फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

US President Inauguration Live: अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति बने जो बाइडन, कमला हैरिस उपराष्ट्रपति

Thu, 21 Jan 2021 01:38 AM IST
गौरव पाण्डेय वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वाशिंगटन

खास बातें

दुनिया की सबसे बड़ी ताकतों में शुमार संयुक्त राज्य अमेरिका में बुधवार को आधिकारिक रूप से सत्ता रिपब्लिकन के हाथ से निकलकर डेमोक्रेट्स के पास चली गई। चयनित राष्ट्रपति जो बाइडन ने अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति के तौर पर और कमला हैरिस ने उप राष्ट्रपति पद की शपथ ग्रहण की। बीते दिनों निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों द्वारा अमेरिकी संसद कैपिटल हिल में किए गए प्रदर्शन के बाद स्थिति को लेकर खास सतर्कता बरती जा रही है। इसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने यहां राष्ट्रपति के तौर पर अंतिम बार संबोधित किया और इसके तुरंत बाद फ्लोरिडा के लिए रवाना हो गए। इस दौरान उन्होंने नए प्रशासन को शुभकामना तो दी, लेकिन बाइडन का नाम नहीं लिया। यहां जानिए जो बाइडन के शपथ ग्रहण समारोह से संबंधित सभी अपडेट्स।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:37 AM, 21-Jan-2021

कमला हैरिस ने कैपिटल की सीढ़ियों पर खड़े होकर माइक पेंस को दी विदाई

कमला हैरिस ने अमेरिका की उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ग्रहण करने के बाद ऐसी भूमिका निभाई जिसका निर्वहन सामान्य तौर पर निवर्तमान राष्ट्रपति करते हैं। हैरिस और उनके पति डग एमहॉफ ने बुधवार को अमेरिकी कैपिटल की सीढ़ियों पर खड़े होकर पूर्व उपराष्ट्रपति माइक पेंस और उनकी पत्नी केरेन को विदाई दी। दोनों दंपतियों ने सीढ़ी पर कुछ देर तक खड़े होकर बातचीत की और उसके बाद पेंस कार में सवार होकर रवाना हो गए। यह परिपाटी सामान्य रूप से पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप को निभानी थी लेकिन वह शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुए।

01:25 AM, 21-Jan-2021

बाइडन '46' नंबर प्लेट वाली कार में सवार हुए

राष्ट्रपति जो बाइडन ने अमेरिकी राष्ट्रपति के लिए सबसे सुरक्षित माने जाने वाली कार में यात्रा की। जिसका नंबर डबल डिजिट '46' है। बाइडन अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति बने हैं इसलिए उनके सम्मान में कार की प्लेट का नंबर '46' रखा गया है। बाइडन ने कैपिटल में पद की शपथ लेने के बाद अज्ञात सैनिकों के मकबरे पर माल्यार्पण करने के लिए अर्लिंगटन नेशनल कब्रिस्तान की यात्रा पर निकले।

01:08 AM, 21-Jan-2021

बाइडन और हैरिस ने सैन्य बल की समीक्षा की

शपथ ग्रहण के बाद राष्ट्रपति बाइडन और उपराष्ट्रपति हैरिस ने पारंपरिक सैन्य परंपरा के तहत ‘पास इन रिव्यू’ किया। पहली महिला जिल बाइडन, उप राष्ट्रपति कमला हैरिस के पति डग एमहॉफ सेना के सदस्यों के साथ कैपिटल इमारत के पूर्वी छोर पर सैनिकों के ‘पास इन रिव्यू’ समारोह में शामिल हुए।

विज्ञापन
01:00 AM, 21-Jan-2021

बाइडन ने कैपिटल इमारत के बाहर सैन्य समीक्षा की

हस्ताक्षर समारोह के बाद, राष्ट्रपति बाइडन ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के संयुक्त कार्य बल-के कमांडर के नेतृत्व में किए गए परेड की सलामी ली। कैपिटल भवन के पूर्वी छोर पर सैन्यबल और सैनिकों के उत्साह की समीक्षा की। इस आयोजन में सेना की हर शाखा का प्रतिनिधित्व किया गया।

 

12:44 AM, 21-Jan-2021

बाइडन अमेरिकी संसद के हस्ताक्षर समारोह में शामिल हुए

राष्ट्रपति बाइडन कैपिटल इमारत के राष्ट्रपति कक्ष में तीन दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। इन दस्तावेजों पर उन्होंने हस्ताक्षर किए:-

  • उद्घाटन दिवस उद्घोषणा
  • कैबिनेट पदों के लिए नामांकन
  • उप-कैबिनेट पदों के लिए नामांकन

