West Asia Live Updates:खाड़ी देश अब एक ऐसी आग में झुलस रहे हैं, जिसे बुझाना नामुमकिन लग रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सीधी चेतावनी के बाद अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने लगातार छठी रात ईरान को बमों से पाट दिया है। यह हमला कितना भीषण है, इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि अमेरिकी मिसाइलों ने इस बार सिर्फ सैन्य ठिकाने नहीं, बल्कि ईरान की लाइफलाइन कहे जाने वाले पुलों, रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट को मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया है। रणनीतिक रूप से सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्ते 'होर्मुज जलडमरूमध्य' के पास भारी तबाही हुई है, जिससे ईरान के कई शहरों का आपस में संपर्क पूरी तरह टूट गया है। जवाब में बौखलाए ईरान ने भी अमेरिकी बेस वाले बहरीन और कुवैत पर मिसाइलें और ड्रोन दागकर भीषण पलटवार कर दिया है। क्या अब खाड़ी के रास्ते पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था ठप हो जाएगी? खाड़ी देशों में बढ़ते इस भारी तनाव के बीच पल-पल की जानकारी के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ...
विज्ञापन
पश्चिम एशिया में संघर्ष
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
अमेरिकी सेना ने चाबहार के निगरानी टावर को नष्ट करने का किया दावा
अमेरिकी सेना की मध्य कमान (सेंटकॉम) ने एक्स पर एक पोस्ट में दावा किया कि उसने चाबहार के शाहिद कालंतरी बंदरगाह पर बने निगरानी टावर को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया। यह टावर ईरान के ओमान की खाड़ी वाले तट पर बने समुद्री निगरानी नेटवर्क का हिस्सा था, जिसका इस्तेमाल दशकों से इस्लामी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों पर नजर रखने और उन्हें निशाना बनाने के लिए करता आ रहा था।
इस टावर के नष्ट होने से आईआरजीसी की निर्दोष आम नागरिकों (चालक दल के सदस्यों) पर हमले की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने की क्षमता सीधे तौर पर कम हो गई है। इसके अलावा, यह कार्रवाई क्षेत्र के जलक्षेत्र में सभी जहाजों के लिए आवाजाही की स्वतंत्रता को सुरक्षित करती है, सिवाय उन जहाजों के जो ईरान के खिलाफ अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
03:10 PM, 17-Jul-2026
ईरान के हमले से कुवैत के बिजली और पानी संयंत्र तबाह
कुवैत ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि ईरान ने उसके एक बिजली उत्पादन और समुद्री जल को पीने योग्य बनाने वाले (डिसैलिनेशन) संयंत्र पर हमला किया, जिससे स्टेशन को व्यापक नुकसान पहुंचा। कुवैत के बिजली, जल एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, हमले के बाद आग लग गई और बिजली उत्पादन की कई इकाइयों को क्षति पहुंची। मंत्रालय ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और नुकसान का आकलन करने के साथ-साथ संयंत्र को दोबारा चालू करने के प्रयास जारी हैं। कुवैत में करीब 90 प्रतिशत पेयजल समुद्री जल के डिसैलिनेशन से प्राप्त होता है, ऐसे में इस तरह का हमला देश की जल आपूर्ति और आवश्यक सेवाओं के लिए गंभीर चुनौती माना जा रहा है।
02:44 PM, 17-Jul-2026
बंदर अब्बास स्टेशन से ट्रेनों के परिचालन पर प्रतिबंध
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने होर्मोजगान प्रांत में रेलवे के एक महत्वपूर्ण बिंदु को हुए नुकसान के चलते बंदर अब्बास स्टेशन से यात्री ट्रेनों के परिचालन पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, होर्मोजगान रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को निर्देश दिया है कि वे पहले इंटरसिटी बस के जरिए फिन (Fin) स्टेशन पहुंचें और वहां से अपनी निर्धारित ट्रेनों में सवार हों। अधिकारियों का कहना है कि यह व्यवस्था यात्रियों की सुरक्षा और रेल परिचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए लागू की गई है।
