अमेरिका के जॉर्जिया प्रांत में सीनेट की दो सीटों के लिए हो रहे चुनाव में जमकर धनबल का इस्तेमाल हो रहा है। रिपब्लिक व डेमोक्रेट दोनों दल करीब 50 करोड़ डॉलर यानी 3700 करोड़ रुपये महज प्रचार पर खर्च कर सकते हैं। इसके लिए समर्थक 500-500 डॉलर चुनाव कोष में दान कर रहे हैं, तो रईस नेता सैकड़ों करोड़ देकर प्रचार के लिए टीवी टाइम खरीद रहे हैं। यह सब इसलिए हो रहा है, क्योंकि यहां मिली जीत से ही 100 सदस्यों वाली अमेरिकी सीनेट में बहुमत तय होगा।
यहां रिपब्लिकन सीनेटर डेविड परडु व कैली लाफ्लर का मुकाबला डेमोक्रेट प्रत्याशियों जॉन ओसोफ व राफेल वरनोक से है। दो हफ्तों में दोनों दलों ने करीब 940 करोड़ रुपये का चुनाव फंड जमा किया है। वरनोक ने 3 नवंबर के बाद से अब तक करीब 300 करोड़ रुपये जुटाए तो रिपब्लिकन ने राष्ट्रपति चुनाव के अगले 6 दिनों में 250 करोड़। कांग्रेस की सबसे अमीर सदस्यों में शामिल कैली ने अपनी जेब से 170 करोड़ इस चुनाव पर खर्च किए हैं।
टीवी विज्ञापन दरों ने तोड़ा रिकॉर्ड
इस चुनाव की टीवी विज्ञापन दर भी रिकॉर्ड तोड़ रही है। एबीसी से जुड़े अटलांटा चैनल पर बृहस्पतिवार के प्राइम टाइम में चंद सेकंड के विज्ञापन के लिए 80 से 1.70 करोड़ रुपये तक खर्च करने पड़े हैं। 9 हफ्ते टीवी पर विज्ञापन चलाने के लिए ही करीब 1200 करोड़ रुपये के टीवी टाइम की बुकिंग हो चुकी है।