विज्ञापन
11:51 PM, 20-Jan-2021

पीएम मोदी ने उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को दी बधाई

पीएम मोदी ने कमला हैरिस को अमेरिका का उपराष्ट्रपति बनने पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, 'यह एक ऐतिहासिक अवसर है। भारत-अमेरिका संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आपके साथ बातचीत करने की उम्मीद है। भारत-अमेरिका साझेदारी हमारे लिए फायदेमंद है।'
 

 

11:37 PM, 20-Jan-2021

मैं अमेरिका के सभी लोगों का राष्ट्रपति हूं: बाइडन

राष्ट्रपति बाइडन ने कहा कि हमने जिंदगी में बहुत सारी चुनौतियां देखी है। अमेरिका में सबको सम्मान मिलेगा। अमेरिका की सेना सशक्त है, हर चुनौती के लिए तैयार है। मैं अमेरिका के सभी लोगों का राष्ट्रपति हूं। मैं उनका भी राष्ट्रपति हूं जिन्होंने मुझे वोट नहीं दिया। मैं सबकी तरक्की और सबकी रक्षा के लिए हूं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि आज हम एक उम्मीदवार की नहीं बल्कि लोकतंत्र की जीत का जश्न मना रहे हैं। बाइडेन ने कहा कि मुझे पता है कि हमें विभाजित करने वाली ताकतें गहरी हैं और वे वास्तविक हैं, लेकिन मुझे ये भी पता है कि वो नई नहीं हैं। हमारा इतिहास एक निरंतर संघर्ष रहा है।

11:10 PM, 20-Jan-2021

संपन्न हुआ उद्घाटन सत्र, अब परेड की बारी

इसी के साथ बाइडन के शपथ ग्रहण कार्यक्रम का उद्घाटन सत्र संपन्न हो गया। अब एक उद्घाटन परेड का आयोजन किया जाएगा। अभिनेता टोनी गोल्डविक इस परेड को होस्ट करेंगे। इसके अलावा कई अन्य कलाकार भी इसमें शामिल होंगे।

11:06 PM, 20-Jan-2021

ट्विटर ने बदले व्हाइट हाउस के अकाउंट

उधर, ट्विटर ने ट्रंप प्रशासन से बाइडन प्रशासन के लिए आधिकारिक व्हाइट हाउस के ट्विटर अकाउंट को परिवर्तित कर दिया है। ट्विटर के प्रवक्ता निक पेसीलियो ने बताया कि @Transition46 अब @WhiteHouse हो गया है। इसके अलावा @PresElectBiden अब @POTUS हो गया है। @SenKamalaJarris अब @VP हो गया है। @FLOTUSBiden अब @FLOTUS हो गाय है और @PressSecPsaki अब @PressSec हो गया है। इसके अलावा एक नया अकाउंट @SecondGentleman भी लाइव किया गया है। इस अकाउंट को कमला हैरिस के पति डग एमहॉफ चलाएंगे।

11:02 PM, 20-Jan-2021

नागरिकों के हमेशा साथ रहूंगा: बाइडन

इससे पहले अपने संबोधन में बाइडन ने अमेरिकी नागरिकों से उनके बराबर रहने का वादा किया। बाइडन ने कहा, मेरे साथी अमेरिकियों, मैं आपसे वादा करता हूं कि मैं हमेशा आपके साथ रहूंगा, आपके बराबर रहूंगा। मैं संविधान की रक्षा करूंगा। मैं हमारे लोकतंत्र की रक्षा करूंगा। मैं अमेरिका की रक्षा करूंगा। मैं आपकी सेवा में संभावनाओं के बारे में सोचते हुए काम करूंगा न कि शक्ति के बारे में।

10:58 PM, 20-Jan-2021

म्यूजिक स्टार गार्थ ब्रुक्स ने दी प्रस्तुति

जो बाइडन के संबोधन के बाद देश के म्यूजिक स्टार गार्थ ब्रुक्स ने 'अमेजिंग ग्रेस' की प्रस्तुति दी। उन्होंने दर्शकदीर्घा में मौजूद लोगों से साथ गाने की अपील की। इससे पहले लेडी गागा ने राष्ट्रगान गाने के साथ एक और प्रस्तुति दी थी तो जेनिफर लोपेज ने भी समा बांधा था।

10:54 PM, 20-Jan-2021

बाइडन ने दिया अमेरिका के बारे में दुनिया को संदेश

अपने संबोधन में बाइडन ने अमेरिका के बारे में बाकी दुनिया को संदेश दिया। उन्होंने कहा, 'मेरा संदेश हमारी सीमाओं के पार के लिए। अमेरिका ने कई परीक्षाओं का सामना किया है और हम इनसे मजबूत साबित हुए हैं। हम अपने संबंधों को फिर से सुधारेंगे और एक बार फिर दुनिया के साथ गतिविधियों में शामिल होंगे। हम नेतृत्व करेंगे, न केवल हमारी शक्ति के उदाहरण से बल्कि हमारे उदाहरण की शक्ति से। हम शांति, प्रगति और सुरक्षा के लिए विश्वस्त भागीदार बनेंगे।'