ईरान ने पहली बार आधिकारिक तौर पर स्वीकार किया है कि उसके बिजली उत्पादन और वितरण से जुड़े बुनियादी ढांचे (पावर इंफ्रास्ट्रक्चर) पर हमले हुए हैं। इन हमलों के बाद सरकार ने देशवासियों से बिजली की खपत कम करने और ऊर्जा का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। अब तक ईरान सार्वजनिक रूप से ऐसे हमलों की पुष्टि करने से बचता रहा था, लेकिन ताजा बयान से संकेत मिलता है कि हालिया संघर्ष का असर अब देश के ऊर्जा तंत्र पर भी पड़ने लगा है। इससे बिजली आपूर्ति और आवश्यक सेवाओं पर दबाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
01:32 PM, 17-Jul-2026
बहरीन ने नागरिकों को दी सतर्क रहने की सलाह
बहरीन की सशस्त्र सेनाओं ने शुक्रवार को दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने ईरान की ओर से किए गए कई 'शत्रुतापूर्ण हवाई हमलों' को सफलतापूर्वक रोककर नष्ट कर दिया। सैन्य बयान में कहा गया कि ईरान ने नागरिकों को निशाना बनाकर कायराना हमला किया है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, हमले के बाद जमीन पर मिले किसी भी संदिग्ध या अज्ञात वस्तु के पास न जाएं और उसकी सूचना तुरंत संबंधित एजेंसियों को दें। जनरल कमांड ने कहा कि नागरिकों और निजी संपत्तियों को निशाना बनाने के लिए मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का स्पष्ट उल्लंघन है।
विज्ञापन
01:21 PM, 17-Jul-2026
होर्मुज से जहाजों की आवाजाही हुई बेहद कम
शिपिंग डेटा के अनुसार, गुरुवार को होर्मुज जलडमरूमध्य से केवल तीन कमोडिटी जहाज़ ही गुजरे, जो मई के बाद एक दिन में दर्ज की गई सबसे कम संख्या है। हाल के दिनों में जहाजों पर ईरानी हमलों और ईरान से जुड़े जहाज़ों पर अमेरिकी नाकेबंदी (ब्लॉकेड) दोबारा लागू होने के बाद अधिकांश जहाज या तो रुक गए या फिर बीच रास्ते से ही यू-टर्न लेकर लौट गए। शुक्रवार को 05:13 GMT पर केप्लर के आंकड़ों के मुताबिक, ईंधन तेल ले जा रहा प्रतिबंधित प्रोडक्ट टैंकर 'मीरान' और लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस लेकर चल रहा छोटा जहाज 'नोरिता' ईरानी मार्ग से जलडमरूमध्य पार कर बाहर तो निकले, लेकिन अमेरिकी नाकेबंदी वाले ओमान की खाड़ी क्षेत्र में पहुंचकर रुक गए। वहीं, LSEG के डेटा के अनुसार इराकी ईंधन तेल से लदा बंकरिंग टैंकर 'एरोलिया', जो समुद्र में दूसरे जहाजों को ईंधन उपलब्ध कराता है, शुक्रवार को खाड़ी से बाहर निकलने के कुछ ही घंटों बाद यू-टर्न लेकर फिर खाड़ी की ओर लौट गया।
12:44 PM, 17-Jul-2026
ओमान तट के पास टैंकर पर हमला, अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हुआ निशाना
ब्रिटेन की यूनाइटेड किंगडम मैरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) एजेंसी के अनुसार, गुरुवार को ओमान के खासाब से लगभग 19 समुद्री मील (करीब 35 किलोमीटर) पूर्व में समुद्र में यात्रा कर रहे एक तेल टैंकर पर किसी अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया। एजेंसी ने बताया कि हमले के बावजूद टैंकर के सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और इस घटना से समुद्री पर्यावरण को किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा है। मामले की निगरानी की जा रही है।
12:42 PM, 17-Jul-2026
सीजफायर के बाद अमेरिकी हमले में 38 ईरानियों की मौत, 400 से ज्यादा घायल
