नेपाल को सोमवार को अमेरिका से जॉनसन एंड जॉनसन टीके की 15 लाख से अधिक खुराक मिली। नेपाल को टीके की ये खुराकें उस समय मिली है जब देश इस समय टीकों की गंभीर कमी का सामना कर रहा है।
नेपाल में कोरोना टीकों की गंभीर कमी के चलते अमेरिका ने मदद का हाथ बढाया है। अमेरिका ने कोवाक्स योजना के जरिये नेपाल को 15,34,850 खुराक प्रदान की। अमेरिकी राजदूत रैंडी बेरी ने सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री कृष्ण गोपाल श्रेष्ठ को टीके सौंपे।
बेरी ने नेपाल को टीके सौंपने के बाद ट्वीट कर बताया कि आज हम नेपाल को कोवाक्स के माध्यम से पर्याप्त जेएनजे कोविड-19 टीके दे रहे हैं, जिससे 15 लाख लोगों को पूरी तरह से टीका लगाया जा सके। मुझे गर्व है कि अमेरिका नेपाल को कोविड-19 सहायता देने वाला एकमात्र सबसे बड़ा देश है।
अमेरिकी लोगों की ओर से इस उपहार का उद्देश्य जीवन बचाना है। प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली ने टीके प्रदान करने के लिए अमेरिकी सरकार का नेपाल सरकार और लोगों की ओर से आभार व्यक्त किया।
महाराष्ट्र को हर महीने तीन करोड़ टीकों की जरूरत : टोपे
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने सोमवार को कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए राज्यों को प्रतिमाह कम से कम तीन करोड़ खुराकों की जरूरत है ताकि पात्र आबादी का जल्द से जल्द टीकाकरण हो सके।
टोपे ने कहा कि राज्य की प्रतिदिन 15 लाख लोगों के टीकाकरण की क्षमता है लेकिन टीकों की कमी के कारण अभी एक दिन में केवल दो या तीन लाख लोगों को ही टीका लग पा रहा है। टोपे ने बताया कि तीन दिन पहले, हमें टीके की सात लाख खुराक मिलीं। जो सोमवार को ही खप जाएंगी।
अब तक हमें टीके की 3.60 करोड़ से अधिक खुराक मिली हैं जिनमें से करीब 25 लाख खुराक की राज्य सरकार ने सीधी खरीद की है।आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक रविवार तक राज्य में टीके की कुल 3,65,25,990 खुराक की खपत हुई।