10:49 PM, 20-Jan-2021

नई उप राष्ट्रपति का पहला ट्वीट

अमेरिका की नई उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने पद की शपथ ग्रहण करने के थोड़ी ही देर बाद उप राष्ट्रपति के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट किया। इसमें उन्होंने लिखा, 'सेवा करने के लिए तैयार हैं।' बता दें कि हैरिस अमेरिकी इतिहास की पहली अश्वेत और दक्षिण एशियाई उप राष्ट्रपति बन गई हैं। 

10:44 PM, 20-Jan-2021

'चुनौतियों से निपटने के लिए एकजुट हो अमेरिका'

शपथ लेने के बाद बाइडन ने देश की एकजुटता की अहमियत पर बात की। उन्होंने कहा, 'आज, जनवरी के इस दिन पर मेरी पूरी आत्मा इसमें है- अमेरिका को एक साथ लाना। हमारे लोगों को और हमारे देश को एकजुट करना।' उन्होंने अमेरिकी नागरिकों से अपील की कि देश के सामने मौजूद चुनौतियों के बावजूद एकजुट हों। 

10:39 PM, 20-Jan-2021

बाइडन ने अपने पूर्ववर्तियों को कहा धन्यवाद

बाइडन ने दोनों पार्टियों के अपने पूर्ववर्तियों को धन्यवाद कहा। उन्होंने कहा, 'मैं दोनों पार्टियों से अपने पूर्ववर्तियों को यहां आने के लिए धन्यवाद देता हूं। जो किसी कारण से यहां नहीं आ पाए मैं उन्हें भी धन्यवाद कहता हूं। मैं हमारे संविधान की मजबूती को, अपने देश की मजबूती को जानता हूं। मैंने अभी एक पवित्र शपथ ली है। यह एक महान देश है। हम सब अच्छे लोग हैं।'

10:36 PM, 20-Jan-2021

आज लोकतंत्र के कारण का जश्न: बाइडन

बाइडन ने कहा, आज हम किसी एक प्रत्याशी की जीत का जश्न नहीं मना रहे हैं बल्कि एक कारण का- लोकतंत्र के कारण का जश्न मना रहे हैं। हमने यह सीखा है कि लोकतंत्र अनमोल है। लोकतंत्र कमजोर है और इस समय में मेरे दोस्तों, लोकतंत्र को बचाया गया है।

10:33 PM, 20-Jan-2021

'यह लोकतंत्र का दिन, उम्मीद का दिन'

शपथ लेने के बाद बाइडन ने कहा कि यह लोकतंत्र का दिन है, यह इतिहास और उम्मीद का दिन है। अमेरिका ने कई परीक्षाएं दी हैं और अमेरिका हर चुनौती से उबरा है। उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र का कारण मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, 'लोगों की इच्छा सुनी गई और उसका पालन किया जा रहा है।'

10:26 PM, 20-Jan-2021

बाइडन ने भी ली कार्यालय की शपथ

इसके साथ ही जो बाइडन ने भी कार्यालय की शपथ ले ली है। उन्हें मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स ने शपथ दिलाई। इसी के साथ जो बाइडन अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति बन गए। 

10:17 PM, 20-Jan-2021

कमला हैरिस ने ली कार्यालय की शपथ

कमला हैरिस के उप राष्ट्रपति कार्यालय की शपथ ग्रहण की। सुप्रीम कोर्ट की न्यायाधीश सोनिया सोटोमेयर ने उन्हें शपथ दिलाई। अमेरिकी समयानुसार दोपहर में कमला हैरिस आधिकारिक रूप से अमेरिका की पहली अश्वेत और दक्षिण एशियाई उप राष्ट्रपति बन जाएंगी।

10:15 PM, 20-Jan-2021

लेडी गागा ने गाया राष्ट्रगान

प्रसिद्ध गायिका लेडी गागा ने बाइडन के शपथ ग्रहण से पहले अमेरिकी राष्ट्रगान गाया। लेडी गागा ने इसके लिए एक सुनहरे माइक का इस्तेमाल किया। लेडी गागा के अलावा कार्यक्रम में जेनिफर लोपेज आदि कलाकार भी प्रस्तुतियां देंगे।

10:11 PM, 20-Jan-2021

'आज लोकतंत्र के फिर से खुद खड़े होने का दिन'

मिनेसोटा से डेमोक्रेट सीनेटर एमी क्लोबुशर ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का स्वागत किया। उन्होंने कहा, 'यह समारोह एक लोकतंत्र के 244 साल के सफर का परिणाम है।' उन्होंने कहा कि आज का गिन वह है जब हमारा लोकतंत्र खुद उठ खड़ा होगा, अपनी धूल झाड़ेगा जैसा कि अमेरिका हर बार करता है।