ईरान ने दावा किया है कि 22 जून को स्विट्जरलैंड में 60 दिनों की वार्ता के जरिए युद्ध समाप्त करने पर हुई बातचीत के बाद से अब तक अमेरिकी हमलों में 38 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 400 से अधिक लोग घायल हुए हैं। एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले सप्ताह संघर्षविराम (सीजफायर) पूरी तरह टूट गया और इसके बाद दोनों देशों के बीच जवाबी हमलों का सिलसिला लगातार जारी है। वहीं, तनाव के बीच होर्मुज़ जलडमरूमध्य अब भी समुद्री यातायात के लिए बंद बना हुआ है।
12:12 PM, 17-Jul-2026
अमेरिका-ईरान से युद्धविराम समझौते के पालन की अपील
चीन और पाकिस्तान ने अमेरिका तथा ईरान के बीच तनाव कम करने के लिए युद्धविराम का पूरी तरह पालन करने और जल्द से जल्द बातचीत बहाल करने की अपील की है। चीन के विदेश मंत्री वांग यी और पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने शंघाई में हुई बैठक के दौरान इस मुद्दे पर चर्चा की। चीन के विदेश मंत्रालय के अनुसार, वांग यी ने सभी पक्षों से युद्धविराम संबंधी समझौते (सीजफायर मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग) का सम्मान करने और अपने-अपने दायित्वों का पालन करने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता कायम रह सके।
11:52 AM, 17-Jul-2026
कुवैत और ओमान पर ईरान ने किया हमले का दावा
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसने अमेरिक के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के तहत कुवैत स्थित एक अमेरिकी सैन्य अड्डे पर हमला कर वहां लगे मिसाइल रक्षा रडार, कई अहम हथियार भंडार और दो HIMARS सतह से सतह पर मार करने वाले मिसाइल लॉन्चरों को निशाना बनाया। IRGC के अनुसार यह कार्रवाई अमेरिका द्वारा हाल में ईरान के नागरिक बुनियादी ढांचे, विशेष रूप से दूरसंचार और रेलवे नेटवर्क पर किए गए हमलों के जवाब में की गई। संगठन ने यह भी दावा किया कि अमेरिकी कार्रवाइयों के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल और गैस निर्यात लगभग पूरी तरह ठप हो गया है तथा उसकी जवाबी सैन्य कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। इसके अलावा IRGC ने दावा किया कि उसने ओमान के घनीम क्षेत्र में अमेरिकी हवाई निगरानी रडार और होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री निगरानी रडार को भी नष्ट कर दिया है। IRGC ने कहा कि यह हमला उसके जारी अभियानों की 13वीं लहर का हिस्सा है और होर्मुज जलडमरूमध्य पर उसकी नौसेना का नियंत्रण बना हुआ है।
11:19 AM, 17-Jul-2026
जॉर्डन ने तीन ईरानी मिसाइलें मार गिराने का दावा
जॉर्डन की सेना ने दावा किया है कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने देश की ओर आ रही तीन ईरानी मिसाइलों को सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर मार गिराया। सेना के अनुसार, इस घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। जॉर्डन की रॉयल इंजीनियरिंग कॉर्प्स की टीमों ने मिसाइलों के मलबे और गिरे हुए धातु के टुकड़ों को सुरक्षित तरीके से हटाने का काम किया।
10:33 AM, 17-Jul-2026
ईरान ने सीरिया में अमेरिकी सैन्य अड्डे को बनाया निशाना
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने दावा किया है कि उसने सीरिया के अल-तनफ सैन्य अड्डे पर स्थित अमेरिकी विशेष अभियान कमांड सेंटर पर हमला किया है। तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार, आईआरजीसी ने कहा कि यह कार्रवाई ईरान के ईरानशहर में ईरानी सैनिकों की हत्या के जवाब में की गई है। आईआरजीसी ने यह भी दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर उसका पूरा नियंत्रण बना हुआ है और जब तक अमेरिका के नए हमले जारी रहेंगे, तब तक इस रणनीतिक जलमार्ग से तेल और गैस का कोई निर्यात नहीं होने दिया जाएगा।
10:31 AM, 17-Jul-2026
जेडी वेंस ने कुशनर-विटकॉफ पर लगे आरोपों को बताया 'पूरी तरह झूठा'
