अमेरिका के इदाहो शहर में कोइरिएन डैलिन झील के ऊपर दो विमानों की आपस में भीषण टक्कर हो गई। ये दोनों विमान हवा में टकराने के बाद झील में डूब गए। इस हादसे में कम से कम आठ लोगों के मरने की आशंका है। इनमें से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं जबकि छह अन्य के शवों की तलाश जारी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार झील के ऊपर दोनों विमानों की आपस में टक्कर इतनी भयानक थी कि किसी के बचने की संभावना नहीं के बराबर ही है। प्रारंभिक रिपोर्ट में कहा गया है कि दोनों विमानों में कुल आठ यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे लेकिन अभी भी इसे सत्यापित किया जा रहा है।
कूटेनई काउंटी शेरिफ कार्यालय ने कहा है कि हम मानकर चल रहे हैं कि इस हादसे में कोई भी जीवित नहीं बचा है। पीड़ितों में बच्चे और वयस्क शामिल थे। बयान के मुताबिक विमान आपस में टकराने के बाद 127 फीट नीचे झील के पानी में डूब गए।
अमेरिका के संघीय उड्डयन प्रशासन के प्रवक्ता इयान ग्रेगर ने बताया कि टक्कर में शामिल एक विमान सेसना-206 था। हालांकि अभी यह पता नहीं चला है कि जो विमान इससे टकराया था वह कौन सा एयरक्राफ्ट है।