10:07 PM, 20-Jan-2021

जाते-जाते एक और क्षमादान दे गए ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति के रूप में अपने अंतिम क्षणों में एक और व्यक्ति के क्षमादान पर मुहर लगा दी। डिप्टी प्रेस सचिव जुड डीयर ने एक बयान में कहा, आज राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अल्बर्ड जे पिरो जूनियर को पूरा क्षमादान दिया। पिरो ट्रंप से सहयोगी जज जिनीन पिरो के पूर्व पति हैं। 

10:01 PM, 20-Jan-2021

पहले दिन 15 कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर करेंगे बाइडन

शपथ लेने के कुछ ही घंटों के भीतर नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन 15 कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर करेंगे। इनमें अमेरिका को फिर से पेरिस समझौते में शामिल करना और 100 दिनों तक मास्क पहनना अनिवार्य करने संबंधी आदेश भी शामिल हैं। इनके अलावा बाइडन मुस्लिम देशों पर लगे यात्रा प्रतिबंध को रद्द करने संबंधी एक कार्यकारी आदेश पर भी हस्ताक्षर करेंगे। वह अपने पूर्ववर्ती डोनाल्ड ट्रंप के कुछ प्रमुख नीतिगत फैसलों को पलट देंगे।

09:57 PM, 20-Jan-2021

शपथ लेने के बाद एकजुटता का संदेश देंगे बाइडन

अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेने के बाद जो बाइडन देशवासियों को अपने पहले संबोधन में एकजुटता का संदेश देंगे। नव निर्वाचित राष्ट्रपति के करीबी सलाहकारों के अनुसार शपथ लेने के बाद अपने पहले संबोधन में बाइडन महामारी के कारण अप्रत्याशित संकट के दौरान देश को एक साथ लाने की जरूरत पर बात करेंगे। नाम न जाहिर करने की शर्त पर उनके सलाहकारों ने बताया कि बाइडन देश के सामने पेश अभूतपूर्व चुनौतियों से निपटने में सहयोग की अपील करेंगे।

09:52 PM, 20-Jan-2021

मंच पर पहुंचे जो बाइडन, ओबामा को दिया 'फिस्ट बंप'

अमेरिका के चयनित राष्ट्रपति जो बाइडन अपने शपथ ग्रहण कार्यक्रम के लिए राजधानी में मंच पर पहुंच गए हैं। वह अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगे। मुख्य न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स बाइडन को शपथ दिलाएंगे। बाइडन जैसे ही बराक ओबामा के पास से निकले दोनों के एक-दूसरे को 'फिस्ट बंप' दिया। चयनित उप राष्ट्रपति कमला हैरिस, पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और बिल क्लिंटन, जॉर्ज डब्ल्यू बुश और माइक पेंस समेत कई लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके हैं।

09:47 PM, 20-Jan-2021

समारोह में पहुंची कमला हैरिस

अमेरिका की चयनित उप राष्ट्रपति कमला हैरिस शपथ ग्रहण समारोह में पहुंच गई हैं। वह अमेरिका की पहली अश्वेत और दक्षिण एशियाई उप राष्ट्रपति बनने जा रही हैं। हैरिस कैपिटल पुलिस अधिकारी यूजीन गुडमैन के साथ समारोह में आईं। गुडमैन ने संसद में ट्रंप समर्थकों द्वारा किए गए प्रदर्शन में प्रदर्शनकारियों को सीनेट से बाहर किया था। हैरिस अपने पति डग एमहॉफ के साथ बैठी हैं। 

09:44 PM, 20-Jan-2021

पहली महिला उपराष्ट्रपति को शपथ दिलाएंगी पहली लैटिन-अमेरिकी न्यायमूर्ति

प्रथम महिला, प्रथम अश्वेत और दक्षिण एशियाई मूल की प्रथम उपराष्ट्रपति के तौर पर बुधवार को शपथ ग्रहण करने के साथ कमला हैरिस इतिहास रचने जा रही हैं। उन्हें न्यायमूर्ति सोनिया सोटोमायोर 20 जनवरी को अमेरिका के उप राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगी। सोटोमायोर पहली लैटिन अमेरिकी न्यायमूर्ति हैं। नवनिर्वाचित उप राष्ट्रपति कमला (58) सोटोमायोर की पृष्ठभूमि को प्रेरक मानती हैं। एक सूत्र के मुताबिक सोटोमायोर का चयन हैरिस ने किया है। दोनों ही अभियोजक रह चुकी हैं। हैरिस कैलिफोर्निया में ,जबकि सोटोमायारो न्यूयार्क में अभियोजक रही हैं।