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने व्हाइट हाउस के वरिष्ठ सलाहकार जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ पर ईरान वार्ता के दौरान वित्तीय लाभ उठाने के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि ये दावे पूरी तरह झूठे हैं और दोनों राष्ट्रपति की टीम के भरोसेमंद सदस्य हैं। वेंस ने कहा कि अंदरूनी जानकारी का इस्तेमाल कर लाभ कमाने का आरोप 'बेतुका' है। उनका यह बयान उस रिपोर्ट के बाद आया, जिसमें दावा किया गया था कि ईरान ने स्विट्जरलैंड में हुई वार्ता के दौरान वेंस को संदेश भेजकर कुशनर और विटकॉफ पर अपनी भूमिका का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया था। वेंस ने स्पष्ट किया कि उन्हें ऐसा कोई संदेश कभी नहीं मिला और दोनों नेताओं ने क्षेत्र में शांति और समृद्धि के लिए सबसे अधिक प्रयास किए हैं। यह बयान ऐसे समय आया है जब कुछ घंटे पहले ही वेंस ने इज़राइल सरकार के कुछ सदस्यों पर अमेरिकी शांति प्रयासों को प्रभावित करने की कोशिश का आरोप लगाया था।
10:31 AM, 17-Jul-2026
उत्तरी इराक के सुलैमानीया में धमाकों से दहशत
उत्तरी इराक के कुर्द क्षेत्र के शहर सुलैमानीया में शुक्रवार को चार तेज धमाकों की आवाजें सुनाई देने की खबर है। कुर्द समाचार मंच रुडाव के अनुसार, शहर में लगातार हुए इन विस्फोटों के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल धमाकों के कारण, संभावित नुकसान या किसी के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं, जबकि अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
09:43 AM, 17-Jul-2026
कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन से हमले का दावा
ईरानी सेना ने दावा किया है कि उसने कुवैत में मौजूद अमेरिकी सैन्य तैनाती वाले ठिकानों और लॉजिस्टिक सपोर्ट सेंटरों को ड्रोन हमलों का निशाना बनाया है। सरकारी समाचार एजेंसी फार्स के अनुसार, सेना ने अपने बयान में कहा कि वह अपने इतिहास, जनसमर्थन, अनुभव और युद्धक तैयारी के दम पर किसी भी दबाव या खतरे का पूरी सतर्कता और मजबूती से सामना करने के लिए तैयार है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और अमेरिका या कुवैत की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
09:09 AM, 17-Jul-2026
अमेरिका ने होर्मुज में रोके तीन जहाज
यूएस सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि ईरान के खिलाफ लागू अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी के तहत नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे तीन कमर्शियल जहाजों को रोका गया। इनमें एक जहाज को निष्क्रिय कर दिया गया, दूसरे पर अमेरिकी सैनिकों ने सत्यापन के लिए बोर्डिंग की, जबकि तीसरे का रास्ता बदल दिया गया। 16 जुलाई को अमेरिकी मरीन की 11वीं मरीन एक्सपीडिशनरी यूनिट ने एम/टी वेन याओ टैंकर पर बोर्डिंग अभियान चलाया और ईरानी बंदरगाहों की ओर आने-जाने वाले समुद्री यातायात पर कार्रवाई फिर से शुरू कर दी। अमेरिकी सेना का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह खुला और सुरक्षित है, लेकिन केवल वे जहाज रोके जा रहे हैं जो अमेरिका की 'स्टील वॉल ब्लॉकेड' का उल्लंघन करने की कोशिश कर रहे हैं। सेंटकॉम ने दावा किया कि चेतावनियों की अनदेखी करने वाले कुराकाओ के झंडे वाले एम/टी बेल्मा टैंकर को हेलफायर मिसाइल से निष्क्रिय कर दिया गया, जिससे वह ईरान के खार्ग द्वीप की ओर नहीं बढ़ सका।
09:03 AM, 17-Jul-2026
होरमुजगान में पांच पुलों पर अमेरिकी हवाई हमलों का दावा
ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी फार्स ने होरमुजगान प्रांत के गवर्नरेट के हवाले से दावा किया है कि अमेरिकी हवाई हमलों में दक्षिणी होरमुजगान प्रांत के पांच पुलों को निशाना बनाया गया। इनमें बंदर अब्बास को खमीर और लार से जोड़ने वाला गरीवेह पुल, लतीदान गांव के पास का एक पुल, काहूरेस्तान–लार मार्ग पर स्थित दो पुल, बंदर-ए-खमीर, केशार और बंदर अब्बास को जोड़ने वाला निर्माणाधीन पुल तथा खमीर जिले के मारू गांव का एक पुल शामिल है। गवर्नरेट ने लोगों से इन मार्गों और आसपास के इलाकों में यात्रा करने से बचने की अपील की है, ताकि राहत और बचाव दल बिना किसी बाधा के प्रभावित स्थानों तक पहुंच सकें।
09:00 AM, 17-Jul-2026
ईरान के हमले में मलबा गिरने से बच्चा घायल
कतर के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि देश की सशस्त्र सेनाएं फिलहाल कई हवाई हमलों को इंटरसेप्ट (बीच रास्ते में नष्ट) करने की कार्रवाई में जुटी हुई हैं और वायु रक्षा प्रणाली पूरी तरह सक्रिय है। वहीं, कतर के गृह मंत्रालय ने पुष्टि की है कि शुक्रवार सुबह ईरानी हमले के दौरान इंटरसेप्शन ऑपरेशन में गिरे मिसाइल के मलबे (श्रैपनेल) से एक बच्चा घायल हो गया, जिसे आवश्यक चिकित्सा उपचार दिया जा रहा है। मंत्रालय ने लोगों से केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी लेने और अफवाहों या अपुष्ट फोटो-वीडियो साझा करने से बचने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि गलत या अपुष्ट जानकारी फैलाने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है। गृह मंत्रालय ने यह भी कहा कि उसकी विशेष सुरक्षा एजेंसियां चौबीसों घंटे पूरी सतर्कता के साथ काम कर रही हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके, लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित रहे और सभी आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहें।
07:56 AM, 17-Jul-2026
पश्चिम एशिया में 50,000 से अधिक अमेरिकी सैनिक तैनात
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने बताया कि अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ एक और बड़े सैन्य अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। इस अभियान में लड़ाकू विमान, ड्रोन और युद्धपोतों की मदद से सटीक हमले किए गए, जिनमें ईरान के तटीय निगरानी केंद्र, वायु रक्षा ठिकाने, सैन्य लॉजिस्टिक्स ढांचा और समुद्री सैन्य क्षमताओं से जुड़े दर्जनों ठिकानों को निशाना बनाया गया। सेंटकॉम के अनुसार, यह लगातार छठी रात है जब अमेरिका ने ईरान पर सैन्य हमले किए हैं। बयान में कहा गया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर ईरान की सैन्य क्षमता को लगातार कमजोर किया जा रहा है और हाल में वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों के लिए उसे जवाबदेह ठहराया जा रहा है। सेंटकॉम ने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया में 50,000 से अधिक अमेरिकी सैनिक तैनात हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क और तैयार हैं।
07:46 AM, 17-Jul-2026
पश्चिमी एशिया संकट का असर, तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी
अमेरिका और ईरान दोनों की ओर से हुए हमलों की एक और रात के बाद तेल की कीमतों में लगातार वृद्धि जारी है। ब्रेंट क्रूड वायदा में 1 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई और यह 85 डॉलर प्रति बैरल से अधिक पर पहुंच गया, वहीं अमेरिकी तेल वायदा भी बढ़कर लगभग 80 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जिससे पिछले सत्र के नुकसान की भरपाई हो गई। दोनों बेंचमार्क अनुबंधों में इस सप्ताह लगभग 12 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जिसमें ब्रेंट लगातार तीसरे सप्ताह लाभ की ओर अग्रसर है, और डब्ल्यूटीआई दूसरे सप्ताह लाभ की ओर अग्रसर है। एशिया के कुछ शेयर बाजार शुक्रवार सुबह गिरावट के साथ खुले, जापान का बेंचमार्क निक्केई 225 सूचकांक 3 प्रतिशत से अधिक गिर गया।
06:59 AM, 17-Jul-2026
