पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन को प्रोस्टेट कैंसर का पता चलने पर दुनियाभर के नेताओं ने उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की है। हालांकि कई लोगों का आरोप है कि जो बाइडन के कैंसर की बात को छिपाया गया और लोग इसके लिए उनकी पत्नी जिल बाइडन पर निशाना साध रहे हैं।
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के प्रोस्टेट कैंसर से पीड़ित होने और कैंसर के हड्डियों तक फैल जाने का पता चलने के बाद से दुनियाभर में इसकी चर्चा है। इस बीच जो बाइडन की पत्नी जिल बाइडन सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आ गए हैं। दरअसल यूजर्स का कहना है कि जो बाइडन को कई साल से कैंसर था, लेकिन जिल बाइडन ने इस बात को छिपाए रखा। यूजर्स ने सवाल किया कि जिल बाइडन एक डॉक्टर हैं, इसके बावजूद वे जो बाइडन में कैंसर के लक्षणों को क्यों नहीं पहचान पाईं?
विज्ञापन
ट्रंप के बेटे ने भी उठाए सवाल
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने जिल बाइडन पर सवाल उठाए हैं और पूछा कि वह कैसे कैंसर के लक्षणों को नहीं पहचान पाईं। जूनियर ने एक पोस्ट भी सोशल मीडिया पर साझा की, जिसमें बताया गया था कि प्रोस्टेट कैंसर के लक्षणों को पहचानना सबसे आसान है। पोस्ट में दावा किया गया है कि जिस तरह से जो बाइडन के प्रोस्टेट कैंसर को हड्डियों तक पहुंचा हुआ बताया गया है, उससे लगता है कि उन्हें कई साल पहले इसका पता चल गया होगा और उन्होंने राष्ट्रपति पद पर रहते हुए अमेरिकी लोगों से इसकी जानकारी छिपाई।
यूजर्स ने जिल बाइडन को बताया दुष्ट महिला
कई अन्य सोशल मीडिया यूजर्स ने भी जिल बाइडन को लेकर गंभीर आरोप लगाए। एक यूजर ने लिखा कि जिल बाइडन बिल्कुल भी अपने पति से प्यार नहीं करतीं और वह सिर्फ सत्ता की भूखी महिला हैं। एक अन्य यूजर ने लिखा कि अगर जिल बाइडन, जो बाइडन के कैंसर के लक्षणों को नहीं पहचान पाईं तो इसका मतलब ये है कि वे असली डॉक्टर ही नहीं हैं। कुछ लोगों ने कहा कि जिल बाइडन ने अपने फायदे के लिए दुनिया से जो बाइडन की बीमारी को छिपाए रखा।