09:41 PM, 20-Jan-2021

शपथ ग्रहण कार्यक्रम में पहुंचे माइक पेंस

माइक पेंस शपथ ग्रहण समारोह में पहुंच चुके हैं। डोनाल्ड ट्रंप यहां मौजूद नहीं है। ट्रंप अमेरिका के 150 साल से ज्यादा पुराने इतिहास के पहले ऐसे राष्ट्रपति बन गए हैं जो आगामी राष्ट्रपति को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हो रहा है। 

09:38 PM, 20-Jan-2021

पेंस ने छोड़ा कमला हैरिस के लिए एक नोट

उप राष्ट्रपति माइक पेंस ने अगली उप राष्ट्रपति कमला हैरिस के लिए एक नोट छोड़ा है। हैरिस और पेंस ने पिछले सप्ताह फोन पर बात भी की थी। इससे पहले ट्रंप ने बाइडन के लिए और मेलानिया ने जिल के लिए एक-एक नोट छोड़ा था।

09:35 PM, 20-Jan-2021

शपथ ग्रहण के लिए पहुंचीं कमला हैरिस

चयनित उप राष्ट्रपति कमला हैरिस शपथ ग्रहण के लिए पहुंच चुकी हैं। वह संसद में अपनी निर्धारित सीट लेंगी और अपने पति जह एमहॉफ के साथ बैठेंगी। हैरिस अमेरिका की पहली अश्वेत और दक्षिण एशियाई उप राष्ट्रपति बनने जा रही हैं।

09:33 PM, 20-Jan-2021

फ्लोरिडा पहुंचे डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया

निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप फ्लोरिडा पहुंच गए हैं। इससे पहले राजधानी में उन्होंने एक विदाई संदेश दिया था जिसमें उन्होंने अमेरिका की जनता के लिए हमेशा लड़ने का वादा किया था। बता दें कि ट्रंप बाइडन के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।

09:30 PM, 20-Jan-2021

बाइडन ने पत्नी के लिए किया ट्वीट, लिखा भावुक संदेश

अमेरिकी राजधानी पहुंचने के कुछ देर बाद ही जो बाइडन के ट्विटर अकाउंट से एक ट्वीट किया गया। इस ट्वीट में उन्होंने अपनी पत्नी के लिए एक वीडियो संदेश साझा किया। इस वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, मैं तुमसे प्रेम करता हूं और इस सफर में तुमको अपने साथ पाने के लिए इससे ज्यादा सम्मानित नहीं हो सकता।
 

 

09:23 PM, 20-Jan-2021

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन अब कभी नहीं चला पाएंगे अपनी Corvette कार

अमेरिका में जो बाइडन 20 जनवरी को शपथग्रहण के बाद देश के 46वें राष्ट्रपति बन जाएंगे। जिसके बाद उन्हें अपनी पसंदीदा कार की चाबी अमेरिकी सीक्रेट सर्विस को सौंपनी होगी जिससे वो बेहद प्यार करते हैं। यह कार है 1967 में निर्मित Chevy Corvette convertible Stingray (चेवी कॉर्वेट कन्वर्टिबल स्टिंग्रे)। 

यहां पढ़िए पूरी खबर

09:20 PM, 20-Jan-2021

अमेरिका के चयनित राष्ट्रपति जो बाइडन अपनी पत्नी जिल बाइडन और चयनित उप राष्ट्रपति कमला हैरिस अपने पति डग एमहॉफ के साथ राजधानी पहुंच गए हैं। कुछ ही देर में दोनों अपने-अपने पद की शपथ ग्रहण करेंगे। 

09:15 PM, 20-Jan-2021

इतिहास रचने जा रहीं हैरिस ने मां को याद किया

अमेरिका की पहली अश्वेत और एशियाई उप राष्ट्रपति बनने जा रहीं कमला हैरिस ने शपथ ग्रहण कार्यक्रम से कुछ देर पहले अपनी मां को याग किया। बता दें कि कमला हैरिस की मां श्यामला गोपालन हैरिस भारत से थीं। उन्होंने इससे संबंधित एक वीडियो ट्विटर पर शेयर किया। इसमें उन्होंने लिखा, 'मैं आज यहां उस महिला की वजह से हूं जो मुझसे पहले आई थी।'
 
 

