अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन ने सोमवार को वित्त मंत्री के पद के लिए जेनेट येलेन को और व्हाइट हाउस के शीर्ष पद ‘प्रबंधन एवं बजट कार्यालय’ निदेशक के रूप में भारतीय-अमेरिकी नीरा टंडन को नामित किया।
इसके साथ ही अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन ने अपनी उद्धाटन समिति घोषित कर दी है, जो शपथ ग्रहण समारोह से संबंधित इंतजामों को देखेगी। बता दें कि 20 जनवरी को जो बाइडन राष्ट्रपति और भारतीय मूल की कमला हैरिस उप-राष्ट्रपति के पद की शपथ लेंगे।
बाइडन ने अपनी राष्ट्रपति उद्घाटन समिति के सीईओ के तौर पर डेलावेयर राज्य विश्वविद्यालय के अध्यक्ष टॉनी एलेन को नामित किया है और उनके प्रचार के मुख्य संचालन अधिकारी माजू वर्गिज समूह के कार्यकारी निदेशक होंगे।
मुझे इस टीम पर गर्व: बाइडन
बाइडन ने कहा कि 'मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत गर्व हो रहा है कि मेरे पहले व्हाइट हाउस वरिष्ठ संचार दल में सभी महिलाएं हैं। ये योग्य, अनुभवी संप्रेषक काम में विविधता लाने और इस देश को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।' कमला हैरिस ने कहा कि अमेरिका कोरोना वायरस, आर्थिक संकट, जलवायु संकट और नस्लवाद के रूप में कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि 'इन चुनौतियों से निपटने के लिए हमें सच्चाई और पूरी पारदर्शिता के साथ अमेरिकी लोगों के साथ संवाद स्थापित करने की जरूरत है और तमाम बाधाओं को समाप्त करने वाला ह दल हमें यह करने में मदद करेगा।'