ईरान ने कुवैत और बहरीन को बनाया निशाना
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी के बाद पश्चिम एशिया में तनाव सातवें आसमान पर पहुंच चुका है। अमेरिका द्वारा लगातार छठी रात की गई भीषण बमबारी के जवाब में ईरान ने अमेरिकी सैन्य ठिकानों वाले बहरीन और कुवैत पर मिसाइलें और घातक ड्रोन दागकर भयंकर पलटवार किया है। इस जवाबी कार्रवाई से पूरे खाड़ी क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
04:42 AM, 17-Jul-2026
होर्मोजगान प्रांत पर अमेरिकी हमला, दो लोगों की मौत, आठ घायल
ईरान के दक्षिणी होर्मोजगान प्रांत पर हुए अमेरिकी हमलों में दो लोगों की मौत हो गई है और आठ अन्य घायल हुए हैं। ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी के मुताबिक, यह हमले बंदर अब्बास के एक रिहायशी इलाके और केहवरस्तान ब्रिज पर हुए हैं। ईरान के सरकारी प्रसारक (आईआरआईबी) ने दावा किया है कि इस हमले के लिए कुवैत से जमीन से जमीन पर मार करने वाली 'हिमार्स' मिसाइलें दागी गईं। अमेरिकी सेना की ओर से यह कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव बढ़ने और लगातार पांच रातों से जारी सैन्य अभियानों के तहत की गई है।
04:40 AM, 17-Jul-2026
होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान का नियंत्रण नहीं: अमेरिकी रक्षा मंत्री
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने दावा किया है कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान का कोई नियंत्रण नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अमेरिकी सैनिकों की ओर से एक जहाज पर कब्जा करने की तस्वीरें भी साझा की हैं। यह कार्रवाई ईरान के खिलाफ अमेरिकी सेना की नाकाबंदी का हिस्सा है। अमेरिकी सुरक्षा बलों ने नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे तीन व्यापारिक जहाजों का रास्ता भी बदला है। अमेरिकी सरकार का कहना है कि वे इस समुद्री रास्ते पर जहाजों की सुरक्षा और अपनी पकड़ को मजबूत बनाए रखेंगे।
03:07 AM, 17-Jul-2026
बंदर अब्बास पर अमेरिकी हमला, रेलवे सबस्टेशन पर बमबारी में दो लोग घायल
ईरान के दक्षिणी बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में अमेरिका द्वारा किए गए हवाई हमले में दो लोग घायल हो गए हैं; ईरानी सरकारी टीवी के अनुसार, अमेरिकी सेना के 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' के तहत किए गए इस हमले में वहां के एक रेलवे सबस्टेशन को निशाना बनाया गया।
01:08 AM, 17-Jul-2026
पश्चिम एशिया तनाव से जुड़ी आज की बड़ी बातें
अस्पताल के पास हमला: ईरान ने अमेरिका पर बेहद 'बर्बर हमले' का आरोप लगाया है, जिसके तहत दक्षिण-पश्चिमी ईरान में एक कैंसर अस्पताल के पास हुए भारी हवाई हमलों के कारण वहां से 200 से अधिक मरीजों को आनन-फानन में बाहर निकालना पड़ा।
कुवैत और बहरीन पर ड्रोन अटैक: कुवैती सेना ने दावा किया है कि वह ईरान की तरफ से हुए नए ड्रोन हमलों का जवाब दे रही है, जबकि बहरीन ने भी ईरान के ड्रोन हमलों को नाकाम करने की बात कही है।
बंदर अब्बास और केश्म द्वीप पर मिसाइल हमला: ईरानी न्यूज एजेंसी फार्स के मुताबिक, अमेरिकी मिसाइलें ईरान के बंदर अब्बास के पास गिरी हैं, वहीं मेहर न्यूज एजेंसी ने केश्म द्वीप के पास भी अमेरिकी प्रोजेक्टाइल गिरने की पुष्टि की है।
जेडी वेंस का बड़ा आरोप: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इस्राइल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह उन अभियानों को फंडिंग दे रहा है जो जंग खत्म करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत को बिगाड़ना चाहते हैं।
वेस्ट बैंक में हमला: फिलिस्तीनी रेड क्रेसेंट सोसाइटी के अनुसार, कब्जे वाले वेस्ट बैंक में इस्राइली प्रवासियों के हमले में तीन फिलिस्तीनी घायल हो गए हैं।
