US: अमेरिका ने कहा है कि उसने ईरान के साथ संघर्षविराम बढ़ाने के लिए कोई औपचारिक अनुरोध नहीं किया है, जबकि बातचीत अभी भी जारी है और दोनों पक्ष संपर्क में हैं। व्हाइट हाउस ने कहा कि वार्ता से समझौते की उम्मीद बनी हुई है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव ने क्या कहा, पढ़िए रिपोर्ट-
अमेरिका ने बुधवार को कहा कि उसने ईरान के साथ अस्थायी संघर्ष विराम को आगे बढ़ाने के लिए कोई औपचारिक अनुरोध नहीं किया है। सात अप्रैल को घोषित यह संघर्ष विराम अगले मंगलवार को समाप्त होने वाला है।
विज्ञापन
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव ने क्या कहा?
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा, आज सुबह कुछ गलत खबरें आईं कि हमने संघर्ष विराम बढ़ाने के लिए औपचारिक अनुरोध किया है। यह इस समय सच नहीं है। हम इन वार्ताओं में पूरी तरह से जुड़े हुए हैं। आपने इस हफ्ते उपराष्ट्रपति (जेडी वेंस) और राष्ट्रपति (डोनाल्ड ट्रंप) से सुना है कि यह बातचीत परिणाम दे रही है और जारी है और अभी हम उसी स्थिति में हैं। हमें समझौता होने की उम्मीद नजर आ रही है। राष्ट्रपति ने कल अपने इंटरव्यू में भी इसका जिक्र किया था। ईरान के हित में है कि वह राष्ट्रपति (ट्रंप) की मांगों को माने। मेरा मानना है कि उन्होंने इन वार्ताओं में दूसरे पक्ष के सामने अपनी शर्तें स्पष्ट कर दी हैं। हम आगे देखेंगे कि बातचीत किस दिशा में जाती है।
जब उनसे पूछा गया कि अगली शांति वार्ता कहां होगी, तो लेविट ने कहा, बहुत संभव है कि अगली बैठक वहीं होगी जहां पिछली बार हुई थी। पाकिस्तान इस बातचीत में एकमात्र मध्यस्थ है, जबकि दुनिया के कई देश मदद की पेशकश कर रहे हैं। राष्ट्रपति का मानना है कि इस संवाद को पाकिस्तान के माध्यम से ही आगे बढ़ाना अहम है और इसलिए यह प्रक्रिया जारी है।