अमेरिका के चयनित राष्ट्रपति जो बाइडन ने गुरुवार को न्याय विभाग में अहम पदों के लिए लोगों के नामांकन की घोषणा की। इन लोगों में भारतीय-अमेरिकी वनिता गुप्ता का नाम भी शामिल है। वनिता गुप्ता का एसोसिएट अटॉर्नी जनरल के पद के लिए नामांकन किया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों के हंगामे के बीच कांग्रेस के दोनों सदनों ने आज जो बाइडन और कमला हैरिस की जीत पर अपनी मुहर लगा दी।
अब 20 जनवरी को जो बाइडन देश के 46वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेंगे। वहीं डोनाल्ड ट्रंप ने भी पहली बार अपनी हार स्वीकार करते हुए सत्ता के व्यवस्थित हस्तांतरण की बात कही है। कांग्रेस के संयुक्त सत्र ने तीन नवंबर को हुए चुनाव में राष्ट्रपति पद पर जो बाइडन एवं उपराष्ट्रपति पद पर कमला हैरिस को मिली जीत को सत्यापित कर दिया। इसके बाद अपनी हार मानते हुए ट्रंप ने कहा कि 20 जनवरी को जो बाइडन को सत्ता का 'व्यवस्थित' हस्तांतरण किया जाएगा।
अमेरिका की नई चयनित उप राष्ट्रपति कमला हैरिस का भी भारत से नाता रहा है। उनकी मां भारतीय थी। इसके साथ ही बाइडन ने दिसंबर में व्हाइट हाउस के प्रेस स्टाफ का एलान किया था। इसमें भारतीय मूल के वेदांत पटेल को जगह दी गई थी। बाइडन की टीम में और भी कई भारतीय मूल के लोग शामिल हैं। इनमें श्रम विभाग के लिए सीमा नंदा, वित्त विभाग के लिए आत्मन त्रिवेदी, डाक सेवा के लिए अनीश चोपड़ा, शिक्षा विभाग के लिए शीतल शाह को शामिल किया है।
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के संकट से निपटने के लिए जो बाइडन ने एक कोविड-19 टास्क फोर्स का गठन किया है। इस टीम में भी कई भारतीय मूल के लोगों को जगह दी गई है। इसमें डॉ. सेलीन गौंडर और डॉ. विवेक मूर्ति का नाम भी शामिल है। इसके साथ ही पुनीत तलवार, अरुण मजूमदार, राहुल गुप्ता और भव्या लाल भी उनकी टीम का हिस्सा हैं। जो बाइडेन की टीम में नीरा टंडन और डॉ. अतुल गावंडे जैसे भारतीय मूल के लोगों के नाम भी शामिल हैं।