, जिससे हमारी चिंताओं और हितों की रक्षा के लिए काम किया जा सके।
पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा, भारत और अमेरिका की साझेदारी सही मायने में विश्वास की साझेदारी है। हमारे साझा हितों और मूल्यों ने दोनों देशों के बीच विश्वास के बंधन को मजबूत किया है। उन्होंने कहा, मुझे खुशी है कि हम यूएस डेवलपमेंट फाइनेंस कॉरपोरेशन के लिए भारत में काम को जारी रखने, वैक्सीन उत्पादन, स्वच्छ ऊर्जा पहल का समर्थन करने के लिए समझौता कर चुके हैं। हम इंडो-यूएस वैक्सीन एक्शन प्रोग्राम का नवीनीकरण कर रहे हैं। इस दौरान बाइडन ने कहा, भारत और अमेरिका मिलकर बहुत कुछ कर सकते हैं। हम भारत के साथ धरती की अब तक की सबसे अच्छी दोस्ती करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।