09:06 PM, 20-Jan-2021

यूएस कैपिटल पहुंचे जो बाइडन

चयनित राष्ट्रपति जो बाइडन का काफिला अमेरिकी राजधानी में पहुंच चुका है। जानकारी के अनुसार संसद (कैपिटल बिल्डिंग) में उनके प्रवेश पर कांग्रेस से नेता उनका स्वागत कर सकते हैं। बता दें कि बाइडन बुधवार की दोपहर अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति के तौर पर पद की शपथ लेंगे। वहीं, चयनित उप राष्ट्रपति कमला हैरिस को कैपिटल पुलिस का वह अधिकारी लेकर आएगा जिसने कैपिटल हिल में ट्रंप समर्थकों के प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों को सीनेट के बाहर किया था। इस अधिकारी का नाम यूजीन गुडमैन है। गुडमैन कार्यवाहक डिप्टी हाउस सार्जेंट के तौर पर हैरिस को लेकर आएंगे।

09:04 PM, 20-Jan-2021

उप राष्ट्रपति माइक पेंस भी पहुंचे

उप राष्ट्रपति माइक पेंस भी बाइडन के शपथ ग्रहण समारोह के लिए अमेरिकी राजधानी पहुंच गए हैं। बता दें कि निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस कार्यक्रम का हिस्सा नहीं बनेंगे। उन्होंने एक विदाई संदेश दिया था और एयर फोर्स वन विमान में फ्लोरिडा के लिए रवाना हो गए थे। 

08:57 PM, 20-Jan-2021

सुप्रीम कोर्ट में बम होने की धमकी

अमेरिकी संसद (कैपिटल हिल) के पास स्थित सुप्रीम कोर्ट की इमारत में बम होने की धमकी मिली है। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक इसके मद्देनजर अदालत की इमारत को खाली कराया जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार इस जानकारी के सामने आने के कुछ देर के अंदर ही वहां नेशनल गार्ड की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई। 

08:54 PM, 20-Jan-2021

राजधानी पहुंचे मिच  मैककॉनेल 

सीनेट में बहुमत के नेता मिच मैककॉनेल अपनी पत्नी और पूर्व यातायात सचिव इलेन चाओ के साथ बाइडन के समारोह में शामिल होने वाशिंगटन पहुंच गए हैं। चाओ ने कैपिटल हिल हिंसा के बाद ट्रंप की कैबिनेट में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

08:51 PM, 20-Jan-2021

चार साल बेहद खराब रहे: केरेन बास

डेमोक्रेट प्रतिनिधि केरेन बास ने कहा कि मेरे लिए आज का दिन कोविड-19 महामारी पर नियंत्रण पाने के लिए और नस्लवाद, स्वयंभूवाद और विभाजन के खात्मे का है। उन्होंने कहा, चार साल सच में बेहद खराब रहे हैं। मैं छह जनवरी को यहां थी और आज भी हूं। मुझे व्यक्तिगत रूप से लग रहा है कि अब हमारा देश उबर सकता है। बता दें कि केरेन ट्रंप ने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुई थीं।

08:48 PM, 20-Jan-2021

जानिए क्या कह रहे हैं समारोह में आने वाले सांसद...

बाइडन के शपथ ग्रहण समारोह के लिए कांग्रेस सदस्यों का आगमन शुरू हो गया है। डेमोक्रेटिक प्रतिनिधि एरिक स्वालवेल ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे देश के इतिहास में पहली बार सत्ता का हस्तातंरण शांसि से नहीं होगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि आज का दिन दोबारा शुरुआत का दिन है। 

08:44 PM, 20-Jan-2021

राजधानी पहुंचे ओबामा और क्लिंटन

जो बाइडन के शपथ ग्रहण कार्यक्रम के लिए पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और पूर्व प्रथम महिला मिशेल ओबामा यूएस कैपिटल पहुंच चुके हैं। ओबामा से कुछ देर पहले ही पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और हिलेरी क्लिंटन यहां पहुंचे थे।

08:42 PM, 20-Jan-2021

चयन तक यह अधिकारी होगा कार्यवाहक कोषागार सचिव

कोषागार सचिव पद के लिए जब तक जो बाइडन द्वारा चयनित नाम पर पुष्टि से पहले तक कोषागार में इंटरनेशनल मॉनेटरी पॉलिसी के लिए प्रिंसिपल डिप्टी असिस्टेंट सेक्रेटरी एंडी बौकोल इस पद को संभालेंगे। बाइडन ने जेनेट येलेन को इस पद के लिए नामित किया है।

08:36 PM, 20-Jan-2021

अटॉर्नी जनरल को देना पड़ा इस्तीफा

जो बाइडन प्रशासन के कार्यकारी अटॉर्नी जनरल जेफरी रोसेन को इस्तीफा देना पड़ा है। दरअसल, बाइडन के शपथ ग्रहण से जुड़े कार्यक्रम को लेकर हुई कुछ बदइंतजामी की गाज उन पर गिरी है। 