गाजा में इस्राइली हमला: इस्राइल द्वारा लगभग रोज सीजफायर का उल्लंघन किए जाने के बीच, गाजा पट्टी में हुए ताजा हमलों में कम से कम पांच फिलिस्तीनियों की मौत हो गई है।
01:07 AM, 17-Jul-2026
अमेरिका का ईरान पर छठा बड़ा प्रहार, सैन्य ताकत को कुचलने के लिए शुरू किया नए दौर का हमला
अमेरिका और ईरान के बीच छिड़ी जंग अब पूरी तरह से बेकाबू हो चुकी है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि अमेरिकी सेना ने ईस्टर्न टाइम के अनुसार दोपहर दो बजे ईरान पर छठे दौर के विनाशकारी हवाई हमले शुरू कर दिए हैं। सेंट्रल कमांड के मुताबिक, इस ताजा सैन्य कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य उन ईरानी सैन्य क्षमताओं और ठिकानों को पूरी तरह से तबाह करना है, जिनका इस्तेमाल खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ाने के लिए किया जा रहा है। दोनों महाशक्तियों के बीच लगातार हो रही इस ताबड़तोड़ बमबारी से पूरे मिडिल ईस्ट में महायुद्ध का खतरा मंडराने लगा है।
12:57 AM, 17-Jul-2026
बगदाद में अमेरिकी दूतावास ने जारी किया बड़ा अलर्ट, नागरिकों से कहा-तुरंत छोड़ें इराक
इराक के इरबिल में हुए भीषण ड्रोन हमले के बाद बगदाद में अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए एक बड़ा सिक्योरिटी अलर्ट जारी किया है। दूतावास ने सोशल मीडिया पर सख्त चेतावनी पोस्ट करते हुए अमेरिकी नागरिकों को साफ तौर पर इराक की यात्रा न करने की सलाह दी है। दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि आतंकवाद, अपहरण, सशस्त्र संघर्ष और गृहयुद्ध के खतरों के कारण अमेरिकी नागरिक किसी भी सूरत में इराक न जाएं, क्योंकि वहां मौजूदा हालातों में अमेरिकी सरकार के लिए आपातकालीन सेवाएं दे पाना बेहद सीमित है।
12:56 AM, 17-Jul-2026
ईरान के अहवाज शहर में भीषण धमाके, खुजेस्तान प्रांत के डिप्टी गवर्नर ने की पुष्टि
ईरान के दक्षिणी शहर अहवाज में तेज धमाकों की खबर आ रही है। ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी ने खुजेस्तान प्रांत के डिप्टी गवर्नर के हवाले से बताया कि शहर में तेज धमाके सुने गए हैं। हालांकि, ये धमाके किस वजह से हुए हैं और इससे कितना नुकसान हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। अमेरिकी हमलों और दोनों देशों के बीच जारी भारी गोलाबारी के बीच हुए इन धमाकों के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
12:41 AM, 17-Jul-2026
दुबई में धमाकों की खबर पर आया प्रशासन का बयान, कहा- अफवाहों पर न दें ध्यान
संयुक्त अरब अमीरात के डाउनटाउन दुबई में तेज आवाजें सुने जाने के चश्मदीदों के दावों को स्थानीय प्रशासन ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है। दुबई मीडिया ऑफिस ने एक आधिकारिक बयान जारी कर साफ किया है कि डाउनटाउन दुबई में किसी भी तरह के धमाके की खबर पूरी तरह निराधार और गलत है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और प्रशासन ने लोगों
12:38 AM, 17-Jul-2026
West Asia LIVE: अमेरिकी सेना ने चाबहार के निगरानी टावर को बनाया निशाना; होर्मुज से जहाजों की आवाजाही बेहद कम
अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव अब भीषण जंग में बदलता दिख रहा है। अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य के बेहद करीब स्थित ईरान के रणनीतिक द्वीप केश्म के आसपास के इलाकों पर भीषण मिसाइल हमले किए हैं। ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान की फार्स और तस्नीम न्यूज एजेंसियों ने स्थानीय अधिकारियों के हवाले से पुष्टि की है कि अमेरिकी सेना ने केश्म के पास कई मिसाइलें और प्रोजेक्टाइल दागे हैं। दोनों देशों के बीच तेजी से बिगड़ते हालात ने खाड़ी क्षेत्र में बड़े संकट की आशंका बढ़ा दी है।