08:31 PM, 20-Jan-2021

बाइडन के लिए ओबामा ने लिखा- यह आपका समय है

पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने राष्ट्रपति पद की शपथ लेने जा रहे जो बाइडन को बधाई देने के लिए एक ट्वीट किया। ओबामा ने अपने ट्वीट में लिखा- यह आपका समय है। इस ट्वीट के साथ ओबामा ने बाइडन के साथ वाली अपनी एक तस्वीर भी साझा की।
 
 

08:27 PM, 20-Jan-2021

ट्रंप ने जाते-जाते 73 लोगों की सजा माफ की

अमेरिका के राष्ट्रपति पद से विदाई लेने से पहले डोनाल्ड ट्रंप ने 73 लोगों की सजा माफ कर दी। वहीं दूसरी ओर उन्होंने 70 लोगों की सजा पर मुहर भी लगाई।

08:14 PM, 20-Jan-2021

बाइडन ने ट्विटर प्रोफाइल की कवर फोटो भी बदली

जो बाइडन ने ट्वीट करने के साथ अपने ट्विटर प्रोफाइल की कवर फोटो को भी बदल दिया। इस बदली हुई तस्वीर में उन्होंने लिखा- विश्वास रखो।



 

07:58 PM, 20-Jan-2021

बाइडन ने किया ट्वीट- आज अमेरिका में नया दिन

बाइडन ने अपने शपथ ग्रहण समारोह के दिन पहला ट्वीट किया है। डोनाल्ड ट्रंप के राजधानी से निकलते ही बाइडन ने ट्वीट किया। इसमें उन्होंने लिखा, 'आज अमेरिका में नया दिन है।'
 



 

 

07:50 PM, 20-Jan-2021

'भारत के साथ रक्षा सहयोग और मजबूत करेगा बाइडन प्रशासन'

इससे पहले अमेरिका के रक्षा मंत्री के तौर पर नामित लॉयड ऑस्टिन ने कहा था कि बाइडन प्रशासन का लक्ष्य भारत के साथ रक्षा सहयोग को बढ़ाना है। सेवानिवृत्त जनरल लॉयड ऑस्टिन मंगलवार को रक्षा मंत्री के तौर पर अपने नाम की पुष्टि के लिए सीनेट सशस्त्र सेवा समिति के सामने पेश हुए थे। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘अगर मैं रक्षा मंत्री के तौर पर चुना जाता हूं तो मेरा लक्ष्य भारत के साथ हमारे रक्षा संबंधों को और आगे बढ़ाना होगा।’ बाइडन ने रक्षा मंत्री के तौर पर ऑस्टिन को नामित किया है।

07:47 PM, 20-Jan-2021

ट्रंप ने खारिज कर दिया था 'शालीन भाषण'

इससे पहले ट्रंप ने सहयोगियों द्वारा तैयार किए गए भाषण को खारिज कर दिया था जिसमें आगामी प्रशासन से संबंधित लोगों के बारे में लिखा था और शांतिपूर्ण सत्ता हस्तांतरण के लिए ज्यादा शालीन भाषा का उपयोग किया गया था। यह जानकारी मामले से संबंधित एक व्यक्ति ने दी। हालांकि, ट्रंप ने इस भाषण को देने से इनकार कर दिया और उनके आने से पहले टेलीप्रॉम्पटर हटा दिए गए थे। 

07:43 PM, 20-Jan-2021

बाइडन के लिए एक नोट छोड़ कर गए हैं ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप जो बाइडन के लिए एक नोट छोड़कर गए हैं। यह जानकारी इस मामले से संबंधित एक व्यक्ति ने दी है। हालांकि, इस नोट में क्या लिखा है, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। इसके साथ ही मेलानिया ट्रंप ने भी जिल बिडेन के लिए एक नोट छोड़ा है। इस नोट के बारे में कुछ स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।

07:40 PM, 20-Jan-2021

फ्लोरिडा के लिए रवाना हुए डोनाल्ड ट्रंप

राष्ट्रपति के तौर पर अपना अंतिम संबोधन पूरा करने के बाद डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया के साथ एयर फोर्स वन विमान से फ्लोरिडा के लिए रवाना हो गए हैं। जाने वाले राष्ट्रपति के विमान की अंतिम उड़ान को आम तौर पर स्पेशल एयर मिशन कहा जाता है। लेकिन ट्रंप का जल्दी निकलने का मतलब है कि फ्लोरिडा तक अपनी उड़ान के दौरान वह राष्ट्रपति रहेंगे। ट्रंप बाइडन के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में नहीं शामिल होंगे।

07:36 PM, 20-Jan-2021

मैं आपके लिए हमेशा लड़ूंगा: डोनाल्ड ट्रंप

ट्रंप ने अपने संबोधन में हमेशा लड़ने का वादा किया और बाइडन प्रशासन को शुभकामना दी। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से कहा, 'आप शानदार लोग हैं। यह एक महान देश है। यह मेरे लिए सर्वाधिक सम्मान की बात है कि मैं आपका राष्ट्रपति बना।' उन्होंने आगे कहा, 'मैं हमेशा आपके लिए लड़ूंगा। मैं देखता रहूंगा। मैं सुनता रहूंगा और मैं आपको बताऊंगा कि इस देश का भविष्य कभी इतना बेहतर नहीं रहा। मैंन नए प्रशासन को शुभकामना देता हूं। उनके पास कुछ बेहतरीन कर दिखाने के लिए एक आधार है।'

07:33 PM, 20-Jan-2021

ट्रंप ने अपने बच्चों को कहा धन्यवाद, बोले- इन्होंने शानदार काम किया

ट्रंप ने राष्ट्रपति के तौर पर अपने अपने अंतिम संबोधन में अपने परिवार पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद अपने बच्चों को धन्यवाद दिया और कहा कि इन्होंने शानदार तरीके से काम किया। अपनी पत्नी को लेकर उन्होंने कहा कि मेलानिया बहुत लोकप्रिय रहीं। 

07:29 PM, 20-Jan-2021

नए प्रशासन को शुभकामना दी पर बाइडन का नाम नहीं लिया

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, हम दुनिया की सबसे श्रेष्ठ और बड़ी अर्थव्यवस्था हैं। हमने चिकित्सा के क्षेत्र में भी मील के पत्थर खड़े किए हैं। पहले बीमारी के टीके बनने में वर्षों लगते थे। कोरोना से लड़ने के लिए हमने केवल नौ महीने में टीका बना लिया। इस महान देश का राष्ट्रपति बनना मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान रहा। मैं नए राष्ट्रपति और उनके प्रशासन को शुभकामनाएं देता हूं। हालांकि, उन्होंने बाइडन का नाम नहीं लिया।

07:28 PM, 20-Jan-2021

आम सरकारों जैसा नहीं था हमारा कार्यकाल: ट्रंप

ट्रंप ने अपने संबोधन में कहा, 'हमारा कार्यकाल आम सरकारों जैसा नहीं था। हमने नया अमेरिका बनाया। हमने अमेरिकी फौज को नई पहचान दी। हमने स्पेस फोर्स बनाई, जो आम बात नहीं है। हमने महामारी को नियंत्रित करने में काफी काम किया, हालांकि अब यह तेजी से बढ़ रही है।'

07:24 PM, 20-Jan-2021

अमेरिका की प्रथम महिला बनना सबसे बड़ा सम्मान: मेलानिया

ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया के साथ जॉइंट बेस एंड्र्यूज पर मंच पर पहुंचे। यहां मेलानिया ट्रंप ने कहा, 'आपकी प्रथम महिला बनना मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान था। आपके प्रेम और सहयोग के लिए धन्यवाद। आप हमेशा मेरे विचारों और प्रार्थनाओं में रहेंगे। ईश्वर आप सबका, आपके परिवार और इस खूबसूरत देश का भला करे। धन्यवाद'

07:17 PM, 20-Jan-2021

जॉइंट बेस एंड्र्यूज पहुंचे डोनाल्ड ट्रंप

निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कुछ देर पहले ही अपने अंतिम विदाई कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए जॉइंट बेस एंड्र्यूज पहुंच गए हैं। उन्हें सार्वजनिक तौर पर देखे हुए एक सप्ताह से अधिक समय हो गया है। जिस मंच पर ट्रंप राष्ट्रपति के तौर पर अपना अंतिम संबोधन देंगे, वहां प्रेसीडेंशियल सील के साथ एक पोडियम होगा। वहां कोई टेलीप्रॉम्पटर नहीं होगा। टेलीप्रॉम्पटर एक उपकरण होता है जिस पर देख कर भाषण देते हैं। जब बाइडन और कमला हैरिस शपथ लेंगे उस वक्त वह फ्लोरिडा में होंगे। ट्रंप पहले ही कह चुके हैं कि वह बाइडन के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।

07:07 PM, 20-Jan-2021

LIVE: अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति बने जो बाइडन, कमला हैरिस उपराष्ट्रपति

दुनिया की सबसे बड़ी ताकतों में शुमार संयुक्त राज्य अमेरिका में बुधवार को आधिकारिक रूप से सत्ता रिपब्लिकन के हाथ से निकलकर डेमोक्रेट्स के पास चली जाएगी। चयनित राष्ट्रपति जो बाइडन कुछ घंटो में अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति के तौर पर पद की शपथ ग्रहण करेंगे। बीते दिनों निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों द्वारा अमेरिकी संसद कैपिटल हिल में किए गए प्रदर्शन के बाद स्थिति को लेकर खास सतर्कता बरती जा रही है। इसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यहां जानिए जो बाइडन के शपथ ग्रहण समारोह से संबंधित सभी अपडेट्स।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें